उत्तर भारत में मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। खासकर सुबह और शाम के समय हल्की ठंड रहती है। कुछ ही समय में सर्दियां भी शुरू हो जाएंगी। जहां कुछ पौधों के लिए ठंड का मौसम बेहतर माना जाता है, तो वहीं कुछ पौधे ऐसे भी हैं जिन्हें विशेष ध्यान देने की जरूरत पड़ती है। थोड़ी सी लापरवाही के चलते ये पौधे मुरझा या सूख सकते हैं। दरअसल, तापमान में गिरावट, ठंडी हवाओं और धूप की कमी का असर इन पौधों की सेहत पर पड़ता है। इस मौसम में पौधों की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, उनका विकास धीमा हो जाता है और कई बार वे मुरझाए हुए नजर आने लगते हैं। तुलसी, मनी प्लांट और गुड़हल जैसे पौधों की ठंड के मौसम में विशेष ध्यान रखना पड़ता है।
1- तुलसी के पौधे की देखभाल
हिन्दू धर्म में तुलसी का पौधा पूजनीय है। इस पौधे का धार्मिक और औषधीय दोनों ही महत्व है। तुलसी के पौधे को गर्म और अनुकूल मौसम पसंद है। सर्दियों में तापमान बहुत कम होने पर इसकी पत्तियां काली पड़ सकती हैं, किनारे सूख सकते हैं और पौधे की बढ़त रुक सकती है।
देखभाल का तरीका
तुलसी के गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना लगभग 4-5 घंटे की धूप मिल सके, खासकर सुबह की हल्की धूप। रात में तापमान बहुत गिरने पर गमले को किसी सुरक्षित, छत वाले स्थान पर रख दें। पौधे को ठंडी हवा के सीधे संपर्क में न आने दें। वहीं, सर्दियों में मिट्टी देर से सूखती है, इसलिए ऊपरी परत जब सूखी लगे तभी पानी दें।
2- मनी प्लांट की देखभाल
मनी प्लांट घर के अंदर लगाया जाने वाला पौधा है। लेकिन सर्दियों में बहुत ठंड, ठंडी हवा और जरूरत से ज्यादा पानी मिलने पर इसकी पत्तियां पिली पड़ सकती हैं। यहां तक कि कई बार पौधा भी सूख जाता है।
इस तरह करें देखभाल
मनी प्लांट के गमले को खिड़की या बालकनी में ऐसी जगह न रखें, जहां रातभर वह ठंडी हवा के संपर्क में रहे। मनी प्लांट को तेज, लेकिन अप्रत्यक्ष रोशनी वाली जगह पर रखें। सर्दियों में इसे खिड़कियों के पास रखा जा सकता है। हालांकि, वहां रोशनी आती हो। पानी भी मिट्टी सूखने पर दें और पत्तियों पर जमी धूल को मुलायम कपड़े से साफ करते रहें।
3- गुड़हल के पौधे की देखभाल
गुड़हल का पौधा अपने खूबसूरत और बड़े फूलों के लिए जाना जाता है। लेकिन सर्दियों के मौसम में यह मुरझा सकता है और इसकी बढ़त धीमी हो सकती है। दरअसल, इस पौधे को धूप पसंद है और बहुत कम तापमान या पाला पड़ने पर इसकी पत्तियां पीली पड़ सकती हैं और कलियां झड़ सकती हैं।
देखभाल का तरीका
गुड़हल के गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना लगभग 4-6 घंटे धूप मिल सके। खासकर सुबह के वक्त इसे धूप मिलनी चाहिए। अगर तापमान बहुत कम हो जाए, तो गमले को किसी सुरक्षित जगह पर रख दें। इसमें पानी तभी दें, जब मिट्टी की ऊपरी परत हल्की सूखी लगे। ठंड के मौसम में पौधे में ज्यादा खाद भी नहीं डालनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पौधे में सही खाद, रोशनी और उसकी देखभाल में किसी भी बदलाव को अपनाने से पहले कृषि या बागवानी विशेषज्ञ से संपर्क जरूर करें।
यह भी पढ़ें
गुलबहार के पौधे में चाहिए ढेरों फूल, तो इस तरह करें देखभाल
