स्किनकेयर की दुनिया में आए दिन नए-नए प्रोडक्ट्स देखने को मिलते रहते हैं। आजकल 24K गोल्ड सीरम का नाम खूब चर्चा में है। सोने जैसे चमकते छोटे-छोटे कणों वाले इस सीरम के कई बेनिफिट्स बताए जा रहे हैं। इसे ग्लो, हाइड्रेशन और एंटी-एजिंग जैसे फायदों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, सिर्फ नाम में 24K गोल्ड होने का मतलब यह नहीं कि यह हर किसी की त्वचा पर एक जैसा असर करेगा। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि 24K गोल्ड सीरम क्या होता है, इसमें कौन-कौन से इंग्रीडिएंट्स हो सकते हैं और इसे चेहरे पर लगाने का सही तरीका क्या है।
क्या होता है 24K गोल्ड सीरम?
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कॉस्मेटिक डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आकृति गुप्ता बताती हैं कि 24K गोल्ड सीरम में शुद्ध सोने के कण शामिल होते हैं। स्किनकेयर में सोने का इस्तेमाल सदियों से किया जाता रहा है। प्राचीन सभ्यताओं, खासकर मिस्र में भी इसका उपयोग किया जाता था।
ऐसे सीरम में सिर्फ गोल्ड पार्टिकल्स ही नहीं होते, बल्कि इसके साथ हयालूरोनिक एसिड, विटामिन C और E, पेप्टाइड्स, बॉटनिकल एक्सट्रैक्ट्स और त्वचा को हाइड्रेट रखने वाले अन्य इंग्रीडिएंट्स भी शामिल हो सकते हैं। यही वजह है कि अलग-अलग ब्रांड के 24K गोल्ड सीरम के फायदे और फॉर्मूले अलग हो सकते हैं।
त्वचा के लिए 24K गोल्ड सीरम के संभावित फायदे
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में स्किन एक्सपर्ट और कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. जतिन मित्तल ने 24K गोल्ड सीरम से मिलने वाले कुछ संभावित फायदों के बारे में बताया।
सूजन और लालिमा को शांत करने में मदद
डॉ. मित्तल के अनुसार, गोल्ड में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण हो सकते हैं, जो त्वचा की सूजन और लालिमा को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे त्वचा को शांत महसूस कराने में भी सहायता मिल सकती है।
बढ़ती उम्र के निशानों पर काम
उम्र बढ़ने के साथ त्वचा की इलास्टिसिटी कम होने लगती है, जिससे फाइन लाइंस और झुर्रियां नजर आने लगती हैं। डॉ. मित्तल के मुताबिक, गोल्ड पार्टिकल्स कोलेजन प्रोडक्शन को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। कोलेजन त्वचा की इलास्टिसिटी बनाए रखने के लिए जरूरी होता है।
इसके अलावा, यह ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर करने में भी मदद कर सकता है, जिससे सेल रीजेनरेशन को सपोर्ट मिल सकता है और त्वचा अधिक फ्रेश व ग्लोइंग नजर आ सकती है।
त्वचा को मिल सकता है हाइड्रेशन
कई 24K गोल्ड सीरम में हयालूरोनिक एसिड होता है। यह एक शक्तिशाली ह्यूमेक्टेंट है, जो त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करता है। इससे त्वचा प्लंप और हाइड्रेटेड नजर आ सकती है।
चेहरे पर ग्लो और ब्राइटनेस
सीरम में मौजूद गोल्ड के रिफ्लेक्टिव पार्टिकल्स त्वचा को तुरंत चमकदार दिखा सकते हैं। वहीं, अगर सीरम में विटामिन C जैसे इंग्रीडिएंट्स मौजूद हैं, तो वे समय के साथ हाइपरपिग्मेंटेशन और डार्क स्पॉट्स को कम करने में मदद कर सकते हैं।
एंटीऑक्सीडेंट सपोर्ट
डॉ. मित्तल के अनुसार, गोल्ड में एंटीऑक्सीडेंट गुण भी हो सकते हैं, जो त्वचा को पर्यावरण से होने वाले नुकसान और फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकते हैं। फ्री रेडिकल्स त्वचा की समय से पहले एजिंग में हेल्प कर सकते हैं।
24K गोल्ड सीरम लगाने का सही तरीका
डॉ. आकृति गुप्ता के अनुसार, इसे लगाने का तरीका किसी दूसरे फेस सीरम की तरह ही है।
सबसे पहले चेहरा साफ करें
सीरम लगाने से पहले चेहरे को अच्छी तरह क्लेंज़ करें, ताकि त्वचा पर जमा गंदगी और अतिरिक्त तेल हट जाए।
टोनर लगाएं
चेहरा साफ करने के बाद टोनर का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह त्वचा को स्किनकेयर के अगले स्टेप के लिए तैयार करने में मदद करता है।
अब लगाएं गोल्ड सीरम
24K गोल्ड सीरम की कुछ बूंदें चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इसके बाद हल्के हाथों से ऊपर और बाहर की दिशा में मसाज करें।
मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं
सीरम के बाद मॉइश्चराइजर लगाएं, ताकि त्वचा की नमी बनी रहे।
दिन में इस्तेमाल कर रहे हैं तो सनस्क्रीन न भूलें
अगर आप सुबह या दिन के समय सीरम लगा रहे हैं, तो आखिर में सनस्क्रीन जरूर लगाएं। यह त्वचा को UV किरणों से बचाने के लिए जरूरी है।
इस्तेमाल से पहले इन बातों का रखें ध्यान
डॉ. जतिन मित्तल की सलाह है कि किसी भी नए स्किनकेयर प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें, खासकर जब उसमें गोल्ड जैसे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स मौजूद हों। इससे एलर्जी या त्वचा की संवेदनशीलता का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
वह कहते हैं कि बेहतर परिणाम के लिए इसे नियमित रूप से अपनी स्किनकेयर रूटीन का हिस्सा बनाया जा सकता है। साथ ही सीरम को उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ठंडी और सूखी जगह पर स्टोर करना चाहिए।
डॉ. आकृति गुप्ता के अनुसार, 24K गोल्ड सीरम उन लोगों के लिए स्किनकेयर रूटीन में एक विकल्प हो सकता है, जो बढ़ती उम्र के निशानों पर काम करने के साथ त्वचा को हाइड्रेटेड और ग्लोइंग बनाए रखना चाहते हैं।
हालांकि, किसी भी सीरम को खरीदने से पहले उसके इंग्रीडिएंट्स जरूर जांचें, क्योंकि अक्सर इसके फायदे सिर्फ गोल्ड से नहीं, बल्कि उसमें मौजूद हयालूरोनिक एसिड, विटामिन C, पेप्टाइड्स और दूसरे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स से भी जुड़े हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख पब्लिक डोमेन और एक्सपर्ट्स से मिली जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी नए स्किनकेयर प्रोडक्ट या रूटीन को अपनाने से पहले अपनी त्वचा की जरूरत और संवेदनशीलता को ध्यान में रखें। जरूरत पड़ने पर त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
