Curry Leaf Plant Care Tips: दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक करी पत्ते का इस्तेमाल काफी ज्यादा किया जाता है। कढ़ी, दाल, सांभर, ढोकला, तड़का, उपमा, पोहा और कई तरह की डिशेज का स्वाद दोगुना कर सकता है। यही वजह है कि ज्यादातर लोग इसे घरों में लगाना पसंद करते हैं। ताकि खाने में ताजे और खुशबूदार करी पत्ते उपयोग किए जा सकें। हालांकि कई बार ऐसा होता है कि नर्सरी से खरीदा गया पौधा लग तो जाता है, लेकिन वह डंडी की तरह ऊपर की तरफ बढ़ने लगता है। ऐसे में पौधे को घना और हरा-भरा बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।
अगर आपके बगीचे, बालकनी या गमले में लगा करी पत्ते का पौधा डंडी की तरह लंबाई में बढ़ रहा है, तो कुछ आसान तरीके काम आ सकते हैं। जिनकी मदद से पौधे को स्वस्थ और घना बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं उन तरीकों के बारे में जो पौधे की देखभाल के लिए अपनाए जा सकते हैं।
पिंचिंग या प्रूनिंग से मिलेगी मदद
पिंचिंग या प्रूनिंग की मदद से पौधे को घना बनाया जा सकता है। पिंचिंग में पौधे के सबसे ऊपरी मुलायम हिस्से को उंगलियों की मदद से तोड़ा जाता है। वहीं प्रूनिंग में कैंची या कटर की मदद से पौधे की पुरानी, सूखी या खराब शाखाएं काट दी जाती हैं। जिससे पौधे की डंडी में नई शाखाएं निकल सकती हैं। अगर करी पत्ते का पौधा डंडी की तरह बढ़ रहा है, तो उसे घना बनाने के लिए ऊपर की टिप यानी शाखा को कटर से काट दें। इससे उस जगह कई सारी नई शाखाएं निकल सकती हैं।
खाद के लिए खट्टे दही का इस्तेमाल
करी पत्ते के पौधे को लंबे समय तक स्वस्थ और हरा-भरा रखने के लिए इसकी देखभाल जरूरी है। इसके लिए आप घरेलू तरीके का इस्तेमाल कर सकते हैं। पौधे की मिट्टी में लगभग हर 15 से 20 दिन के अंदर पानी में मिलाकर खट्टा दही डाल दें। अगर आपके पास छाछ है, तो दही की जगह उसे मिट्टी में मिलाया जा सकता है। इसमें मौजूद नाइट्रोजन, पोटैशियम और कैल्शियम पौधे को पोषण देते हैं। साथ ही जड़ों में फैलने वाले फंगस से भी दूर रख सकते हैं। इस तरह पौधे की पत्तियां घनी और खुशबूदार हो सकती हैं।
छोटे करी पत्ते के पौधे की देखभाल कैसे करें?
मानसून के दौरान करी पत्ते के छोटे पौधों की खास देखभाल करनी पड़ सकती है। तेज बारिश और धूप की कमी की वजह से पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं। ऐसे में गमले के ड्रेनेज को चेक करें और उसमें मौजूद अतिरिक्त पानी को निकाल दें। बारिश के दौरान पौधे को पानी देने से बचें। इसके साथ ही मिट्टी की गुड़ाई करते रहें, तो वह सख्त न हो। इससे पौधे की ग्रोथ अच्छी हो सकती है। अगर पौधा काफी छोटा है, तो उसकी पत्तियों को तोड़ने से बचें। इससे उसकी ग्रोथ प्रभावित हो सकती है।
