कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद करने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद करने को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। सरकार को निर्देश दिया गया कि नागरिकों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
‘हमें सबके बारे में सोचना होगा’
सुनवाई के दौरान CJI ने कहा कि जिन लोगों के पास कार है, उन्हें मेट्रो बंद होने से शायद कोई परेशानी ना हो। लेकिन अदालत को सभी नागरिकों की दिक्कतों के बारे में सोचना होगा। कोर्ट ने इस बात पर भी चिंता जताई कि मेट्रो बंद होने से लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है।
CJI ने यह भी सवाल किया कि प्रदर्शन से पहले याचिकाकर्ता अदालत में क्यों नहीं आए। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से दिल्ली में जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। उनका कहना था कि जिन लोगों के पास कार है, उनके लिए भी रास्ते खुले नहीं हैं।
‘मेट्रो स्टेशन खोलने पर विचार होगा’
केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को भरोसा दिया कि आम लोगों की परेशानी से जुड़ी चिंताओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जाएगी और स्थिति के आधार पर मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार खोलने या बंद रखने का फैसला लिया जाता रहेगा।
CJI ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने पर भी सवाल पूछे। इस पर केंद्र की ओर से कहा गया कि इन फैसलों के संबंध में भी आम लोगों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए विचार किया जाएगा।
पुलिस के अनाउंसमेंट और मस्जिदों में जाने का मुद्दा उठा
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से मस्जिदों में जाकर लोगों को प्रदर्शन में शामिल ना होने की अपील किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। याचिकाकर्ताओं की ओर से आरोप लगाया गया कि पुलिस अलग-अलग जगहों पर जाकर अनाउंसमेंट कर रही है और लोगों से प्रदर्शन में ना जाने को कह रही है।
केंद्र ने जुलाई के प्रदर्शन का दिया हवाला
केंद्र सरकार की ओर से दलील दी गई कि जुलाई में हुए प्रदर्शन के लिए एक दिन की अनुमति दी गई थी लेकिन प्रदर्शन 17 दिनों तक चला। सरकार ने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर जाने की कोशिश की थी जबकि संसद भारत की संप्रभुता का प्रतीक है और वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
SG तुषार मेहता ने उस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय इंटरनेट बंद करने का फैसला राष्ट्रपति भवन के आसपास के इलाकों तक सीमित था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों के साथ छेड़छाड़ हुई और पुलिसकर्मियों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
‘प्रदर्शन के लिए सुरक्षा इंतजाम जरूरी’
केंद्र सरकार ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारी दिल्ली आकर प्रदर्शन करना चाहते हैं तो पुलिस को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने होंगे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट चिंता जताई कि प्रदर्शन को लेकर किए जाने वाले इंतजामों से आम लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा के कामकाज पर अनावश्यक असर नहीं पड़ना चाहिए।
कोर्ट ने केंद्र से कहा कि मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद करने और ट्रेनों को रद्द करने से पैदा हुई परेशानियों को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जाएं। केंद्र ने भरोसा दिया कि आम लोगों की चिंताओं पर विचार किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट में किसने दायर की याचिका?
आपको बता दें कि सीजेपी और कुछ छात्र संगठनों की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ 10 अक्टूबर को प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद करने और ट्रेनों को रद्द करने की सिफारिश के खिलाफ शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम. ए. बेबी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ को बताया कि पूरी दिल्ली को बंद करने का निर्देश दिया गया है जबकि नागरिकों को विरोध-प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार है। पढ़ेंं पूरी खबर…
‘मुझे गिरफ्तार करिए’, मेट्रो-ट्रेन बंद होने पर बोले CJP के अभिजीत दीपके
दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियों को लेकर अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं से डर रही है और दावा किया कि नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक तौर पर इमरजेंसी लागू कर दी है।
