Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि प्रदर्शनकारी किसी प्रदर्शन स्थल पर हमेशा के लिए कब्जा नहीं कर सकते। कोर्ट ने कहा कि ऐसी जगहों पर केवल एक तय समय के लिए ही रहा जा सकता है, ताकि अन्य समूह भी उनका इस्तेमाल कर सकें।
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच, दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अक्टूबर में हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। सीजेआई सूर्कांत ने कहा, “आप किसी जगह पर हमेशा के लिए कब्जा नहीं कर सकते और भी प्रदर्शनकारी हैं। किसान कहां जाएंगे? मजदूर कहां जाएंगे? ट्रेड यूनियनें कहां जाएंगी? बेघर लोग कहां जाएंगे? हर किसी को विरोध करने का अधिकार है।”
सीजेआई सूर्यकांत ने अलग-अलग मुद्दों को उठाने वाले प्रदर्शनकारियों के बीच मौजूद परस्पर दावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आपको यह भी पता लगाना चाहिए कि और समय क्यों नहीं दिया जा रहा है। हो सकता है कि किसी और विरोध प्रदर्शन के लिए भी कोई मांग आई हो। जगह एक हो या दो, लेकिन हर किसी को विरोध करने का अधिकार है… आप सिर्फ इसलिए दूसरों को बाहर नहीं रख सकते क्योंकि आपने उस जगह पर कब्जा कर रखा है। आप यह नहीं कह सकते कि चूंकि आपने जगह घेर रखी है, इसलिए आप दूसरों को वहां नहीं आने देंगे।”
तुषार मेहता ने कोर्ट में क्या कहा?
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन की अनुमति केवल एक दिन के लिए दी गई थी, लेकिन वे वहां 17 दिनों तक डटे रहे। उन्होंने कहा, “इसके बाद, बिना अनुमति लिए वे संसद की ओर मार्च करने लगे। संसद कोई आम राजनीतिक इमारत नहीं है, बल्कि यह भारत की संप्रभुता का प्रतीक है। आपको संसद तक जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसी तरह, आपको बिना अनुमति के सुप्रीम कोर्ट जाकर विरोध-प्रदर्शन करने की भी इजाजत नहीं दी जा सकती।”
व्यापारियों के नुकसान का मुकुल रोहतगी ने किया जिक्र
कारोबारियों की ओर से तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने दावा किया कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण 2000 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में विरोध-प्रदर्शन के लिए तय की गई जगह, रामलीला मैदान, कनॉट प्लेस से लगभग एक मील दूर है।
उन्होंने कहा, “रामलीला मैदान के एक मील के दायरे में लाखों लोग रहते हैं और यहां कई तरह के थोक बाजार हैं। इसमें आसफ अली रोड, दरियागंज, तुर्कमान गेट, कमला मार्केट शामिल हैं और आगे चलकर यह जामा मस्जिद से जुड़ जाता है। यह सब एक मील के दायरे में ही है। यहां कम से कम 50 लाख लोग रहते हैं। सरकार को अब इस पर विचार करना चाहिए और कोई योजना लानी चाहिए, चाहे वह दिल्ली के लिए हो या अन्य राज्यों की राजधानियों के लिए। अब बात सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित नहीं रह गई है।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
