Justice Ujjal Bhuyan News: सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने हैदराबाद की एनएएलएसएआर यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के छात्रों की जमकर तारीफ की और उन्हें निडर और बहादुर बताया। न्यायमूर्ति भुइयां ने कहा कि छात्रों ने देश और दुनिया को यह दिखाया है कि एक यूनिवर्सिटी के छात्र, खास तौर पर लॉ के छात्र को कैसा होना चाहिए।

19वीं एनएएलएसएआर जस्टिस बी.आर. साहनी मेमोरियल मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 के समापन समारोह में भाषण देते हुए जस्टिस भुइयां ने कहा, “अपनी बात खत्म करने से पहले NALSAR के प्रतिभाशाली छात्रों के बारे में एक आखिरी शब्द। आपने देश और दुनिया को दिखाया है कि एक विश्वविद्यालय का छात्र, विशेष रूप से कानून का छात्र कैसा होना चाहिए। आप प्रतिभाशाली हैं, आप साहसी हैं और आप बहादुर हैं।”

जस्टिस भुइयां ने यूनिवर्सिटी के फैकल्टी सदस्यों और वाइस-चांसलर श्रीकृष्ण देव राव की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “फैकल्टी सदस्यों से कहूंगा कि आपने अपनी जिम्मेदारियां बहुत अच्छे से निभाई हैं, आपने वही किया है जिसकी एक यूनिवर्सिटी टीचर से उम्मीद की जाती है। वाइस-चांसलर को भी नहीं भूलना चाहिए। मेरे चांसलर रहने के दौरान ही प्रोफेसर (श्रीकृष्ण देव) राव को वाइस-चांसलर नियुक्त किया गया था। मुझे कहना होगा कि उन्होंने यूनिवर्सिटी का नेतृत्व बहुत अच्छे से किया है। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों को निराश नहीं किया है।”

जस्टिस भुइयां ने 2022-23 में तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान NALSAR के पदेन चांसलर के रूप में काम किया था।

क्या था पूरा विवाद?

बता दें कि अगस्त में NALSAR के ग्रेजुएट होने वाले बैच के कुछ छात्रों ने यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर सीजेआई सूर्यकांत को बुलाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। इसके बाद बीसीआई के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने 13 अगस्त को राज्य बार काउंसिलों को निर्देश जारी किया कि वे NALSAR के 2026 बैच के किसी भी ग्रेजुएट का दाखिला तब तक न करें, जब तक कि आगे कोई आदेश न मिल जाए।

उन्होंने यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर, प्रोफेसर श्रीकृष्ण देवा राव को यह निर्देश भी दिया कि वे उन छात्रों, फैकल्टी सदस्यों, रिसर्च स्कॉलर्स, पूर्व छात्रों और अन्य लोगों की पहचान करके रिपोर्ट सौंपें, जो कथित तौर पर सीजेआई की भागीदारी के खिलाफ अभियान आयोजित करने में शामिल थे। बीसीआई चेयरमैन ने छात्रों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि फैकल्टी सदस्य उन्हें गुमराह कर रहे थे।

बीसीआई ने दिया था निर्देश?

इसके जवाब में, यूनिवर्सिटी ने बीसीआई के निर्देश के अनुसार तुरंत जांच शुरू नहीं की। प्रोफेसर देवा राव ने कहा कि यूनिवर्सिटी बीसीआई के निर्देशों की कानूनी वैधता की जांच करेगी और इस मामले को अपनी कार्यकारी परिषद के सामने रखेगी, ताकि यह तय किया जा सके कि प्रस्तावित जांच यूनिवर्सिटी के नियमों के तहत की जा सकती है या नहीं।

बीसीआई अध्यक्ष द्वारा आदेश जारी करने के कुछ घंटों बाद, परिषद ने एनएएलएसएआर के स्नातक छात्रों के नामांकन पर लगी रोक हटा ली। इसके बाद देर रात एक पोस्ट में, बीसीआई अध्यक्ष ने घोषणा की कि इस बैच के खिलाफ सभी कार्यवाही समाप्त कर दी गई है।

सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा मामला

यह विवाद सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा और बीसीआई अध्यक्ष के निर्देशों को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की गई। न्यायालय ने 14 अगस्त को हस्तक्षेप करते हुए निर्देश दिया कि इस अभियान के संबंध में एनएएलएसएआर के छात्रों या फैकल्टी मेंबर्स के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।

यह भी पढ़ें: ‘कोई भी दलील मताधिकार छीनने वाली प्रक्रिया को सही नहीं ठहरा सकती’, SIR पर घमासान के बीच बोले सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुइयां

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने रविवार को कहा कि देश के नागरिक का वोट देने के अधिकार संविधान की मूल संरचना का अभिन्न हिस्सा है। साथ ही नागरिकों के मताधिकार से वंचित करने वाली कोई भी प्रक्रिया स्वाभाविक रूप से मनमानी होगी और यह संविधान के आर्टिकल 14 और 326 का उल्लंघन होगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…