केरल हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी को मद्रास हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उन्होंन गुरुवार को ‘केरल स्टोरी 2’ मामले की सुनवाई की थी। धर्माधिकारी की नियुक्ति 6 मार्च से प्रभावी होगी। यह मौजूदा मुख्य न्यायाधीश मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव के रिटायरमेंट के एक दिन बाद है।

जस्टिस अरविंद धर्माधिकारी उस बेंच (खंडपीठ) में शामिल थे, जिसने एकल जज के अस्थायी आदेश के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई की। उस आदेश में फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ की रिलीज 15 दिनों के लिए रोक दी गई थी। जस्टिस सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की पीठ ने गुरुवार को देर शाम लगभग दो घंटे की सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह की ओर से एकल न्यायाधीश के अंतरिम आदेश के खिलाफ अपील दायर करने के बाद दलीलें सुनने के बाद पीठ ने टिप्पणी की कि फिल्म के सर्टिफिकेशन का विरोध करने वाली याचिकाएं जनहित याचिका (PIL) की प्रकृति की थीं और सवाल उठाया कि एकल न्यायाधीश इसकी सुनवाई कैसे कर सकते हैं।हालांकि, बेंच ने सुनवाई के समापन पर अदालत में कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया, जैसा कि प्रोड्यूसर ने अनुरोध किया था।

एकल न्यायाधीश ने क्या कहा था?

एकल न्यायाधीश जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने कहा था, “फिल्म में सांप्रदायिक असामंजस्य या किसी समुदाय की बदनामी की संभावना प्रथम दृष्टया निहित है”, इसलिए अधिकारियों की जांच किए बिना इसे रिलीज करना कानूनी तौर पर सही नहीं होगा।

कौन हैं जस्टिस सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी?

मध्य प्रदेश के मूल निवासी जस्टिस धर्माधिकारी का जन्म 8 जुलाई 1966 को रायपुर में हुआ था और उन्होंने नागपुर यूनिवर्सिटी से कॉमर्स एंड ला में ग्रेजुएशन पूरी की। उन्होंने 1992 में जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एक वकील के तौर पर प्रैक्टिश शुरू की और 2000 से 2015 तक लगभग 15 सालों तक केंद्र सरकार के स्थायी वकील रहे।

उन्होंने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और कई अन्य संस्थानों का प्रतिनिधित्व किया था। उन्हें 7 अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एडिशनल जज के तौर पर पदोन्नत किया गया और 17 मार्च, 2018 को हाई कोर्ट का स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। उनका ट्रांसफर केरल हाई कोर्ट में हुआ और उन्होंने 23 अप्रैल 2025 को पदभार ग्रहण किया।

यह भी पढ़ें: आंकड़े बोलते हैं: द केरल स्टोरी 2 प्रोपोगेंडा या एक कड़वा सच, देश में धर्मांतरण की हकीकत

द केरल स्टोरी 2 इस समय सुर्खियों में बनी हुई है। ‘केरल स्टोरी 2’ का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। यह फिल्म सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित ‘केरल स्टोरी’ का सीक्वल है। दोनों फिल्मों के निर्माता विपुल शाह हैं। केरल स्टोरी की तरह ही केरल स्टोरी 2 भी छल से धर्मांतरण के विषय पर केंद्रित है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…