ऐसे वक्त में जब विपक्ष सरकार को निरंकुश बता रहा है। उसी दौरान सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने शनिवार को कहा कि जब समाज सवाल पूछने से डरने लगता है, तभी निरंकुशता की शुरुआत होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश की एकता और विविधता को बनाए रखने के लिए लोगों को ‘हम’ और ‘वे’ की विभाजनकारी सोच छोड़कर संविधान की मूल भावना यानी ‘हम’ को अपनाना चाहिए।

यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी मेघालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए जस्टिस भुइयां ने कहा कि जो समाज सवालों से डरता है, वह निरंकुशता के प्रति संवेदनशील हो जाता है। जिस समाज में परंपराओं को सवालों और समीक्षा से परे मान लिया जाता है। वहां अन्यायपूर्ण प्रथाओं में सुधार की संभावना कमजोर पड़ सकती है

संविधान के अनुच्छेद 51A का उल्लेख करते हुए, जिसमें प्रत्येक नागरिक के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना मौलिक कर्तव्य बताया गया है। जस्टिस भुइयां ने कहा कि इसका अर्थ केवल वैज्ञानिक ज्ञान हासिल करना नहीं है,बल्कि तर्क और विवेक पर आधारित सोच विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि यह हमें जिज्ञासु बनने, सवाल पूछने, जांच-पड़ताल करने और जरूरत पड़ने पर सुधार करने की प्रेरणा देता है।”

उन्होंने कहा कि उनके विचार में वैज्ञानिक दृष्टिकोण ही कानून के शासन (Rule of Law) की नींव रखता है। इसका कारण यह है कि मनमानी सत्ता अज्ञानता, भय और बिना जांचे-परखे विश्वासों के सहारे फलती-फूलती है। उन्होंने कहा कि जो समाज बिना सबूत के दावों को स्वीकार कर लेता है, वह अंधविश्वास और भ्रामक सूचनाओं का आसानी से शिकार बन सकता है।

स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सवाल और बहस जरूरी

बहस के महत्व पर जोर देते हुए जस्टिस भुइयां ने कहा कि सवाल पूछने वालों को दूसरे के विचारों को सुनने और समझने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्थपूर्ण बहस के माध्यम से एक-दूसरे के साथ तर्क करने की इच्छा ही समाज को मजबूत बना सकती है। उन्होंने आगे कहा कि सवाल और स्वस्थ बहस तभी संभव हैं, जब लोगों को सूचनाओं तक पहुंच उपलब्ध हो।

नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन की पुस्तक ‘द आइडिया ऑफ जस्टिस’ से प्रेरणा लेते हुए और अपने भाषण में उसका व्यापक उल्लेख करते हुए जस्टिस भुइयां ने ‘संस्थागत लोकतंत्र’ (Institutional Democracy) और ‘कार्यात्मक लोकतंत्र'(Functional Democracy) के बीच अंतर समझाया।

उन्होंने कहा कि कार्यात्मक लोकतंत्र के लिए जनता द्वारा सवाल पूछना और सत्ता तथा संस्थाओं की जांच-पड़ताल करना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, सूचनाओं का प्रसार और सार्वजनिक तर्क-वितर्क के माध्यम से उनकी समीक्षा वह प्रक्रिया है, जिसके जरिए एक लोकतांत्रिक समाज न्याय के साथ अपना संबंध स्थापित करता है।

‘हम और वे’ की सोच छोड़ने की अपील

जस्टिस भुइयां ने कहा कि विविधता को सुरक्षित रखने के लिए झूठे नैरेटिव और ‘हम बनाम वे’ की विभाजनकारी सोच को छोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एक अधिक न्यायपूर्ण और मानवीय समाज के निर्माण के लिए यह जरूरी है कि हम ‘हम’ और ‘वे’ की विनाशकारी सोच से बाहर निकलें और एकता तथा सामूहिकता के विचार को अपनाएं। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत ‘हम भारत के लोग’ शब्दों से होती है।

भुइयां ने कहा कि यह कोई संयोग नहीं है कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना ‘हम भारत के लोग’ शब्दों से शुरू होती है। संविधान भारत के सभी नागरिकों को संवैधानिक व्यवस्था के समान सदस्य के रूप में संबोधित करता है। उन्होंने आगे कहा कि ‘हम’ एक व्यापक अपनत्व की भावना को दर्शाता है, जिसमें किसी व्यक्ति या समूह की अलग पहचान हमारी साझा संवैधानिक एकता को कम नहीं करती।

विविधता भारतीय संविधान की ताकत

समान नागरिक संहिता (UCC) के संदर्भ में अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखे जा सकने वाले अपने विचारों में जस्टिस भुइयां ने कहा कि राष्ट्रीय एकता का अर्थ यह नहीं है कि किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत या सामुदायिक पहचान को व्यापक सामूहिक पहचान में पूरी तरह मिला दिया जाए।

उन्होंने कहा कि इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि हमारी व्यक्तिगत पहचान को व्यापक सामूहिक पहचान में समाहित कर दिया जाना चाहिए। इसलिए विविधता संवैधानिक व्यवस्था के निर्माण में कोई बाधा नहीं है, बल्कि यही उसे वास्तविक अर्थ और सार्थकता प्रदान करती है।

मां का सपना, पति का साथ और खुद की मेहनत…तमिलनाडु से सुप्रीम कोर्ट तक कैसे पहुंचीं जस्टिस वी. मोहना?

न्याय की दुनिया में फैसले केवल कानून की धाराओं से नहीं, बल्कि अनुभव, संघर्ष, साहस और संवैधानिक मूल्यों से भी आकार लेते हैं। देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में अपनी जगह बनाने वाली महिला जजों का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा है। इन महिला जजों की यात्रा आसान नहीं रही है। इसके पीछे सालों की मेहनत, चुनौतियों से सामना, सामाजिक बाधाओं को पार करने का हौसला और अपने सिद्धांत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता रही है। पढ़ें पूरी खबर।