दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) की उस याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से दिल्ली पुलिस की मनाही को चुनौती दी गई थी।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय घोष ने एक्टिंग मुख्य न्यायाधीश नितिन सांब्रे के समक्ष याचिका का उल्लेख किया। घोष ने कहा कि उन्होंने गुरुवार को भी मामले का उल्लेख किया था। उस समय अदालत ने कहा था कि यदि याचिका सूचीबद्ध नहीं होती है तो शुक्रवार को दोबारा इसका उल्लेख किया जा सकता है।

इस पर जस्टिस सांब्रे ने कहा, “इसमें इतनी जल्दबाजी क्या है? हम सोमवार को इस पर सुनवाई करेंगे।”

चिब ने दिल्ली पुलिस के एक अक्टूबर के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया गया था।

100 से 150 लोगों के प्रदर्शन की मांगी थी अनुमति

याचिका के मुताबिक, युवा कांग्रेस ने 25 सितंबर को दिल्ली पुलिस के पास आवेदन देकर करीब 100 से 150 लोगों के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। संगठन ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अनुशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी सभी वैध शर्तों का पालन करने का आश्वासन भी दिया था।

याचिका में कहा गया है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद पुलिस ने अनुमति देने से इनकार करने की जानकारी 1 अक्टूबर को दी। यह वही दिन था, जिस दिन प्रदर्शन आयोजित करने का प्रस्ताव था।

मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप

युवा कांग्रेस ने अपनी याचिका में दलील दी है कि पुलिस को सभाओं और प्रदर्शनों को नियंत्रित करने का अधिकार है, लेकिन इसका इस्तेमाल बिना परिस्थितियों का उचित आकलन किए पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए नहीं किया जा सकता।

याचिका के मुताबिक, पुलिस का फैसला संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 19(1)(b) के तहत शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करता है। याचिका में प्रदर्शनों और सभाओं से संबंधित दिशा-निर्देशों को बिना उचित विचार-विमर्श के यांत्रिक तरीके से लागू करने के तरीके को भी चुनौती दी गई है।

पिनाराई विजयन के खिलाफ FIR के आदेश, भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला

केरल हाई कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में पिनाराई विजयन, उनकी बेटी और दामाद के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया। यह मामला वीणा की आईटी कंपनी को अवैध रूप से पैसे दिए जाने के आरोपों से जुड़ा है। पढ़ें पूरी खबर।