Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मथुरा रोड पर दिल्ली हाई कोर्ट के पास पैदल यात्रियों के सड़क पार करने के लिए क्रॉसिंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर चिंता जताई और मजाकिया लहजे में कहा कि अगर अगली सुनवाई में कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो न्यायाधीशों को तब तक इसके पास धरना देना पड़ेगा जब तक कि यह काम पूरा नहीं हो जाता।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक जस्टिस जेबी पारदीवाला और केवी विश्वनाथन की बेंच ने एडिशनल सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी को संबोधित करते हुए कहा, “अगर आप अगली तारीख से पहले यह काम नहीं करते हैं, तो हम दोनों दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य गेट पर पहुंच जाएंगे और तब तक घर नहीं जाएंगे, जब तक आप काम पूरा नहीं कर लेते। यह पक्का है। हम वहां धरने पर बैठ जाएंगे और मिस्टर बनर्जी (ASG) को भी घर नहीं जाने देंगे।”
इसके लिए आपको कमेटी की क्या जरूरत है- कोर्ट
बनर्जी ने जवाब दिया कि उच्च स्तर पर चर्चा के बाद एक कमेटी इस मामले को देख रही है। हालांकि, कोर्ट ने ट्रैफिक की इस बुनियादी समस्या को ठीक करने में हो रही प्रशासनिक देरी पर सवाल उठाया। कोर्ट ने कहा, “इसके लिए आपको कमेटी की क्या जरूरत है? क्या आपको कुछ इंजीनियर चाहिए? आप मिस्टर गौरव अग्रवाल [एमिकस क्यूरी] को ले लीजिए, वे आपकी मदद करेंगे। आपको हाई-लेवल कमेटी की क्या जरूरत है? मिस्टर अग्रवाल को कमेटी में शामिल कर लीजिए। वे बता देंगे कि वहां असल समस्या क्या है।”
सुप्रीम कोर्ट ने तय की समय-सीमा
एक डेडलाइन तय करते हुए कोर्ट ने साफ कर दिया कि अब प्रशासनिक बहाने या स्पष्टीकरण काम नहीं आएंगे। पीठ ने चेतावनी देते हुए कहा, “लेकिन इसे 25 नवंबर से पहले पूरा करना होगा। यह निश्चित है। कोई और रास्ता नहीं चलेगा। ठोस काम पूरा होना चाहिए, अन्यथा आपके मुख्य सचिव आपके बगल में होंगे। समझे?”
अक्टूबर 2025 और सितंबर 2026 में, कोर्ट ने मथुरा रोड के काफी व्यस्त हिस्से पर काम करने वाली ट्रैफिक लाइटों, पैदल यात्रियों के लिए पुलों (फुट ओवरब्रिज) या ट्रैफिक की स्पीड को कंट्रोल करने वाले उपायों की कमी की ओर इशारा किया था। हालांकि, कोर्ट के आदेशों के बाद पैदल यात्रियों के लिए एक सिग्नल लगाया गया था, लेकिन ‘एमिकस क्यूरी’ गौरव अग्रवाल ने बेंच को बताया कि यह अक्सर खराब रहता है।
यह भी पढ़ें: ‘कोई मूंगफली बेचना चाहता है और कोई कानून-व्यवस्था बनाए रखना चाहता है’ CJP के तिरंगा मार्च पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की मांग पर बोले जस्टिस बागची
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई की मांग की गई। याचिका में प्रदर्शन के कारण कारोबारियों को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर चिंता जताई गई। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि उम्मीद है कि सभी लोग समझदारी से काम लेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
