त्विषा शर्मा मौत मामले में उनकी सास की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत को रद्द कर दिया है। इससे पहले बुधवार को भोपाल की एक अदालत ने त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया था।
अवकाशकालीन न्यायाधीश देव नारायण मिश्रा ने अपने 17 पृष्ठ के आदेश में कहा कि मामले के तथ्यात्मक पहलुओं और प्रतिवादी (गिरिबाला सिंह) के विरुद्ध लगाए गए आरोपों के मद्देनजर में भोपाल के 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वारा 15 मई, 2026 को पारित अग्रिम जमानत आदेश, बीएनएस, 2023 की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत दंडनीय अपराधों के लिए रद्द किया जाता है। हाई कोर्ट ने गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने के लिए दायर आवेदनों को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही सत्र न्यायालय द्वारा दी गई अग्रिम जमानत रद्द कर दी गई है।
पीड़िता के परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने पीटीआई को फोन पर बताया कि आखिरकार त्विषा मामले में न्याय हो गया है। श्रीवास्तव ने कहा कि चूंकि गिरिबाला 36 वर्षों तक न्यायिक सेवा में रहीं। अगर उनके मन में कानून के प्रति जरा भी सम्मान है, तो मुझे लगता है कि उन्हें विवेक का प्रयोग करना चाहिए और सीबीआई के समक्ष शालीनता से आत्मसमर्पण कर देना चाहिए और आगे की किसी भी जांच में जांच एजेंसी के साथ सहयोग करना चाहिए।
एक वकील ने बताया कि बुधवार को भोपाल की एक अदालत ने त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की हिरासत में भेज दिया। बाद में, सीबीआई की टीम समर्थ के साथ त्विषा की मौत की आगे की जांच करने के लिए कटारा हिल्स क्षेत्र में उसकी मां गिरिबाला सिंह के घर पहुंची।
सीबीआई ने सोमवार को पूर्व मॉडल-अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत की जांच अपने हाथ में ले ली थी। त्विषा शर्मा कथित तौर पर 12 मई को यहां अपनी ससुराल में फांसी पर लटकी हुई पाई गई थीं।
त्विषा शर्मा के बारे में आप क्या जानते?
बता दें, त्विषा ने कॉर्पोरेट जगत में जाने से पहले एक एक्टर और मॉडल के तौर पर काम किया था और वह कई विज्ञापनों में भी नजर आई थीं। अपनी शादी के समय वह नई दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने तेलुगू फिल्म ‘मुग्गुरु मोनगल्लू’ और हिंदी शॉर्ट फिल्म ‘जरा संभल के’ में काम किया था। वह पहले ‘मिस पुणे’ भी रह चुकी थीं।
नोएडा की रहने वाली त्विषा शर्मा एमबीए ग्रेजुएट थीं। त्विषा और समर्थ की मुलाकात साल 2024 में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। फिर 9 दिसंबर, 2025 को दोनों ने दिल्ली में शादी कर ली। उनकी LinkedIn प्रोफाइल के अनुसार, त्विषा ने 2024 में सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से BBA की डिग्री हासिल की और बाद में 2024 में ही नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) से MBA किया। अपनी मृत्यु के समय, वह DADB जर्मनी के दिल्ली ऑफिस में कम्युनिकेशन और ऑनबोर्डिंग मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं।
त्विषा शर्मा केस: आरोपी समर्थ सिंह की कस्टडी CBI को सौंपी गई, दर्ज की नई FIR
त्विषा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई ने सोमवार को जांच अपने हाथ में ली थी। मंगलवार को सीबीआई टीम जांच के सिलसिले में भोपाल में त्विषा के ससुराल पहुंची थी। जिसके बाद आज त्विषा के पति समर्थ सिंह की कस्टडी आधिकारिक तौर पर सीबीआई को सौंप दी गई है। पढ़ें पूरी खबर।
