सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने के निर्देशों को पालन न करने पर बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) की आयुक्त अश्विनी भिड़े कानूनी पचड़े में पड़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को बीएमसी की नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को अवमानना को नोटिस जारी किया और उनकी सैलरी पर रोक लगा दी है। साथ ही पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

बीएमसी नगर आयुक्त को यह नोटिस 13 नवंबर 2025 और 28 जुलाई 2026 को दिए गए उन निर्देशों का जानबूझकर पालन न करने के पर जारी किया गया, जिनमें मुंबई के बोरीवली में ‘बेस्ट’ (BEST) बस स्टैंड के लिए तय की गई जमीन से अतिक्रमण हटाने को कहा गया था।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने BMC की अर्जी खारिज को भी खारिज कर दिया, जिसमें उसने अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बेदखली का आदेश जारी करने के लिए और समय मांगा था। साथ ही कोर्ट ने नगर निगम पर 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। कोर्ट ने नगर निगम और महाराष्ट्र सरकार को निर्देश दिया कि जब तक सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं हो जाता, तब तक आयुक्त का वेतन जारी न किया जाए।

शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में कहा, “प्रथम दृष्टया हम इस परिणा पर पहुंचे हैं कि बृहन्मुंबई नगर निगम के आयुक्त अदालत की अवमानना ​​की दोषी हैं। उन्होंने 13 नवंबर 2025 और 28 जुलाई 2026 को दिए गए हमारे समयबद्ध निर्देशों का जानबूझकर उल्लंघन किया और उनका पालन नहीं किया। उन्हें कारण बताना होगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए। इस बीच नगर निगम और राज्य सरकार को निर्देश दिया जाता है कि वे आयुक्त या उनके निजी स्टाफ को कोई मासिक वेतन जारी न करें। इस अर्जी को 5 लाख रुपये के जुर्माने के साथ खारिज किया जाता है।”

अदालत ने बीएमसी के रवैये की कड़ी निंदा की। साथ ही सवाल उठाया कि उनके अधिकारी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने में दिलचस्पी क्यों नहीं ले रहे हैं। सीजेआई सूर्यकांत ने संकेत दिया कि नगर निगम अतिक्रमण करने वालों के साथ मिलीभगत कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों को जेल भेज दिया जाएगा।

आदेश लिखवाने के बाद सीजेआई ने टिप्पणी की, “ये लोग शालीन भाषा नहीं समझते, इसलिए इन्हें इस आदेश की भाषा समझनी होगी। हम उन्हें जेल भेज देंगे, तब उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भाषा समझ आ जाएगी।”

बीएमसी की ओर से जब वरिष्ठ अधिवक्ता आरपी भट्ट ने अदालत से अनुरोध किया कि वे उनके इस बयान को रिकॉर्ड कर लें कि नगर निकाय 30 दिनों के भीतर अदालत के आदेश का पालन करेगा, तो सीजेआई सूर्यकांत ने तंज कसते हुए कहा कि अगर BMC निर्देशों का पालन करती है, तो अदालत उसे ‘प्रशंसा प्रमाण पत्र’ (Appreciation Certificate) देगी।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने कहा कि अगर वे हमारे आदेश का पालन करते हैं तो हम बहुत आभारी होंगे। हम उन्हें प्रशंसा प्रमाण पत्र देंगे! पहले वे ऐसा करके तो दिखाएं। इस अदालत द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह से जानबूझकर और शरारतपूर्ण तरीके से उल्लंघन किया गया। और ऐसा लगता है कि यह उन अतिक्रमणकारियों के साथ मिलीभगत से हो रहा है, जिन्हें ये नगर निकाय अधिकारी संरक्षण दे रहे हैं। क्या आप चाहते हैं कि हम आज ही यह बात लिख दें, या एक हफ्ते बाद लिखें जब हम जुर्माने की रकम 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर देंगे। हम अभी कुछ भी रिकॉर्ड नहीं कर रहे हैं। हम पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं। निर्देश एक निश्चित समय-सीमा के साथ दिए गए। वह समय-सीमा पहले ही बीत चुकी है।

बता दें, शीर्ष अदालत ने 28 जुलाई, 2026 को नगर निगम को निर्देश दिया था कि वह तीन महीने के भीतर काम पूरा करे और अतिक्रमण हटाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र क्षेत्रीय और नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत अतिक्रमणकारियों को जारी किए गए नोटिसों को लेकर सिविल कोर्ट में चल रही कार्यवाही, अनधिकृत कब्जाधारियों को हटाने में बाधा नहीं बनेगी, क्योंकि सिविल कोर्ट ने कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई।

पंजाब के मुख्य सचिव को जारी हुआ अवमानना का नोटिस, हाईकोर्ट ने कहा- व्यक्तिगत रूप से हों पेश

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने मंगलवार को पंजाब के मुख्य सचिव के. एपी. सिन्हा को अवमानना का नोटिस जारी किया है। मुख्य सचिव को यह नोटिस राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) के बकाया भुगतान से मामले में हाई कोर्ट का आदेश न मानने के कारण जारी किया गया है। कोर्ट ने के.एपी. सिन्हा को 13 नवंबर तक का समय दिया है। पढ़ें पूरी खबर।