Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर की जांच की मांग की गई थी। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता असल में एफआईआर को रद्द करने वाले कोर्ट के पहले के आदेश की समीक्षा की मांग कर रहा था।
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच एल. रामनाथन की ओर से दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। रामनाथन ने तर्क दिया कि पुलिस के कामकाज में कोई न्यायिक दखल नहीं हो सकता, क्योंकि वे स्वतंत्र और संप्रभु हैं।
ये युवा छात्र हैं- सीजेआई
मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि न्यायालय ने छात्र प्रदर्शनकारियों की परिस्थितियों और उनके भविष्य पर विचार करने के बाद संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए एफआईआर को रद्द कर दिया था। सीजेआई ने कहा, “आप कहते हैं कि हमें अनुच्छेद 142 लागू नहीं करना चाहिए था और एफआईआर रद्द नहीं करनी चाहिए थी। कृपया समझिए, ये युवा छात्र हैं। हमें उनके माता-पिता, उनके भविष्य का ध्यान रखना है। हम नहीं चाहते कि उन्हें अदालत में आना पड़े।”
हिमाचल प्रदेश का सीजेआई ने दिया उदाहरण
मुख्य न्यायाधीश ने उस हालिया आदेश का भी जिक्र किया जिसमें कोविड-19 महामारी के दौरान हुए सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों को लेकर हिमाचल प्रदेश में दर्ज आपराधिक मामलों को रद्द कर दिया गया था। मुख्य न्यायाधीश ने टिप्पणी की, “हिमाचल प्रदेश में उन्होंने धरना दिया, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। लेकिन जब कोविड महामारी आई, तो इस देश के लोग इस तरह के संकट का सामना करने के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिक्रिया दी।”
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हाई कोर्ट ने एफआईआर रद्द करने से इनकार कर दिया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने यह देखते हुए हस्तक्षेप किया कि प्रदर्शनकारी युवा छात्र थे, न कि शातिर अपराधी।
गौरतलब है कि नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों और अन्य लोगों के खिलाफ कथित हिंसा के आरोप में कई एफआईआर दर्ज कीं।
यह भी पढे़ं: 57 मेट्रो स्टेशन हो सकते हैं बंद, ऐप-बेस्ड कैब पर पाबंदियां और 10 डिटेंशन सेंटर तैयार… CJP के प्रदर्शन पर दिल्ली में सख्ती
जंतर-मंतर पर शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी- आइसा के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर जुटने वाली भीड़ से निपटने के लिए कई कड़े इंतजाम किए हैं। इनमें ऐप-बेस्ड टैक्सी पर रोक, डिटेंशन सेंटर और केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती जैसे उपाय शामिल हैं। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
