सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ईडी की उस याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसमें कोलकाता स्थित पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के दफ्तर में ईडी की तलाशी अभियान के दौरान कथित रूप से बाधा डालने के मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की गई है। हालांकि, सुनवाई के दौरान एक वक्त ऐसा भी आया, जब सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ASG तो अनुच्छेद 32 वाला इंजन चाहते हैं।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला 8 जनवरी की एक घटना से जुड़ा है। उस दिन तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता और तत्कालीन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कथित तौर पर पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के कार्यालय पहुंची थीं और वहां से कुछ संवेदनशील फाइलें अपने साथ ले गई थीं।

जस्टिस पी.के. मिश्रा और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की पीठ ने ममता बनर्जी, ईडी और अन्य पक्षकारों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया।

शीर्ष अदालत ने कहा, “दलीलें पूरी हो गई हैं। आदेश/फैसले के लिए मामला सुरक्षित रखा जाता है।”

ईडी ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। ईडी का आरोप था कि 8 जनवरी को जब कोलकाता में I-PAC के कार्यालय और उसके सह-संस्थापक प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी चल रही थी, तब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए थे।

यह छापेमारी 2020 के कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कारोबारी अनूप मांझी के खिलाफ जांच के सिलसिले में की जा रही थी।

ईडी का आरोप था कि ममता बनर्जी और पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के कारण महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जबरन वहां से हटा दिए गए। वहीं, ममता बनर्जी का कहना था कि वहां मौजूद सामग्री उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ी थी। TMC वर्ष 2019 से I-PAC के साथ काम कर रही है।

ईडी ने पहले इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन कोर्ट रूम में हंगामे के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद ईडी को सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा।

15 जनवरी को जब यह मामला पहली बार सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा, तब कोर्ट ने कहा था कि अगर इस मामले की जांच नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। कोर्ट ने ममता बनर्जी, राज्य के तत्कालीन पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार और अन्य लोगों को नोटिस जारी किया था।

इसके बाद सुनवाई के दौरान इस बात पर सवाल उठे कि क्या ईडी संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में ऐसी याचिका दाखिल कर सकती है?

पश्चिम बंगाल की तत्कालीन टीएमसी सरकार का तर्क था कि अनुच्छेद 32 के तहत केवल नागरिक अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत जा सकते हैं। किसी जांच एजेंसी को इस अनुच्छेद का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अगर कोई मुख्यमंत्री केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई में बाधा डालता है, तो यह अच्छी स्थिति नहीं है। कोर्ट ने यह भी कहा था कि ऐसा नहीं हो सकता कि किसी जांच एजेंसी के पास न्याय पाने का कोई रास्ता ही न बचे।

सुनवाई के दौरान क्या दलीलें दी गईं?

ममता बनर्जी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि राज्य में सरकार बदलने के बाद इस याचिका का कोई औचित्य नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार है और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री नहीं हैं। ऐसे में राज्य सरकार चाहे तो इस मामले को सीबीआई को सौंप सकती है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जरूरत नहीं है।

सिब्बल ने दलील दी कि जब राज्य सरकार के पास खुद जांच सीबीआई को सौंपने का अधिकार है तो सुप्रीम कोर्ट को इसमें आदेश देने की जरूरत क्यों है? उनके मुताबिक, याचिका का मूल आधार ही अब खत्म हो चुका है।

वहीं, ईडी की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने कहा कि इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराना जरूरी है, ताकि जांच में राजनीतिक पक्षपात का आरोप न लगे।

उन्होंने कहा कि अगर जांच राज्य पुलिस को सौंपी गई तो वह निष्पक्ष तरीके से जांच नहीं कर सकती। जिन पुलिस अधिकारियों पर हस्तक्षेप करने का आरोप है, वे अभी भी सेवा में हैं और स्थानीय जांच को प्रभावित कर सकते हैं।

ईडी ने यह भी कहा कि इस मामले में ईडी अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायतें दर्ज हुई हैं। ऐसे में दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज होने के कारण निष्पक्ष जांच जरूरी है।

इस पर कपिल सिब्बल ने कहा कि राज्य सरकार के पास कानून के तहत जांच सीबीआई को सौंपने का अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य सरकार खुद ऐसा कर सकती है, तो सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जरूरत क्यों है?

इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, “फिर डबल इंजन होने का क्या फायदा? ASG तो अनुच्छेद 32 वाला इंजन चाहते हैं।” दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

‘गोहत्या करने वालों को सजा नहीं मिली तो…’, गुजरात की अदालत ने मनुस्मृति और ऋग्वेद का किया जिक्र, तीन आरोपियों को सुनाई उम्रकैद

गुजरात की एक अदालत ने हाल ही में मनुस्मृति और ऋग्वेद समेत हिंदू धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए तीन लोगों को गोहत्या के लिए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने कहा कि यदि गोहत्या करने वालों को कानून के अनुसार सजा नहीं दी गई, तो एक समय ऐसा आ सकता है जब धरती से गायें विलुप्त हो जाएंगी। पढ़ें पूरी खबर।