Tamil Nadu Consumer Commission: तमिलनाडु में एक शख्स ने दीपावली के लिए 7,999 के पटाखे खरीदने का ऑनलाइन ऑर्डर किया था। उसे परेशानी का सामना इसलिए करना पड़ा क्योंकि पटाखे उसे मिले ही नहीं। सामान की डिलीवरी के लिए उसे ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर के चक्कर लगाने पड़े। बार-बार पटाखे भेजने वाली कंपनी से संपर्क करने के बावजूद उसे पटाखे नहीं मिले।
आखिरकार, यह मामला उपभोक्ता आयोग तक पहुंचा। आयोग ने उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया और कंपनी को उसे कुल 42,999 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।
इसमें रिफंड, मुआवजा और कानूनी कार्रवाई का खर्च शामिल है उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष टी. सेकर और ए. अलागेसन ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
उपभोक्ता आयोग ने क्या कहा?
उपभोक्ता आयोग ने 30 सितंबर को दिए आदेश में कहा, “रिकॉर्ड से पता चलता है कि सामान दिवाली के लिए ऑर्डर किया गया था, शिकायतकर्ता को ट्रांसपोर्ट ऑफिस जाना पड़ा, पूछताछ करनी पड़ी और कानूनी नोटिस भेजना पड़ा।”
आयोग ने अपने आदेश में प्लेटफॉर्म और ट्रांसपोर्टेशन कंपनी को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें सर्विस में कमी और मानसिक तनाव के लिए मुआवजा और कार्रवाई में आया खर्च उठाने का निर्देश दिया।
क्या हुआ था इस मामले में?
4 अक्टूबर, 2025 को इस शख्स ने दिवाली के लिए श्रीमधु क्रैकर्स से 7,999 रुपये के पटाखों का ऑनलाइन ऑर्डर दिया। ऑर्डर एक आईडी नंबर के तहत रजिस्टर किया गया था।
पीड़ित व्यक्ति के मुताबिक, पटाखे की पूरी रकम श्रीमधु क्रैकर्स को मिल गई थी। इसके बाद, कंपनी ने व्हाट्सएप के जरिये एक बिल भेजा और बताया कि पटाखों वाला पार्सल 9 अक्टूबर, 2025 को ट्रांसपोर्टेशन और डिलीवरी के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनी को दिया गया था। पीड़ित व्यक्ति ने कूरियर शुल्क के रूप में 650 रुपये का भुगतान किया और इस तरह उसने कुल 8,649 रुपये का भुगतान किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पार्सल के बारे में पता करने के लिए 17 अक्टूबर 2025 और 18 अक्टूबर 2025 को पुडुकोट्टई में ट्रांसपोर्ट कंपनी के ऑफिस गया था। उसके अनुसार, वहां के कर्मचारियों ने उसे बताया कि पार्सल ब्रांच तक नहीं पहुंचा था और उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
श्रीमधु क्रैकर्स से नहीं मिला जवाब
शिकायतकर्ता का कहना था कि उसने कई बार श्रीमधु क्रैकर्स से संपर्क किया लेकिन उन्होंने कोई ठीक जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रांसपोर्ट कंपनी ने पार्सल का पता लगाने और उसे डिलीवर करने के लिए सही कदम नहीं उठाया। उसने आरोप लगाया कि उसे बिना किसी वजह के कई घंटों तक इंतजार कराया गया।
शिकायतकर्ता का कहना था कि पार्सल न मिलने से उसे परेशानी, मानसिक तनाव और निराशा हुई, खासकर इसलिए क्योंकि उसने पटाखे दीपावली के त्योहार के लिए मंगवाए थे औ उसे ये वक्त पर नहीं मिले।
शिकायतकर्ता ने उसे हुए नुकसान, परेशानी और मानसिक पीड़ा के लिए मुआवजे की मांग की। उसने अपने दावे के समर्थन में G-Pay पेमेंट रिकॉर्ड, कूरियर रसीद, 23 अक्टूबर 2025 का कानूनी नोटिस, ट्रांसपोर्ट ऑफिस ब्रांच से लौटाया गया रजिस्टर्ड नोटिस, आधार की कॉपी और खरीदे गए सामान की सूची सहित कई दस्तावेजों को आयोग के सामने पेश किया।
ट्रांसपोर्ट कंपनी ने क्या कहा?
ट्रांसपोर्ट कंपनी ने दलील दी कि यह साबित नहीं हुआ है कि पटाखे का पार्सल कभी ट्रांसपोर्ट या डिलीवरी के लिए सौंपा गया था। कंपनी के अनुसार, उसे पटाखे वाली कंपनी से कोई पार्सल नहीं मिला था और ऐसे किसी पार्सल को आगे भेजने के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी।
42,999 रुपये का भुगतान करने का आदेश
दलीलें सुनने के बाद उपभोक्ता आयोग ने मामले में कुल मिलाकर 42,999 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया। आयोग के आदेश के अनुसार, 7,999 रुपये पटाखों की कीमत वापस करने के लिए दिए जाएं। आयोग ने ट्रांसपोर्ट कंपनी को आदेश दिया कि वह सर्विस में कमी, परेशानी और मानसिक तनाव के लिए उसे 25,000 रुपये का मुआवजा दे। आयोग ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और ट्रांसपोर्ट कंपनी को खर्च के तौर पर 10,000 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- होम लोन का ब्याज घटाने की स्कीम छिपाना पड़ा भारी
हरियाणा के उपभोक्ता आयोग ने बैंक ऑफ बड़ौदा को भारतीय सेना के एक अधिकारी को 2.10 लाख रुपये देने का आदेश दिया है। आयोग ने माना कि बैंक ने अधिकारी को ऐसी सुविधा की जानकारी नहीं दी जिससे उनके होम लोन पर ब्याज का बोझ कम हो सकता था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
