Supreme Court on Live-in-Relationships: सुप्रीम कोर्ट ने देश में लिव-इन रिलेशनशिप और आपसी सहमति से बने रिश्तों से जुड़े एक बेहद संवेदनशील मामले में स्पष्ट फैसला सुनाया है। अदालत ने अपने एक महत्वपूर्ण आदेश में कहा है कि यदि कोई साथी आपसी सहमति से बने रिश्ते के बाद शादी करने से इनकार कर देता है और इससे आहत होकर दूसरा पार्टनर आत्महत्या कर लेता है, तो इसे कानून की नजर में ‘आत्महत्या के लिए उकसाया जाना’ नहीं कहा जा सकता।

इस फैसले से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जिन पर इस तरह के मामलों में आपराधिक मुकदमे चल रहे है। बता दें कि ये मामला तेलंगाना का है, जहां एक महिला ने आत्महत्या कर ली थी।

क्या है केस से जुड़ा मामला?

यह कानूनी विवाद तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले के कुशैगुडा से जुड़ा हुआ था। यहां एक महिला ने आत्महत्या कर ली थी, जो पिछले करीब तीन महीनों से अपने कथित प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी।

घटना के बाद मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आपराधिक मामला दर्ज किया था। मामले की सुनवाई ट्रायल कोर्ट और निचली अदालत में चल रही थी, जिसे चुनौती देते हुए आरोपी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला की बेंच का कड़ा रुख

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने इस पूरे मामले की गहराई से समीक्षा की। अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष या मृतका के परिवार द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों और बयानों में ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिलता जिससे यह साबित हो सके कि आरोपियों ने मृतका को जानबूझकर खुदकुशी करने के लिए उकसाया या मजबूर किया था।

कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस बात का कोई कानूनी आधार नहीं बनता कि आरोपी के इनकार को सीधे तौर पर उकसावा मान लिया जाए।

शिकायत के सभी आरोपों को सच मानने पर भी क्या निष्कर्ष निकला?

सर्वोच्च अदालत ने टिप्पणी की कि यदि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह सच भी मान लिया जाए, तब भी यह मामला अधिकतम ‘शादी से इनकार’ तक ही सीमित रहता है। मृतका ने चरम कदम उठाने से ठीक पहले अपनी बड़ी बहन को फोन करके सिर्फ इतना बताया था कि उसके प्रेमी ने शादी करने से मना कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ब्रेकअप या शादी टूटने के बाद हर व्यक्ति की मानसिक स्थिति और प्रतिक्रिया अलग होती है, लेकिन केवल इसके आधार पर प्रेमी या उसके परिवार को आपराधिक रूप से दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

“हर ब्रेकअप या शादी से इनकार आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं”

अपने इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा कानूनी सिद्धांत दोहराया है। अदालत ने कहा कि लोगों की भावनाएं अलग-अलग होती हैं, और यदि किसी रिश्ते के टूटने या शादी से मना करने के बाद कोई व्यक्ति अपनी जान दे देता है, तो इसे हमेशा ‘सुसाइड के लिए उकसावा’ नहीं कहा जा सकता। कानून की नजर में अपराध साबित करने के लिए यह दिखाना जरूरी होता है कि आरोपी का इरादा मृतका को मौत की तरफ धकेलने का था या उसे इस बात का पूरा ज्ञान था कि इनकार करने पर वह ऐसा कदम उठा लेगी।

रिश्ते की रजामंदी और परिवार की भूमिका पर अदालत का सवाल

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि जब वह रिश्ता पूरी तरह आपसी सहमति से था और लड़के का परिवार भी उससे वाकिफ था, तो अचानक महिला को उसके घर से दूर क्यों ले जाया गया।

इसके अलावा, अदालत ने यह भी गौर किया कि जब मृतका ने अपनी बड़ी बहन को अपने सुसाइड के इरादे के बारे में फोन पर बताया था, तब परिवार या बहन ने उसकी जान बचाने के लिए कोई सक्रिय कदम या एहतियाती कोशिश क्यों नहीं की। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आधारहीन माना।

आपराधिक कार्यवाही और मामला पूरी तरह रद्द

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने तेलंगाना की अदालत में पेंडिंग चल रही सेशंस केस की पूरी कार्यवाही को रद्द कर दिया। साथ ही अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि यदि इस मामले में कोई भी आरोपी अभी हिरासत या जेल में है, तो उसे तुरंत रिहा किया जाए। यदि आरोपी पहले से जमानत पर हैं, तो उनके बेल बॉन्ड को रद्द माना जाए।

कानूनी जानकारों की राय और इस फैसले का असर

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम और भारतीय न्यायपालिका के दृष्टिकोण से एक मील का पत्थर साबित होगा। कई बार देखा गया है कि असफल प्रेम संबंधों या शादी टूटने के मामलों में आवेश में आकर पूरे परिवार को आपराधिक मुकदमों में घसीट लिया जाता है।

इस ऐतिहासिक फैसले से उन मामलों में एक स्पष्ट कानूनी दिशा मिलेगी जहाँ बिना किसी ठोस इरादे या उकसावे के केवल रिश्ते के टूटने को आत्महत्या से जोड़ दिया जाता है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा को जारी किया नोटिस, AAP कार्यकर्ता को जड़ा था थप्पड़

दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता साहिब सिंह की याचिका पर दिल्ली पुलिस और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया। साहिब सिंह का आरोप है कि पिछले महीने सड़क निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने उन्हें थप्पड़ मारा था। पढ़िए पूरी खबर…