सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को त्योहारी सीजन से पहले घरेलू उड़ानों के बढ़े हुए किराए से जुड़ी एक याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। याचिका में त्योहारी सीजन से पहले घरेलू उड़ानों के ‘बढ़े हुए’ किराए को सीमित करने के लिए हस्तक्षेप की मांग की गई थी।

किराए में बढ़ोतरी को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका (PIL) में यह अर्जी दाखिल की गई थी। इसमें कहा गया कि याचिका पर अगली सुनवाई 16 नवंबर को होनी है, तब तक दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के लिए होने वाली त्योहारी यात्राएं पूरी हो चुकी होंगी। ऐसे में अर्जी में कोर्ट से जल्द से जल्द सुनवाई करने का आग्रह किया गया था।

‘हवाई यात्रा न करें’

हालांकि, तीन जजों की बेंच की अध्यक्षता कर रहे जस्टिस विक्रम नाथ इससे सहमत नहीं हुए। उन्होंने याचिकाकर्ता के वकील से कहा, ‘हवाई यात्रा न करें’ और फिर अगले मामले की सुनवाई पर आगे बढ़ गए।

‘मनमानी और अपारदर्शी कीमतें’

सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायण ने पिछले साल भी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने त्योहारों के मौसम में एयरलाइन द्वारा तय की जाने वाली मनमानी और अपारदर्शी कीमतों की ओर ध्यान दिलाया। साथ ही इस मामले में सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। इस साल जनवरी में मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस विक्रमनाथ ने इसे शोषण करार दिया।

उन्होंने तब कहा था, “हम निश्चित रूप से इसमें दखल देंगे। कुंभ और अन्य त्योहारों के दौरान होने वाले शोषण को ही देख लीजिए। दिल्ली से प्रयागराज और जोधपुर के किराए को ही देखिए जो सामान्य किराए से तीन गुना हैं।”

15 मई को फिर से सुनवाई करते हुए, जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की एक बेंच ने सरकार से कहा कि किराए को तर्कसंगत बनाने की जरूरत है।

केंद्र और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सरकार नए ‘भारतीय वायुयान अधिनियम 2024’ के तहत नियम बनाने की प्रक्रिया में है। लेकिन कोर्ट ने ‘तत्काल राहत’ की जरूरत पर जोर दिया।

बेंच ने कहा, “लोगों को कुछ राहत देने की कोशिश करें। एक ही दिन, एक ही रूट पर… एक एयरलाइन इकॉनमी क्लास के लिए 8,000 रुपये ले रही है, जबकि दूसरी एयरलाइन 18,000 रुपये वसूल रही है।”

इस नई याचिका में, लक्ष्मीनारायणन ने कुछ मीडिया रिपोर्टों का हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि कई प्रमुख रूटों पर किराया सामान्य दिनों के मुकाबले 2 से 7 गुना तक पहुंच गया है।

एयरलाइनों ने बढ़े किराए का किया बचाव

एयरलाइनों का दलील दी कि ऐसा किराया एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लागत की वजह से है। हालांकि, अर्जी में कहा गया है कि इस वजह से किराए में थोड़ी बढ़ोतरी तो समझ में आती है, लेकिन सामान्य किराए से 7 गुना ज्यादा किराया किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता।

‘हवाई यात्रा एक जरूरी सेवा है’

लक्ष्मी नारायण ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि फ्यूल की कीमतें बढ़ने पर एयरलाइंस किराए में बदलाव कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत इस बात को लेकर है कि केवल मांग के आधार पर किराया तय किया जाता है, जिससे यह सामान्य किराए से सात गुना तक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा, “इस तरह की मूल्य-निर्धारण नीति शोषणकारी है और आवश्यक सेवाओं से जुड़े नियमों के खिलाफ है।”

“किसी अन्य आवश्यक सेवा की कीमत इस तरह से तय नहीं की जाती है। रेलवे का फ्लेक्सी-फेयर बेस फेयर (मूल किराया) के अधिकतम डेढ़ गुना तक सीमित है, आवश्यक दवाओं की कीमतें ‘ड्रग्स (प्राइसेस कंट्रोल) ऑर्डर, 2013’ के तहत सीमित हैं, और बिजली की दरें रेगुलेटरी कमीशन द्वारा तय की जाती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हवाई यात्रा इसका इकलौता अपवाद नहीं हो सकती।”

याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि ‘एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट, 1981’ (आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम, 1981) के तहत हवाई परिवहन एक आवश्यक सेवा है। उन्होंने कहा: “जिस सेवा को सरकार अपनी निरंतरता बनाए रखने के लिए आवश्यक मानती है, उसकी कीमतों को पूरी तरह से अनियंत्रित नहीं छोड़ा जा सकता; क्योंकि ऐसा करने से उसी जनता को नुकसान होगा, जिसे यह सेवा दी जाती है।”

यह भी पढ़ें: दिवाली पर दिल्ली-NCR में कब और कितनी देर चला सकेंगे पटाखे? सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी, बताई टाइमिंग

दिवाली से पहले दिल्ली-NCR के लोगों को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने 7 और 8 नवंबर 2026 को सर्टिफाइड ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि यह छूट तय समय और नियमों के तहत ही मिलेगी। 9 नवंबर से पटाखों पर एक बार फिर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें