सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस बी वी नागरत्ना ने कानून के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जस्टिस बी वी नागरत्ना पटना में चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (CNLU) में डॉ राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल लेक्चर में एक लॉ स्टूडेंट के सवाल का जवाब दे रही थीं। इसी दौरान उनसे कानून के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी पर एक सवाल पूछा गया। जस्टिस बी वी नागरत्ना ने शनिवार को कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ पब्लिक सेक्टर की संस्थाओं में कम से कम 30 फीसदी लॉ ऑफिसर महिलाएं होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पब्लिक सेक्टर के संगठनों में भी 30 फीसदी पैनल एडवोकेट महिलाएं होनी चाहिए।
महिलाओं की कानूनी भागीदारी जरूरी- जस्टिस बी वी नागरत्ना
जस्टिस बी वी नागरत्ना ने इस बात पर जोर दिया कि महिला वकीलों को एक्टिव प्रैक्टिस में बने रहने में मदद करने के लिए कानूनी भागीदारी बहुत ज़रूरी है। जस्टिस नागरत्ना ने बताया कि महिलाओं की कम भागीदारी दोहरी भूमिका से जुड़ी है, जो उन्हें निभानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि मुश्किल कानूनी करियर के साथ घर की ज़िम्मेदारियों को बैलेंस करने में महिलाएं भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा, “एक महिला दोहरी भूमिका निभाती है। उसे अपना घर भी देखना होता है। इससे अक्सर एक सफल कानूनी प्रैक्टिस बनाने के लिए जरूरी समय और कंटिन्यूटी कम हो जाती है।”
जस्टिस नागरत्ना ने कहा, “जब एक सफल आदमी की बात आती है, तो उसके पीछे हमेशा एक औरत होती है। लेकिन जब एक सफल औरत की बात आती है, तो उसके पीछे एक परिवार होता है।”
महिलाओं के लिए क्या है मुश्किल?
जस्टिस नागरत्ना ने बताया कि कई महिला वकीलों को प्रेग्नेंसी, बच्चों की देखभाल और परिवार की ज़िम्मेदारियों के कारण अक्सर अपने करियर के ज़रूरी पड़ावों पर, एक्टिव प्रैक्टिस से दूर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जस्टिस नागरत्ना ने कहा, “कई बार उन्हें बीच में ही प्रोफेशन छोड़ना पड़ता है और वे काफी केस के साथ प्रोफेशन में वापस नहीं आ पातीं। ऐसी रुकावटें सीधे कोर्टरूम में उनकी विज़िबिलिटी पर असर डालती हैं, जो लीगल सिस्टम में प्रोफेशनल पहचान और तरक्की के लिए एक ज़रूरी फैक्टर है। बेंच में प्रमोशन के लिए रेगुलर कोर्टरूम में पेश होना और लगातार कानूनी प्रैक्टिस ज़रूरी है।”
(यह भी पढ़ें- जज पर जज के घर से गहने चुराने का आरोप)
पंजाब के पटियाला जिले की एक कोर्ट ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बिक्रमदीप सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। बिक्रमदीप सिंह पर चोरी और घर में जबरन घुसने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर
