फॉर्म 6 में किए गए ‘गैरकानूनी’ बदलावों को लेकर दलील पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय ने फॉर्म 6 में किए गए ‘किसी भी’ बदलाव को मंजूरी नहीं दी है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव आयोग से रिपोर्ट मिलने के बाद न्यायालय यह देखेगा कि फॉर्म में बदलाव किसने किया था।
यह बात तब सामने आई, जब मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी।
पहली बार चुनाव आयोग के मतदाता पंजीकरण फॉर्म के ऑनलाइन संस्करण यानी फॉर्म 6 में एक नया हिस्सा जोड़ा गया था। इसमें नए मतदाता से उसके माता-पिता की स्थिति के बारे में पूछा गया था कि वे मतदाता सूची के आखिरी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में शामिल थे या नहीं। हालांकि, फॉर्म के मूल कानूनी प्रारूप में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां चुनाव आयोग ने अपने ईसीआईनेट (ECINET) पोर्टल से फॉर्म 6 में जोड़ी गई एसआईआर से जुड़ी घोषणा हटा दी है।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी ने कहा, “मैं एक उदाहरण देती हूं… क्योंकि यह हाल का मामला है, इसलिए दिल्ली को ही लेते हैं। देखते हैं कि दिल्ली में एसाआईआर कैसे किया गया। फॉर्म 6 में दो नई शर्तें जोड़ी गईं और इन्हें बांटा। अब याचिकाकर्ता को भी मतदाता सूची में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मुझे भी इस नए फॉर्म 6 के आधार पर नोटिस मिला है, जबकि तय प्रक्रिया के तहत इसमें बदलाव नहीं किया जा सकता।”
गुरुस्वामी की दलील पर सूर्यकांत ने कहा, “यह बात बिल्कुल स्पष्ट है। फॉर्म 6 में किए गए किसी भी बदलाव को हमने मंजूरी नहीं दी है… यह भी स्पष्ट कर दें कि जब रिपोर्ट पेश की जाएगी, तो हम देखना चाहेंगे कि किसने क्या बदलाव किया।”
गुरुस्वामी अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी की ओर से दायर याचिका पर दलील दे रही थीं। याचिका में कहा गया है, “ज्ञानेश कुमार ने डीजी-आईटी के साथ मिलकर जुलाई 2026 में ECINET पोर्टल पर फॉर्म 6 में डिजिटल तरीके से बदलाव किया। 13 अगस्त 2026 को आयुक्त संधू ने इस बदलाव को औपचारिक रूप से ‘अनधिकृत और गैरकानूनी’ बताया था और कहा था कि इससे पहली बार वोट देने वाले युवाओं को मनमाने तरीके से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे तुरंत हटाने का आदेश भी दिया था। इसके बावजूद यह अनधिकृत फॉर्म पोर्टल पर मौजूद रहा।”
याचिका में कहा गया है कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए कानूनी फॉर्म 6 में एकतरफा और गैरकानूनी बदलाव किया गया। इसके लिए ‘कानूनी अधिकार या मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 में संशोधन’ नहीं किया गया था। याचिका में कहा गया कि आयोग के बहुमत ने भी इस बदलाव को ‘अनधिकृत और गैरकानूनी’ माना था।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से ‘जानबूझकर मतदाता सूची में हेरफेर करना उनके आधिकारिक कर्तव्यों से किसी भी तरह संबंधित नहीं है।’ इसमें कहा गया है कि ‘ऐसी कार्रवाई आधिकारिक दायरे से पूरी तरह बाहर है और इसके लिए अलग से व्यक्तिगत आपराधिक जिम्मेदारी बनती है।’
यह भी पढ़ें-‘ऐसे चुनाव आयोग को बर्दाश्त नहीं कर सकते…’, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज रोहिंटन फली नरीमन ने बंगाल चुनाव का किया जिक्र
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रोहिंटन फली नरीमन ने एसआईआर से संबंधित मुद्दों में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा, “हम एक ऐसे चुनाव आयोग को बर्दाश्त नहीं कर सकते जो ठीक से काम नहीं करता।” वरिष्ठ न्यायविद ने चुनाव आयोग के बारे में इंडियन एक्सप्रेस की जांच का हवाला देते हुए कहा कि मतदान का अधिकार गंभीर खतरे में है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
