Delhi News: दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर को जमानत दे दी। कोर्ट ने कहा कि अवधि से ज्यादा वक्त तक कारावास व्यक्तिगत स्वतंत्रता और जल्दी सुनवाई के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करती है।

राउज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज विशाल गोगने ने कथित ठग को जमानत देते हुए अपने आदेश में कहा, “स्वतंत्रता हमारे संविधान का सबसे पवित्र सिद्धांत है, इसलिए न्यायालय विशेष कानून या आर्थिक अपराधों के बहाने राज्य के साथ मिलीभगत करते हुए अपने निर्णयों से स्वतंत्रता का उपदेश नहीं दे सकता।”

जस्टिस विशाल गोगने ने कहा, “यद्यपि धन शोधन का अपराध गंभीर प्रकृति का है, फिर भी पीएमएलए जैसे विशेष कानून राज्य का कोई ऐसा अत्याचार नहीं है जिसे अदालत के माध्यम से आरोपी की स्वतंत्रता पर थोपा जा सके। इसलिए, आरोपी के खिलाफ 31 मामले (वर्तमान मामले सहित) होने के बावजूद, इस विशेष मामले में उसकी जमानत के अधिकार को समाप्त नहीं किया जा सकता, जबकि हिरासत की अवधि पीएमएलए की धारा 4 के तहत प्रस्तावित कारावास की अवधि के आधे से अधिक हो चुकी है। इसके अलावा, जब वह पहले से ही 31 में से 26 मामलों में जमानत पर है।”

कोर्ट ने लगाई शर्तें

अपने आदेश में कोर्ट ने निर्देश दिया कि सुकेश चंद्रशेखर को 5 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पेश करने पर जमानत पर रिहा किया जाए। कोर्ट ने कई शर्तें भी लगाई हैं। इनमें उसे गवाहों से संपर्क करने या उन्हें प्रभावित करने से रोकना, जांच अधिकारी को अपना पता और मोबाइल नंबर देना, अपना पासपोर्ट जमा करना और पूर्व अनुमति के बिना देश न छोड़ना शामिल है।

क्या था पूरा मामला?

2017 का मामला सुकेश के खिलाफ एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनाकरन के लिए मध्यस्थ के रूप में काम करने और वीके शशिकला गुट के लिए पार्टी का ‘दो पत्ती’ वाला चुनाव चिन्ह हासिल करने के लिए चुनाव आयोग के एक अधिकारी को रिश्वत देने के आरोपों से संबंधित था।

महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने जेल से लिखा नया पत्र

दिल्ली की जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Conman Sukesh Chandrashekhar) ने एक बार फिर से अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) को पत्र लिखा है। अपने पत्र में सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को ईस्टर की बधाई दी है। इसके साथ ही सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडीज को अगले ईस्टर के पर्व को अब तक का सबसे अच्छा उत्सव बनाने का वादा किया है। पढ़ें पूरी खबर…