मद्रास हाई कोर्ट ने शुक्रवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। याचिका में कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दाव के पिछले रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग की गई है।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, याचिका में कहा गया है कि सौरव दास सोशल मीडिया पर न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के जजों के खिलाफ अपमानजनक कमेंट कर रहे हैं। ऐसे में उनके सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक किया जाए।

चीफ जस्टिस एसए धर्माधिकारी और जस्टिस जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने इस मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया। इनमें क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (चेन्नई), UIDAI के अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, कानून एवं न्याय मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा एक्स और इंस्टाग्राम के शिकायत अधिकारी शामिल हैं।

हाई कोर्ट ने इन सभी को छह सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी।

याचिका में क्या आरोप लगाए गए?

कांचीपुरम जिले के गणेश कुमार की ओर से दाखिल याचिका में केंद्र सरकार से सौरव दास की पृष्ठभूमि और उनके पूर्व रिकॉर्ड की विस्तृत, निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता ने सौरव दास के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करते हुए उनका पासपोर्ट और आधार कार्ड रद्द करने का निर्देश देने की मांग भी की है। इसके अलावा, याचिका में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से सौरव दास के इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट को ब्लॉक करने तथा उन्हें न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियां करने से रोकने की मांग की गई है।

अदालत में सुनवाई के दौरान क्या दलील दी गई?

कोर्ट में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता बी. जगन्नाथ ने कहा कि उन्होंने सौरव दास के पिछले रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सौरव दास लगातार न्यायपालिका के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रहे हैं।

अधिवक्ता जगन्नाथ ने अदालत में कहा, “न्यायपालिका के बारे में जिस तरह से वह बोलते हैं, वह सही तरीका नहीं है। मैंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए मुझे यह याचिका दाखिल करनी पड़ी।”

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास करेंगे दिवाली पार्टी का आयोजन

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास शनिवार को दक्षिण दिल्ली स्थित अपने आवास पर दिवाली पार्टी आयोजित करेंगे। सौरव दाल की इस दिवाली पार्टी में कई विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता और जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर।