सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस शील नागू ने शुक्रवार को पंजाब सरकार द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। पंजाब सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की सुनवाई आज जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ के सामने होनी थी। जब मामले की सुनवाई शुरू हुई तो जस्टिस दत्ता ने कहा, “इस मामले की सुनवाई जस्टिस नागू नहीं कर सकते। इसे सीजेआई किसी दूसरी पीठ को सौंपेंगे।”

पंजाब सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता ने कहा कि जस्टिस नागू ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहते हुए उस याचिकाकर्ता की याचिकाओं पर कुछ आदेश पारित किए थे, जिसने बाद में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हालांकि, गुप्ता ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उन आदेशों पर भरोसा नहीं कर रही है।

इस पर जस्टिस दत्ता ने कहा कि जस्टिस नागू सुनवाई से अलग हो रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की, “हम बहुत कठिन समय में हैं, मिस्टर गुप्ता। किसी को नहीं पता कि हमला कहां से होगा। 17 अन्य पीठ हैं।”

इससे पहले गुरुवार को भी यह मामला सुप्रीम कोर्ट में आया था, लेकिन जस्टिस नागू को फाइलें देर से मिलने और उनका अध्ययन नहीं कर पाने के कारण सुनवाई शुक्रवार तक टाल दी गई थी। जस्टिस नागू जून 2026 में सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने से पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।

हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच का दिया था आदेश

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की पीठ ने सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी (OSD) राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े आरोपों की जांच के लिए सीबीआई को आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस को निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को पूरा सहयोग देने का भी आदेश दिया था।

यह आदेश अधिवक्ता निखिल सराफ की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ईडी की ओर से जांच की मांग किए जाने के बावजूद पंजाब पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की।

हाईकोर्ट में दी गई दलीलों के अनुसार, ईडी ने नितिन गोहल नामक व्यक्ति से जुड़े आरोपों को सामने रखा था। आरोप है कि वह पंजाब सरकार से विभिन्न तरह के काम कराने और लाभ हासिल करने के इच्छुक लोगों के लिए बिचौलिए की भूमिका निभाता था। इन आरोपों में अधिकारियों के तबादले कराने, गोपनीय सरकारी दस्तावेजों तक पहुंच दिलाने, हथियारों के लाइसेंस दिलाने और अन्य लाभ पहुंचाने जैसी गतिविधियां शामिल हैं। ये आरोप हैं, जिनकी जांच का निर्देश हाईकोर्ट ने दिया है।

पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्या दलील दी?

पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है। राज्य सरकार का तर्क है कि ईडी की ओर से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 66(2) के तहत दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस को तभी कार्रवाई करनी चाहिए, जब उससे संज्ञेय अपराध का खुलासा होता हो। सरकार ने यह भी दलील दी कि हाईकोर्ट का आदेश सुप्रीम कोर्ट के विजय मदनलाल चौधरी फैसले के विपरीत है।

मंगलवार को पंजाब सरकार की ओर से मामले का तत्काल उल्लेख सीजेआई सूर्यकांत के समक्ष किया गया था। राज्य सरकार ने आरोप लगाया था कि यह मामला राजनीतिक रूप से प्रेरित है और आगामी चुनावों को देखते हुए आगे बढ़ाया जा रहा है।

सीजेआई ने उसी दिन सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की थी, लेकिन मामले को गुरुवार को सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई थी। अब जस्टिस शील नागू के सुनवाई से अलग होने के बाद मामले को दूसरी पीठ के समक्ष रखा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार की याचिका पर आगे की सुनवाई में यह तय होगा कि हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश को चुनौती पर क्या रुख अपनाया जाता है।

‘ट्रेनें रद्द, होटलों पर रोक… मेरे देश में क्या हो रहा है?’ CEC विरोधी प्रदर्शन से पहले पाबंदियों पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और आइसा के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। दिल्ली जाने वाली ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और मेट्रो सेवाओं को बंद करने का प्रस्ताव है। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है। पढ़ें पूरी खबर।