इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश देने से इनकार कर दिया है। मामला साल 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान भारत में सिख समुदाय की सुरक्षा को लेकर दिए गए उनके बयान से जुड़ा है। कोर्ट ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के नाते राहुल गांधी को किसी समुदाय की चिंताओं और अधिकारों को उठाने का अधिकार है। साथ ही, किसी जनप्रतिनिधि के विचारों से असहमति होना अपने आप में अपराध नहीं है।

जस्टिस विक्रम डी चौहान की पीठ ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि राहुल गांधी का कथित बयान पहली नजर में समाज के एक वर्ग की चिंताओं को सामने रखने वाला था। उन्होंने भारत में सिख समुदाय के बीच असुरक्षा का माहौल होने की बात कही थी। साथ ही सवाल उठाया था कि क्या भारत में किसी सिख को पगड़ी पहनने और गुरुद्वारे जाने की आजादी होगी या नहीं।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि की ओर से अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर सवाल उठाना अपने आप में अपराध नहीं माना जा सकता। ऐसे बयान को संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिले बोलने और अभिव्यक्ति की आजादी के अधिकार का संरक्षण प्राप्त है।

असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है: हाईकोर्ट

हाईकोर्ट ने कहा कि समाज के कुछ वर्ग या व्यक्ति राहुल गांधी के बयान से सहमत नहीं हो सकते हैं, लेकिन सिर्फ असहमति के आधार पर किसी भाषण को अपराध नहीं माना जा सकता। कोर्ट के मुताबिक, किसी के विचारों से असहमत होना एक जीवंत लोकतंत्र का हिस्सा है।

अदालत ने यह भी कहा कि अगर कोई निर्वाचित जनप्रतिनिधि किसी व्यक्ति या समुदाय के बारे में गलत या बिना प्रमाण के बयान देता है, तो उसका जवाब संसद में बहस या सार्वजनिक चर्चा के जरिए दिया जा सकता है। इससे अलग-अलग विचारों के बीच खुली चर्चा होगी और सच्चाई सामने लाने में मदद मिलेगी।

राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग क्यों हुई थी?

दरअसल, याचिकाकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर वाराणसी की मजिस्ट्रेट अदालत और सेशन कोर्ट के फैसलों को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इन दोनों अदालतों ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया था।

याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि राहुल गांधी ने साल 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान भारत में सिखों की सुरक्षा को लेकर जो बयान दिया था, वह भड़काऊ था। उन्होंने दावा किया कि यह बयान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। यह धारा भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों से संबंधित है।

याचिकाकर्ताओं ने यह भी दलील दी थी कि एक अलगाववादी नेता की ओर से राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया जाना दिखाता है कि इसका इस्तेमाल हिंसा भड़काने के लिए किया जा सकता है।

संदेह के आधार पर आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि कानून के मुताबिक, केवल संदेह किसी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने का आधार नहीं बन सकता। संदेह का मतलब है कि किसी घटना के होने की आशंका है, जबकि सबूत ऐसे प्रमाण होते हैं जो यह दिखाते हैं कि घटना वास्तव में हुई है।

अदालत ने कहा कि राहुल गांधी के कथित भाषण में पहली नजर में ऐसा कुछ नहीं दिखता, जिससे हिंसा भड़कने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका साबित हो। अगर कोई तीसरा पक्ष उनके बयान का गलत मतलब निकालता है या अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए उसका इस्तेमाल करता है, तो इसके लिए वही पक्ष जिम्मेदार होगा। उसके खिलाफ उसके अपने कृत्यों के आधार पर कार्रवाई की जा सकती है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि का विदेश में जाकर किसी मुद्दे पर चिंता जताना कुछ लोगों को अनुचित लग सकता है या इसे संसदीय परंपराओं से अलग माना जा सकता है, लेकिन केवल इस वजह से उस बयान को अपराध नहीं कहा जा सकता।

याचिकाकर्ता बयान से जुड़े सबूत पेश नहीं कर पाए

अदालत ने याचिका पर सुनवाई के दौरान यह भी पाया कि याचिकाकर्ताओं ने राहुल गांधी के कथित भाषण की तारीख, समय और स्थान की जानकारी नहीं दी थी। इसके अलावा, उन्होंने अदालत के सामने भाषण का पूरा ट्रांसक्रिप्ट भी पेश नहीं किया।

कोर्ट ने कहा कि करीब दो साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बावजूद याचिकाकर्ता यह साबित नहीं कर पाए कि राहुल गांधी के बयान से भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरा पहुंचाने वाली कोई गतिविधि हुई थी।

अदालत ने दोहराया कि बोलने और अभिव्यक्ति की आजादी संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिलने वाला मौलिक अधिकार है। इसलिए किसी व्यक्ति के बयान को लेकर आपराधिक कार्रवाई की मांग करने वाली शिकायतों की अदालतों को सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। केवल किसी के विचारों से असहमति होना उसके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने का पर्याप्त आधार नहीं है।

यह भी पढ़ें: ‘वो चाहते हैं मैं चुनाव के दौरान जेल में रहूं’, सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की याचिका हाई कोर्ट भेजी

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने ईडी द्वारा दर्ज धनशोधन के एक नए मामले से जुड़ी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उसकी यह याचिका सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर कर दी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।