पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने मंगलवार को पंजाब के मुख्य सचिव के. एपी. सिन्हा को अवमानना का नोटिस जारी किया है। मुख्य सचिव को यह नोटिस राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) के बकाया भुगतान से मामले में हाई कोर्ट का आदेश न मानने के कारण जारी किया गया है। कोर्ट ने के.एपी. सिन्हा को 13 नवंबर तक का समय दिया है।
हाईकोर्ट ने इस समयावधि में अनुपालन हलफनामा (compliance affidavit) दाखिल करने और अगली सुनवाई की तारीख 17 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का भी निर्देश दिया है।
हाईकोर्ट का आदेश नहीं माना
जस्टिस हर्ष बंगेर की बेंच पंजाब स्टेट पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के एक रिटायर मुख्य अभियंता की ओर से दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि हाई कोर्ट के 3 अगस्त के आदेशों का पालन नहीं किया गया। आदेश में लंबित डीए और महंगाई राहत (डीआर) के बकाये का भुगतान 18 अगस्त को कहा गया था।
क्या दिया गया था आदेश?
3 अगस्त को कोर्ट ने मुख्य सचिव को अपने आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चिन करने और 31 अगस्त तक हाईकोर्ट रिजस्ट्री के समक्ष अनुपालन रिपोर्ट (compliance report) जमा करने का निर्देश दिया था। हालांकि कोर्ट को बताया गया कि कोई भी अनुपालन रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई है।
27 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने अवमानना याचिका में जवाब दाखिल न करने के लिए राज्य सरकार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने के.एपी. सिन्हा को 3 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने और अपने पिछले निर्देशों को लागू करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताने का निर्देश भी दिया था। कोर्ट ने उनसे एक व्यक्तिगत हलफनामा मांगा था,जिसमें की गई कार्रवाई का पूरा विवरण हो।
दिवाली के बाद सुप्रीम कोर्ट में जा सकता है मामला
मंगलवार की सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार के बताया कि 3 अगस्त के आदेश को चुनौती देने वाली उसकी विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) की सभी प्रक्रियात्मक कमियां दूर कर दी गई हैं और दिवाली के तुरंत बाद इसे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष सूचीबद्ध किए जाने की संभावना है। हालांकि याचिकाकर्ताओं के वकील ने बताया कि इस अपील को अभी तक कोई केस नंबर नहीं दिया गया है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर कर देने मात्र से राज्य सरकार अपने ऊपर दिए गए निर्देशों का पालन करने की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो जाती है। जब तक सुप्रीम कोर्ट इस आदेश पर रोक नहीं लगाता या उसमें कोई बदलाव नहीं करता, तब तक राज्य सरकार इसे मानने के लिए बाध्य है।
कोर्ट सरकार के उस तर्क से भी सहमत नहीं हुआ, जिसमें डीए (महंगाई भत्ता) के भुगतान में देरी होने पर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने की बात कही गई थी। कोर्ट ने सवाल किया कि क्या राज्य सरकार को लगता है कि वह भुगतान को अनिश्चित काल तक टाल सकती है और केवल ब्याज देकर अपनी जिम्मेदारी से बच सकती है?
महंगाई भत्ता कर्मचारियों का अधिकार है- हाईकोर्ट
कोर्ट ने कहा कि महंगाई भत्ता कर्मचारियों का अधिकार है, न कि सरकार की ओर से दी जाने वाली कोई खैरात। कोर्ट ने आगे कहा कि यदि सरकार एक बार में पूरा भुगतान करने में असमर्थ थी, तो वह बकाया राशि का भुगतान किस्तों में करने का प्रस्ताव दे सकती थी। हालांकि कोर्ट के सामने ऐसा कोई ठोस प्रस्ताव नहीं रखा गया। सरकार ने बकाया राशि चुकाने पर आने वाले भारी वित्तीय बोझ का हवाला देते हुए और समय मांगा।
3 अगस्त को हाईकोर्ट की एक डिवीजन बेंच ने पंजाब सरकार और पीएसपीसीएल को निर्देश दिया था कि वे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डीए/डीआर की सभी लंबित किस्तों का भुगतान दो सप्ताह के भीतर करें। आदेश में भुगतान में देरी होने पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।
हाईकोर्ट में मुख्य सचिव द्वारा दाखिल एक स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार एक जुलाई 2021 से 30 सितंबर 2026 की अवधि के लिए राज्य पर DA/DR की कुल बकाया राशि 22,818 करोड़ रुपये है। कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए कुल बकाया राशि 32,418 करोड़ रुपये आंकी गई है। अब इस मामले की सुनवाई 17 नवंबर को होगी।
यह भी पढ़ें: 7 साल तक चला 2.5 करोड़ की वसूली का मामला, कोर्ट फीस में दिए सिर्फ 10 रुपये, मद्रास हाई कोर्ट ने लगाई फटकार
मद्रास हाई कोर्ट ने एक निर्माण कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर को कोर्ट फीस के मामले में लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगाई है। कंपनी ने दूसरी निर्माण कंपनी से करीब 2.5 करोड़ रुपये वसूलने के लिए साल 2019 में मुकदमा दायर किया था, लेकिन इसके लिए सिर्फ 10 रुपये कोर्ट फीस जमा की थी। जबकि नियमानुसार उसे करीब 2.5 लाख रुपये कोर्ट फीस देनी थी। कंपनी ने बाकी रकम जमा करने में भी लगभग तीन साल लगा दिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
