सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के उल्लंघन को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। शीर्ष अदालत ने माना है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान मेट्रो और रेलवे सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने को लेकर 9 अक्टूबर को दिए गए उसके निर्देशों के कथित उल्लंघन के मामले में प्रथम दृष्टया अदालत की अवमानना का मामला बनता है।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने अवमानना याचिका पर रविवार को हुई विशेष सुनवाई के बाद अपने लिखित आदेश में यह टिप्पणी दर्ज की। यह याचिका अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने दायर की थी। याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की अध्यक्ष डी. थारा के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई थी।

अदालत ने कहा, “दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलों पर विचार करने और अवमानना याचिका में किए गए दावों का अवलोकन करने के बाद हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि याचिकाकर्ताओं ने प्रथम दृष्टया मामला बना दिया है। इसलिए कथित अवमाननाकर्ताओं को नोटिस जारी किया जाता है।”

कोर्ट ने कथित अवमाननाकर्ताओं को 13 अक्टूबर तक जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। उन्हें 9 अक्टूबर के कोर्ट के आदेश के अनुपालन पर एक रिपोर्ट भी पेश करनी होगी। फिलहाल, उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने से छूट दी गई है।

अवमानना याचिका में आरोप लगाया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान मेट्रो और रेलवे सेवाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगाने के सुप्रीम कोर्ट के पहले के निर्देशों के बावजूद अधिकारियों ने सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंध जारी रखे।

ये विरोध प्रदर्शन भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच हुए।

9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंध लगाने संबंधी अधिसूचनाएं जरूरत से ज्यादा सख्त प्रतीत होती हैं। अदालत ने अधिकारियों को 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के प्रस्ताव पर दोबारा विचार करने, नियंत्रित तरीके से ट्रेन सेवाएं जारी रखने और यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए संशोधित फैसलों का व्यापक प्रचार करने का निर्देश दिया था।

10 अक्टूबर को अदालत में अवमानना याचिका दायर की गई। इसमें आरोप लगाया गया कि 9 अक्टूबर के आदेश के बावजूद दिल्ली मेट्रो के स्टेशन बंद रहे।

रविवार को मामले की सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने 9 अक्टूबर के निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं, हालांकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 303 में से 45 स्टेशन बंद किए गए थे।

उन्होंने अदालत को बताया कि 10 अक्टूबर को रात 10 बजे तक सभी मेट्रो स्टेशन दोबारा खोल दिए गए थे। ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं और इंटरनेट कनेक्टिविटी भी बहाल कर दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने आज एक अन्य याचिका पर भी सुनवाई की। इसमें आरोप लगाया गया कि 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई के दौरान विपक्षी नेताओं समेत हजारों प्रदर्शनकारियों को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया। इस बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉर्पस) याचिका पर भी कोर्ट ने अलग से नोटिस जारी किया। दोनों मामलों के साथ उनसे जुड़ी अन्य याचिकाओं और हस्तक्षेप आवेदनों पर 13 अक्टूबर को सुनवाई होगी।

‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’, CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं को क्यों नहीं दिया मिलने का समय, बताई वजह

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा है कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। विपक्षी नेताओं से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने मिलने में असमर्थता जताई। सीजेआई ने कहा कि उन्होंने विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर मुलाकात नहीं करने की वजह बता दी है। पढ़ें पूरी खबर।