कर्नाटक में 60 साल की एक महिला ने नवंबर 2023 में पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटिजन्स सेविंग स्कीम (SCSS) में 1 लाख रुपये जमा किए थे। इसके अलावा बचत खाता खुलवाने के लिए 500 रुपये भी दिए थे। लेकिन करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी उन्हें ना तो जमा राशि का सर्टिफिकेट मिला और ना ही पासबुक।
जब महिला ने इस बारे में पोस्ट ऑफिस से जवाब मांगा तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि पोस्टमास्टर उनके पैसे का गबन करके फरार हो गया है। अब कर्नाटक के एक उपभोक्ता आयोग ने डाक विभाग को महिला को 1.15 लाख रुपये देने का आदेश दिया है। गडग जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष एजी मालदार और सदस्य डॉ. मंजूनाथ एम. बम्मनकट्टी इस मामले की सुनवाई कर रहे थे। यह शिकायत गडग जिले के नरेगल की रहने वाली ललिता ने कोंडिकोप्पा पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर और गडग के डाकघर अधीक्षक के खिलाफ दर्ज कराई थी।
ललिता ने शिकायत में कहा कि पोस्ट ऑफिस ने उन्हें ना तो SCSS में जमा राशि का सर्टिफिकेट दिया और न ही बचत खाते की पासबुक जारी की। इसके अलावा उनके 100500 रुपये भी वापस नहीं किए गए। महिला ने जमा की गई रकम ब्याज सहित वापस दिलाने के साथ ही आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी के लिए मुआवजे की मांग की थी।
आयोग ने 29 अक्टूबर को अपने फैसले में कहा, “डाक विभाग सिर्फ इस आधार पर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता कि जमा की गई रकम का उसके रिकॉर्ड में कोई हिसाब नहीं है। पैसे मिलने करने का रिकॉर्ड रखना और जरूरी दस्तावेज जारी करना संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी थी। अगर अधिकारी ऐसा करने में नाकाम रहता है तो इसके लिए शिकायतकर्ता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।”
क्या है मामला और कब हुआ शुरू?
यह मामला 14 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। ललिता के मुताबिक, उन्होंने उस दिन ब्रांच पोस्टमास्टर को 1 लाख 500 रुपये दिए थे। इसके सबूत के तौर पर उन्होंने दो नकद रसीदें भी पेश कीं जिन पर पोस्टमास्टर के हस्ताक्षर और पोस्ट ऑफिस की मुहर लगी हुई थी। हालांकि उन्हें जो दस्तावेज देने का वादा किया गया था, वे कभी नहीं मिले।
महिला ने कई बार जमा राशि के दस्तावेज मांगे
ललिता ने बताया कि उन्होंने सीनियर सिटिजन्स सेविंग स्कीम (SCSS) खाते में 1 लाख रुपये जमा किए थे। इसके अलावा, बचत खाता खुलवाने के लिए 500 रुपये दिए थे। पोस्टमास्टर ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि जमा राशि का सर्टिफिकेट और पासबुक बाद में दे दी जाएगी, लेकिन उन्हें ये दोनों दस्तावेज कभी नहीं मिले।
बाद में उन्हें पता चला कि पोस्टमास्टर ने उनकी जमा रकम और बचत के पैसों का कथित तौर पर गबन कर लिया है और वह फरार हो गया है। इसके बाद ललिता ने 7 नवंबर 2024 को डाकघर के अधीक्षक से शिकायत की।
डाक विभाग ने 6 जनवरी 2025 को जवाब देते हुए उनसे तय फॉर्मेट वाली रसीद पेश करने को कहा। इसके बाद महिला ने मार्च 2026 में विभाग को कानूनी नोटिस भेजा।
डाकघर के अधीक्षक ने आयोग में दलील दी कि ललिता ने तय फॉर्मेट वाली SB-26(T) रसीद जमा नहीं की थी। विभाग के मुताबिक, SB-103 फॉर्म केवल आवेदन पत्र थे। डाक विभाग के रिकॉर्ड में 1 लाख रुपये जमा होने की कोई एंट्री नहीं थी। विभाग ने अपनी ओर से किसी भी तरह की सेवा में कमी होने से इनकार किया। वहीं पोस्टमास्टर इस मामले की सुनवाई में पेश नहीं हुआ।
रिकॉर्ड में एंट्री न होने से महिला का दावा खारिज नहीं हो सकता
उपभोक्ता आयोग ने पाया कि महिला की ओर से पेश की गई दोनों नकद रसीदों पर पोस्टमास्टर के हस्ताक्षर और पोस्ट ऑफिस की मुहर लगी हुई थी। आयोग ने कहा कि सिर्फ तय फॉर्मेट वाली रसीद न होने के आधार पर महिला के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।
डाक विभाग ने ऐसा कोई सबूत भी पेश नहीं किया जिससे यह साबित हो सके कि रसीदें गलत या फर्जी थीं। आयोग ने कहा कि विभाग के रिकॉर्ड में जमा राशि की एंट्री न होना एक अहम बात है। लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि महिला ने पैसे जमा नहीं किए थे। अगर किसी सरकारी कर्मचारी ने अपनी ड्यूटी के तहत ग्राहक से पैसे लिए हैं तो विभाग यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता कि उसके रिकॉर्ड में पैसे जमा होने की जानकारी नहीं है।
आयोग ने कहा, ”अगर कोई अधिकारी फिक्स्ड डिपॉजिट खोलने और बचत खाता शुरू करने के लिए ग्राहक से पैसे लेता है। लेकिन विभाग के रिकॉर्ड में उस रकम का हिसाब दर्ज नहीं करता तो सिर्फ इस आधार पर ग्राहक के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।”
आयोग ने यह भी कहा कि पैसे का हिसाब रखना और ग्राहक को जरूरी दस्तावेज देना संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी थी।
सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए आयोग ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी अधिकारी की गलत हरकत के लिए विभाग की भी जिम्मेदारी बनती है। इसे कानूनी भाषा में विकेरियस लायबिलिटी (प्रतिनिधिक जिम्मेदारी) कहा जाता है।
आयोग ने रसीदों और दूसरे सबूतों के आधार पर माना कि ललिता ने फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए 1 लाख रुपये और बचत खाते के लिए 500 रुपये जमा किए थे। इसके बावजूद उन्हें दस्तावेज नहीं दिए गए और ना ही पैसे लौटाए गए। आयोग ने इसे सेवा में कमी माना।
डाक विभाग को 1 लाख रुपये ब्याज समेत लौटाने का आदेश
उपभोक्ता आयोग ने डाक विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से और अलग-अलग जिम्मेदार ठहराते हुए ललिता को राहत देने का आदेश दिया।
आयोग के आदेश के मुताबिक:
- 1 लाख रुपये: जमा राशि पर 7 नवंबर 2024 से भुगतान होने तक सालाना 6% ब्याज के साथ लौटाने होंगे।
- 10 हजार रुपये: मानसिक परेशानी और कठिनाई के मुआवजे के तौर पर देने होंगे।
- 5 हजार रुपये: मुकदमे का खर्च देना होगा।
डाक विभाग को यह पूरी रकम 8 सप्ताह के भीतर चुकानी होगी।
पोस्ट ऑफिस में पैसे जमा करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- -पैसे जमा करने के बाद पोस्ट ऑफिस से आधिकारिक रसीद जरूर लें।
- -रसीद पर संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर और पोस्ट ऑफिस की मुहर होनी चाहिए।
- -खाता खुलवाने से जुड़े सभी दस्तावेज और रसीदें सुरक्षित रखें।
- -अगर पासबुक या जमा राशि का सर्टिफिकेट नहीं मिलता है तो वरिष्ठ डाक अधिकारियों से लिखित शिकायत करें।
- -शिकायत और विभाग की ओर से मिले सभी जवाबों का रिकॉर्ड संभालकर रखें।
उपभोक्ता से जुड़ी शिकायतों के लिए लोग अपने राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की उपभोक्ता हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। कर्नाटक के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-425-9339 है। इसके अलावा, राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के नंबर 1915 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
