मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में क्वो वारंटो (Quo Warranto) की रिट याचिका दाखिल की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि तीनों की नियुक्तियां मुख्य चुनाव आयुक्त एवं अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 में तय प्रक्रिया का पालन किए बिना की गईं। बता दें, क्वो वारंटो किसी व्यक्ति के सार्वजनिक पद पर बने रहने के कानूनी अधिकार को चुनौती देने वाली रिट।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, याचिकाकर्ता सूरी पायला की ओर से संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर याचिका में 14 मार्च 2024 की उन अधिसूचनाओं को चुनौती दी गई है, जिनके जरिए ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।

याचिका में आगे 17 फरवरी 2025 की अधिसूचना को भी चुनौती दी गई है। इसी अधिसूचना के जरिए ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त और विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। याचिकाकर्ता ने इन नियुक्तियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के कथित उल्लंघन के आधार पर चुनौती दी है।

सर्च कमेटी के पैनल को चुनौती

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में CEC और अन्य EC नियुक्ति अधिनियम, 2023 की धारा 5, 6 और 8(1) का पालन नहीं किया गया। धारा 6 के तहत सर्च कमेटी को प्रत्येक रिक्त पद के लिए पांच नामों का पैनल तैयार करना था। मार्च 2024 में जब चुनाव आयुक्त के दो पद खाली हुए, तब याचिकाकर्ता के मुताबिक, सर्च कमेटी ने दोनों पदों के लिए कुल 10 नामों के बजाय केवल छह नाम चयन समिति के सामने रखे।

याचिका में सुप्रीम कोर्ट के 22 मार्च 2024 के आदेश का भी हवाला दिया गया है। उस मामले में कोर्ट ने प्रथम दृष्टया कहा था कि धारा 6 के अनुसार दो रिक्तियों के लिए 10 संभावित उम्मीदवारों के नाम होने चाहिए थे। कोर्ट ने नियुक्ति प्रक्रिया की जल्दबाजी पर भी चिंता जताई थी और कहा था कि चयन समिति के सदस्यों को उम्मीदवारों के पूरे विवरण और पृष्ठभूमि की जानकारी पहले उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे उचित विचार-विमर्श कर सकें।

याचिका में आगे आरोप लगाया गया है कि 13 मार्च 2024 को विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग के सचिव ने नेता प्रतिपक्ष को 200 से अधिक लोगों की सूची भेज दी थी, जबकि उस समय तक सर्च कमेटी ने शॉर्टलिस्ट भी तैयार नहीं की थी।

इसके अगले ही दिन, 14 मार्च 2024 को सर्च कमेटी ने छह नामों की सिफारिश की और उसी दिन चयन समिति ने ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को चुनाव आयुक्त नियुक्त करने के लिए चुन लिया। याचिकाकर्ता का कहना है कि इससे सवाल उठता है कि क्या सर्च कमेटी द्वारा सुझाए गए ये छह नाम वास्तव में कानून की धारा 6 में निर्धारित तरीके से तैयार किया गया “पैनल” थे।

चुनाव संबंधी अनुभव का स्पष्ट प्रमाण नहीं होने का आरोप

याचिका में नियुक्त किए गए चुनाव आयुक्तों के चुनावी क्षेत्र में प्रदर्शित अनुभव और विशेषज्ञता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

2023 के कानून की धारा 5 के तहत चुनाव आयुक्त पद के लिए वही व्यक्ति योग्य है, जो भारत सरकार में सचिव के समकक्ष पद पर हो या रह चुका हो और जिसकी ईमानदारी के साथ-साथ चुनावों के प्रबंधन और संचालन का ज्ञान एवं अनुभव हो। वहीं, धारा 8(1) के अनुसार चयन समिति को अपनी कार्यप्रणाली पारदर्शी तरीके से तय और संचालित करनी होती है।

याचिका में दावा किया गया है कि ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के आधिकारिक प्रोफाइल और Executive Record Sheets में चुनाव आयोग में नियुक्ति से पहले ऐसा कोई पद या कार्यभार दर्ज नहीं है, जो सीधे तौर पर चुनावों के प्रबंधन या संचालन से संबंधित हो।

याचिकाकर्ता का तर्क है कि इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या दोनों अधिकारियों के पास धारा 5 में निर्धारित चुनाव संबंधी ज्ञान और अनुभव मौजूद था।

याचिका में ज्ञानेश कुमार को लेकर कहा गया है कि उनकी Executive Record Sheet में 26 पदस्थापनाओं का उल्लेख है, लेकिन इनमें से किसी को भी चुनाव से संबंधित काम के तौर पर दर्ज नहीं किया गया है। याचिका में यह माना गया है कि उन्होंने एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर के रूप में काम किया था, लेकिन रिकॉर्ड में इस पद को भूमि राजस्व प्रबंधन और जिला प्रशासन के तहत वर्गीकृत किया गया है।

याचिकाकर्ता का कहना है कि सार्वजनिक रिकॉर्ड से यह स्पष्ट नहीं है कि अपने करियर के दौरान कुमार को कभी जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया था, उन्होंने चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में काम किया था या उन्हें चुनाव से जुड़ी कोई अन्य जिम्मेदारी दी गई थी।

सुखबीर सिंह संधू को लेकर भी याचिका में इसी तरह की दलील दी गई है। उनके आधिकारिक प्रोफाइल में जिलाधिकारी, उत्तराखंड के मुख्य सचिव, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन और लोकपाल के सचिव जैसे पदों का उल्लेख है। लेकिन याचिकाकर्ता के मुताबिक, इनमें से किसी भी पद को चुनाव प्रबंधन या चुनाव आयोग से संबंधित कार्य के तौर पर दर्ज नहीं किया गया है।

याचिका में विवेक जोशी को लेकर भी इसी तरह का दावा किया गया है। उनके प्रोफाइल में हरियाणा के मुख्य सचिव, रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त, वित्तीय सेवा विभाग के सचिव और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) में सचिव जैसे वरिष्ठ पदों का उल्लेख है। हालांकि, याचिका के अनुसार, उनके रिकॉर्ड में भी चुनाव से संबंधित कोई विशेष जिम्मेदारी दर्ज नहीं है।

हालांकि, याचिकाकर्ता ने यह भी माना है कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध प्रोफाइल में दर्ज नहीं की गई चुनाव संबंधी किसी भी जिम्मेदारी या कार्यभार की जानकारी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के पास उपलब्ध है।

2025 की नियुक्तियों को भी चुनौती

याचिका में 17 फरवरी 2025 को हुई नियुक्तियों को भी चुनौती दी गई है। उस दिन ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयुक्त से मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) बनाया गया था, जबकि विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त (EC) नियुक्त किया गया।

याचिकाकर्ता का कहना है कि इन नियुक्तियों में भी 2023 के कानून की धारा 5 से 8 में तय शर्तों का स्वतंत्र रूप से पालन किया जाना जरूरी था। इसमें नई सर्च कमेटी पैनल तैयार करना और पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाना भी शामिल है।

याचिका के मुताबिक, 17 फरवरी 2025 को चयन समिति की बैठक हुई और ज्ञानेश कुमार को 19 फरवरी 2025 से CEC नियुक्त किया गया। इसी बैठक में ज्ञानेश कुमार के पदोन्नत होने से खाली हुई चुनाव आयुक्त की सीट के लिए विवेक जोशी का चयन किया गया।

याचिकाकर्ता ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या चयन समिति ने अपनी कार्यप्रणाली का नियम चयन से पहले तय किया था और क्या वह प्रक्रिया उस समय के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज या सार्वजनिक रूप से पता चलने योग्य थी। याचिकाकर्ता ने 2024 और 2025 की नियुक्तियों से संबंधित सर्च कमेटी और चयन समिति की मूल फाइलें और रिकॉर्ड अदालत में पेश करने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि नियुक्तियों से संबंधित रिकॉर्ड हासिल करने के लिए 27 सितंबर 2026 और 2 अक्टूबर 2026 को RTI आवेदन दायर किए गए थे, लेकिन ये आवेदन अभी भी लंबित हैं।

पंजाब में 50 वार्ड के चुनाव रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने छह हफ्ते में दोबारा मतदान का दिया आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में स्थानीय निकायों के लिए 50 वार्ड में हुए चुनाव रद्द कर दिए हैं। अदालत की ओर से नियुक्त जांच आयोग ने पाया कि नामांकन के दौरान बड़े पैमाने पर रुकावटें डाली गईं। कई उम्मीदवारों के नामांकन पत्र छीन लिए गए, फाड़ दिए गए या नष्ट कर दिए गए। कुछ उम्मीदवारों के साथ मारपीट की गई, उन्हें हिरासत में लिया गया या धमकाया गया। पढ़ें पूरी खबर।