Tamil Nadu News: मद्रास हाई कोर्ट में चार चुनावी याचिकाएं दायर की गई हैं। इनमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय के पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने को चुनौती दी गई है। इनमें से दो याचिकाएं डीएमके नेता आर.डी. शेखर और इंडिगो इरुदयाराज ने दायर की हैं। वहीं बाकी की दो याचिकाएं दो मतदाता टी.एन. लक्ष्मी नरसिम्हन और एस. दिनेश ने दायर की है।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, विजय ने 2026 के विधानसभा चुनाव में दो निर्वाचन क्षेत्रों पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से चुनाव लड़ा था। वह दोनों ही सीटों से चुनाव जीत गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने पेरम्बूर सीट अपने पास में रखी और त्रिची ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया।
विजय ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पेरंबूर सीट 53715 वोटों के अंतर से जीती थी। चुनाव आयोग के अनुसार, विजय को 120365 वोट मिले, जबकि शेखर को 66650 वोट मिले। इन याचिकाओं के कारण अब विजय की पेरंबूर जीत न्यायिक जांच के दायरे में आ गई है। चुनावी याचिकाएं किसी चुने हुए उम्मीदवार के चुनाव को चुनौती देने का कानूनी तरीका हैं और इन पर हाई कोर्ट सुनवाई करता है।
सबसे ज्यादा चर्चा में रही पेरम्बूर सीट
ऐसी याचिकाएं अपने आप में चुने हुए उम्मीदवार की स्थिति पर असर नहीं डालती हैं। चुनाव परिणाम तब तक प्रभावी रहता है जब तक कि सुनवाई के बाद कोर्ट उसे रद्द न कर दे। पेरम्बूर से विजय की जीत 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले मुकाबलों में से एक थी। टीवीके के जरिये राजनीति में आने के बाद यह उनकी चुनावी शुरुआत और जीत थी।
फरवरी 2024 में विजय की ओर से पार्टी को औपचारिक रूप से लॉन्च करने के बाद टीवीके ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। पार्टी ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में बड़ी चुनावी सफलता हासिल की और राज्य की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में से एक बनकर उभरी।
ये याचिकाएं तमिलनाडु में टीवीके विधायकों को तोड़ने की कथित कोशिशों को लेकर चल रहे बड़े राजनीतिक विवाद के बीच दायर की गई हैं। टीवीके के विधायक एन. इलैयाराजा ने हाल ही में आरोप लगाया कि उन्हें तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर के खिलाफ वोट देने के लिए 35 करोड़ की पेशकश की गई थी। इस आरोप के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और शुरुआत में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाद की खबरों के अनुसार, कथित तौर पर विधायक को तोड़ने की इस कोशिश के सिलसिले में पांच और लोगों को हिरासत में लिया गया।
टीवीके और डीएमके ने एक-दूसरे पर लगाया हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप
इस राजनीतिक विवाद में टीवीके और विपक्षी पार्टी डीएमके ने एक-दूसरे पर ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ के आरोप लगाए हैं। टीवीके ने विजय के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों का आरोप लगाया है, जबकि डीएमके ने विजय और एमडीएमके नेता वाइको पर अपनी पार्टी के विधायकों को लुभाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
विधानसभा चुनावों के बाद से विजय और टीवीके को मद्रास हाई कोर्ट में चुनाव से जुड़ी कई कानूनी प्रक्रियाओं का भी सामना करना पड़ा है। कोर्ट ने पहले उन याचिकाओं को खारिज कर दिया था जिनमें विजय और अन्य नेताओं द्वारा दाखिल चुनावी हलफनामों में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था।
यह भी पढ़ें: सीएम विजय की ताकत बढ़ी! AIADMK के 4 पूर्व मंत्री, कई विधायक हजारों समर्थकों के साथ TVK में शामिल
तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार (2 जुलाई 2026) को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) के चार पूर्व मंत्री, कई पूर्व विधायक और हजारों कार्यकर्ता सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) में शामिल हो गए। इसे 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद का सबसे बड़ा राजनीतिक दल-बदल माना जा रहा है। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
