न्याय की दुनिया में फैसले केवल कानून की धाराओं से नहीं, बल्कि अनुभव, संघर्ष, साहस और संवैधानिक मूल्यों से भी आकार लेते हैं। देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में अपनी जगह बनाने वाली महिला जजों का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा है। इन महिला जजों की यात्रा आसान नहीं रही है। इसके पीछे सालों की मेहनत, चुनौतियों से सामना, सामाजिक बाधाओं को पार करने का हौसला और अपने सिद्धांत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता रही है।
“न्याय शक्ति” हमारी विशेष सीरीज है। इसमें हम सुप्रीम कोर्ट की महिला जजों के जीवन, उनके संघर्ष, शिक्षा, कानूनी सफर और ऐतिहासिक उपलब्धियों को जानने की कोशिश करेंगे। यह उन महिला जजों की कहानियां हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से न्यायपालिका के शिखर तक का रास्ता तय किया। यह सिर्फ उनकी कामयाबी की कहानियां नहीं हैं, बल्कि उस दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और बदलाव की दास्तान है, जिसने भारतीय न्यायपालिका में महिलाओं की भूमिका को एक नई पहचान दी है।
तमिलनाडु के सरकारी स्कूल से सुप्रीम कोर्ट की जज की कुर्सी तक…13 भाई-बहनों में 11 वें नंबर पर जन्मी एक लड़की का सफर केवल व्यक्तिगत सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि संघर्ष, संकल्प की मिसाल भी है। तमिलनाडु से दिल्ली तक और एक जूनियर वकील से देश की सर्वोच्च अदालत की जज बनने तक जस्टिस वी.मोहना ने कई उतार-चढ़ाव देखे। अपनी इस कामयाबी को श्रेय वह मां, पति, परिवार और शिक्षकों को देती हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया था कि किसी महिला की सफलता के पीछे कितने लोगों का साथ और त्याग होता है। “न्याय शक्ति” की इस सीरीज में पढ़िए जस्टिस वी.मोहना के सफर की कहानी।
अगस्त, 2026 को सुप्रीम कोर्ट के नए जजों के लिए SCBA के सम्मान समारोह में बोलते हुए जस्टिस वी. मोहना ने ने अपनी जिंदगी और कानूनी सफर की कहानी साझा करते हुए कहा था कि उनकी सफलता के पीछे उनके परिवार, खासकर मां और पति का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा था कि एक सफल महिला के पीछे उसका पति और पूरा परिवार होता है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने अपने संघर्ष, मेहनत और लंबे कानूनी करियर को याद किया था। इस दौरान उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उनके सफर में उनका साथ दिया।
सुप्रीम कोर्ट के प्रशासनिक भवन परिसर स्थित सभागार में आयोजित इस समारोह में जस्टिस वी. मोहना के अलावा जस्टिस शील नागू, जस्टिस श्री चंद्रशेखर, जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस अरुण पल्ली का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, सुप्रीम कोर्ट के अन्य जज, अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, SCBA अध्यक्ष विकास सिंह और बड़ी संख्या में वरिष्ठ वकील मौजूद थे।
मां का सपना पूरा करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि
जस्टिस मोहना ने कहा था कि यह उनके लिए बेहद भावुक पल है। जिस सुप्रीम कोर्ट में उन्होंने एक वकील के तौर पर अपनी पहचान बनाई, आज उसी संस्थान में वह जज के रूप में खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट बार ने उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया, प्रोत्साहित किया और एक वकील के तौर पर उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम का भी आभार जताया था, जिन्होंने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने की सिफारिश की।
मोहना ने सफलता का सबसे ज्यादा श्रेय अपनी मां को दिया। उन्होंने कहा, “यह मेरी मां का सपना था, जो मुझे यहां तक लेकर आया है।” उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन वह देश की सबसे बड़ी अदालत में जज के रूप में बैठेंगी।
सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर, 13 भाई-बहनों में 11वें नंबर पर हैं जस्टिस मोहना
जस्टिस वी. मोहना ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि उन्होंने तमिलनाडु के एक सरकारी स्कूल से पढ़ाई की। उस दौर में उनके शिक्षकों ने पढ़ाई के साथ-साथ उनकी दूसरी जरूरतों का भी ध्यान रखा। कई बार शिक्षकों ने उन्हें यूनिफॉर्म और ज्योमेट्री बॉक्स जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराईं।
मोहना 13 भाई-बहनों में 11वें नंबर पर हैं। उन्होंने अपने माता-पिता, भाई-बहनों और ससुराल पक्ष के लोगों का भी आभार जताया। उनके मुताबिक, परिवार के सहयोग के बिना इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था।
5वीं क्लास तक पढ़ीं जस्टिस वी. मोहना की मां, पिता आर्मी रिटायर
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के एक फलते-फूलते कमर्शियल शहर पोलाची में जन्मी वी. मोहना एक ऐसे परिवार में पली-बढ़ीं, जहां अनुशासन, कड़ी मेहनत और पढ़ाई को जिंदगी के सबसे जरूरी मूल्य माना जाता था। वह एक बड़े परिवार में 13 भाई-बहनों में 11वीं थीं, जिसमें नौ बेटियां और चार बेटे थे।
उनके पिता, एस वेंकिट सुब्रमणि अय्यर आर्मी में थे और फिर तमिलनाडु सरकार में सीनियर एंटोमोलॉजिस्ट के तौर पर काम किया। मिलिट्री में मिले अनुशासन और सेवा की भावना ने परिवार की जिंदगी को बनाया। हर बच्चे से उम्मीद की जाती थी कि वह बेहतरीन काम करे। जहां उनके पिता ने अनुशासन की नींव रखी, वहीं उनकी मां, कावेरी अम्मल ने अपनी बेटी के असाधारण टैलेंट को पहचाना।
इस कहानी को खास बनाने वाली बात यह है कि जस्टिस वी. मोहना की मां सिर्फ पांचवीं क्लास तक पढ़ी थीं। फिर भी उन्होंने मोहना की डिबेट और पब्लिक स्पीकिंग में गहरी दिलचस्पी देखी, और समझ गईं कि ये सिर्फ़ हॉबी नहीं हैं, बल्कि एक सफल वकील बनने की उनकी काबिलियत के संकेत हैं। जस्टिस मोहना के करीबी सूत्रों ने NDTV को बताया था कि उनकी मां ने उन्हें एक ऐसा रास्ता अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जो परिवार में पहले किसी ने नहीं अपनाया था, यानी कानूनी पेशा।
पांच साल के इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स के पहले बैच की छात्रा रहीं मोहना
जस्टिस मोहना ने साल 1983-1988 के बीच कोयंबटूर के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से पांच साल का इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स किया था। वह इस कोर्स के पहले बैच की छात्रा थीं। उस समय देश में पहली बार 12वीं के बाद पांच साल का इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स शुरू किया गया था।
उनके साथ पढ़ने वाले छात्रों में सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस के.वी. विश्वनाथन भी शामिल थे। उन्होंने अपने बैच को गर्व का विषय बताते हुए पुराने दिनों को भी याद किया।
कोयंबटूर से दिल्ली तक का सफर, छोटे शहर से शुरू की वकालत
कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद जस्टिस मोहना ने कोयंबटूर के वरिष्ठ सिविल वकील एम. पंचपकेसन के चैंबर में काम शुरू किया। वह पढ़ाई के दौरान भी उनके साथ इंटर्नशिप कर चुकी थीं।
यहां उन्होंने सिविल मुकदमों, ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही और सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) की बारीकियां सीखीं। केस की तैयारी, कानूनी दस्तावेज तैयार करना और अदालत में दलील रखने की शुरुआती ट्रेनिंग भी उन्हें यहीं मिली।
साल 1992 में अपने वरिष्ठ की सलाह पर वह दिल्ली आ गईं। दिल्ली में शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि शादी के बाद वह करोल बाग में एक छोटे से बरसाती कमरे में रहती थीं। उस समय संसाधन सीमित थे, लेकिन आगे बढ़ने का हौसला मजबूत था।
उन्होंने मार्च 1994 में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की सदस्यता के लिए भरे गए अपने फॉर्म का भी जिक्र किया। समारोह में उस फॉर्म को देखकर उन्हें अपने संघर्ष के शुरुआती दिन याद आ गए।
इंदु मल्होत्रा और सीएस वैद्यनाथन से सीखी वकालत की बारीकियां
दिल्ली आने के बाद जस्टिस मोहना ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंदु मल्होत्रा के चैंबर में काम किया। यहां उन्हें सुप्रीम कोर्ट में मुकदमों की पैरवी, याचिकाओं की ड्राफ्टिंग, कानूनी रिसर्च और वरिष्ठ वकीलों को केस की ब्रीफिंग करने का अनुभव मिला।
इसके बाद अगस्त 1993 में वह वरिष्ठ अधिवक्ता सी.एस. वैद्यनाथन के चैंबर से जुड़ गईं। यहां उनका मुख्य काम कानूनी रिसर्च करना, केस की तैयारी, महत्वपूर्ण तारीखों और घटनाओं की सूची बनाना और दलीलों के लिए नोट्स तैयार करना था।
इस दौरान उन्हें कपिल सिब्बल, अरुण जेटली, पी. चिदंबरम और के.के. वेणुगोपाल जैसे दिग्गज वकीलों के साथ काम करने और उन्हें केस ब्रीफ करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इन वरिष्ठ वकीलों के साथ काम करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और कानूनी समझ मजबूत हुई।
1996 में पास की सुप्रीम कोर्ट की AOR परीक्षा
जस्टिस मोहना ने साल 1996 में सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड (AOR) परीक्षा पास की। इस परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने करीब तीन महीने तक रोजाना कुछ घंटे पढ़ाई की थी।
उस समय उनका बेटा बहुत छोटा था, इसलिए घर और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी करने वाले वकीलों को नियमित पढ़ाई करनी चाहिए और सुप्रीम कोर्ट की ओर से आयोजित तैयारी कक्षाओं में भी हिस्सा लेना चाहिए।
AOR बनने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग समेत कई अदालतों और ट्रिब्यूनल में स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस की।
सिविल से लेकर क्रिमिनल और संवैधानिक मामलों तक किया काम
जस्टिस मोहना का कानूनी अनुभव कई क्षेत्रों में रहा है। उन्होंने उपभोक्ता विवादों, सिविल मामलों, आपराधिक मामलों, सेवा मामलों, संवैधानिक मामलों और भ्रष्टाचार से जुड़े मुकदमों में काम किया।
वह केंद्र सरकार की वरिष्ठ अधिवक्ता पैनल का भी हिस्सा रहीं। इस दौरान जरूरत पड़ने पर सरकारी पक्ष की ओर से अदालत में पेश होकर दलीलें रखती थीं।
इसके अलावा उन्होंने सुप्रीम कोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी के पैनल वकील के रूप में 1996 से 2013 तक काम किया। वह कई मामलों में जरूरतमंद आरोपियों की ओर से मुफ्त कानूनी सहायता देती रहीं। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कई मामलों में एमिकस क्यूरी यानी न्याय मित्र भी नियुक्त किया।
वह सुप्रीम कोर्ट में मध्यस्थ (मीडिएटर) के रूप में भी काम कर चुकी हैं। इसके तहत अदालत में आने वाले विवादों को आपसी बातचीत और सहमति से सुलझाने की कोशिश की जाती है।
2015 में बनीं सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता
लंबे कानूनी अनुभव और लगातार मेहनत के बाद 23 अप्रैल 2015 को सुप्रीम कोर्ट की फुल कोर्ट ने उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) के रूप में नामित किया था।
अपने पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वरिष्ठ अधिवक्ता बनने के बाद काम की प्रकृति बदल जाती है। अब उन्हें मुख्य रूप से मामलों की तैयारी, बहस, कानूनी राय देने और याचिकाओं को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी निभानी होती है। उन्होंने कहा था कि वरिष्ठ अधिवक्ता बनने के बाद जिम्मेदारी कम नहीं होती, बल्कि और बढ़ जाती है।
पति और बेटे के सहयोग से संभाली परिवार और करियर की जिम्मेदारी
जस्टिस मोहना ने अपने संबोधन में पति के योगदान को खास तौर पर याद किया। उन्होंने बताया कि वकालत के शुरुआती दौर में परिवार और पेशे के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं था। उनके पति ने घरेलू जिम्मेदारियों में उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने अपने बेटे की देखभाल करने वाले व्यक्ति का भी आभार जताया, जिसने उनके व्यस्त पेशेवर जीवन में बच्चे की जिम्मेदारी संभाली।
उनका कहना था कि किसी महिला की सफलता को सिर्फ उसकी व्यक्तिगत मेहनत के नजरिए से नहीं देखना चाहिए। उसके पीछे परिवार का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।
जस्टिस मोहना की सलाह
जस्टिस मोहना ने युवा वकीलों को संदेश दिया कि कानून की पढ़ाई को गंभीरता से लें, नियमित रूप से किताबें पढ़ें और नए फैसलों से खुद को अपडेट रखें। उन्होंने कहा कि अच्छा वकील बनने के लिए सिर्फ बहस करना काफी नहीं है। विचारों में स्पष्टता, संवाद की अच्छी क्षमता, अदालत के प्रति सम्मान और अनुशासन भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वकालत में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। एक-एक केस को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए। मुवक्किल और अदालत के प्रति ईमानदार रहना सबसे जरूरी है। उन्होंने युवा वकीलों से बड़े सपने देखने की अपील करते हुए कहा कि अगर पोल्लाची, इरोड और कोयंबटूर जैसे शहरों से आने वाली एक लड़की सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकती है, तो आज की युवा पीढ़ी इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती है।
न्यायपालिका और जजों के खिलाफ होने वाली टिप्पणियों को लेकर को मद्रास हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाई कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु पुलिस से कहा कि वह मौजूदा जजों को पर्सनली टारगेट करने, बदनाम करने या डराने के मकसद से होने वाले पब्लिक प्रोटेस्ट की परमिशन न दें। साथ ही ऐसी किसी भी भीड़ को तुरंत रोके जो किसी जज पर पर्सनल अटैक में बदल जाए या न्यायपालिका को बदनाम करे। पढ़ें पूरी खबर।
