सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं की याचिकाओं पर सुनवाई हुई। राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी दलों के सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सख्त टिप्पणी की और कहा कि कोई भी न्यायपालिका को डरा-धमका नहीं सकता और अदालतें ‘आइवरी टावर’ यानी दुनिया से कटकर नहीं बैठी हैं।

सीजेआई ने कहा कि इस तरह की कोशिशें बेकार हैं और इन पर कोई ध्यान नहीं देता। उन्होंने कहा, ”हम आइवरी टावर में नहीं बैठे हैं। हमें हर चीज की जानकारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि अदालत को पता है कि बाहर क्या कहा जा रहा है और अदालत के भीतर क्या हो रहा है।

दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन से जुड़े मामलों पर CJI ने कहा कि सभी याचिकाओं पर नोटिस जारी किया जा रहा है और केंद्र सरकार से जवाब दाखिल करने को कहा जाएगा।

चुनाव आयोग को नोटिस जारी

सुप्रीम कोर्ट ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामलों में राहुल गांधी, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की याचिकाओं पर चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है। अदालत ने मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों से भी जवाब मांगा है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इन मामलों की सुनवाई मुख्य मामले के साथ की जाएगी। वहीं दिल्ली में 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान अदालत ने सुप्रीम कोर्ट परिसर तक मार्च निकालने के मामले पर भी सवाल उठाए।

इसके साथ ही SC न राहुल गांधी की याचिका पर चुनाव आयोग (ECI) को नोटिस जारी किया है। हालांकि, अदालत ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में मार्च निकालने के राहुल गांधी के कदम पर भी स्पष्टीकरण मांगा है।

याचिकाओं में क्या मांग की गई

इन मामलों की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की पीठ ने की। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में कुल 14 नेताओं ने 14 याचिकाएं दाखिल की हैं।

इन याचिकाओं में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने कुछ राज्यों में चल रही SIR प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने की भी मांग की है। SIR से जुड़े विवादित फैसलों पर चुनाव आयुक्तों की ओर से दर्ज फाइलें, बैठक का विवरण, टिप्पणियां और आपत्तियां सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके साथ ही ECINET और ERONET सिस्टम के एक्सेस लॉग भी पेश किए जाने की मांग की है।

महिला पत्रकारों पर जांच के लिए समिति

सुप्रीम कोर्ट ने विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों पर पुलिस के कथित हमले के आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करने के संकेत दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह से दो अलग-अलग सीलबंद लिफाफों में दस्तावेज जमा करने को कहा है। पहले लिफाफे में उन महिला पत्रकारों के नाम देने को कहा गया है जिन पर कथित तौर पर हमला हुआ था। दूसरे लिफाफे में सेवानिवृत्त महिला न्यायाधीशों और पुलिस अधिकारियों के नाम देने को कहा गया है जिन्हें प्रस्तावित जांच समिति में शामिल किया जा सकता है।

सुनवाई के दौरान इंदिरा जयसिंह ने एक महिला पत्रकार को सुरक्षा देने की मांग भी की। बताया गया कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस पत्रकार के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।

वहीं सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि प्रदर्शन स्थल पर यह पहचान करना मुश्किल होता है कि कौन रील बना रहा है और कौन पत्रकार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस बात पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए कि किसी भी महिला के साथ अभद्रता नहीं की जानी चाहिए। इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

किस-किसने दाखिल की है याचिका?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा तृणमूल कांग्रेस की ओर से सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव, शिवसेना (UBT) के संजय राउत, माकपा के एमए बेबी, भाकपा के डी राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माझी, एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर, वीसीके के थोल थिरुमावलवन और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के सज्जाद अहमद किचलू भी याचिकाकर्ताओं में शामिल हैं।

याचिका में SIR की प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड अदालत में पेश करने, चुनाव आयोग के फैसले लेने की प्रक्रिया की न्यायिक जांच कराने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही, चुनाव कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देने की भी अपील की गई है।

SIR के खिलाफ विपक्ष ने निकाला था मार्च

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के कई नेताओं ने 12 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकाला था। विपक्ष ने यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया था।

मार्च निकालने से पहले विपक्षी नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। हालांकि, CJI ने मिलने से इनकार कर दिया। उन्होंने नेताओं को विरोध मार्च निकालने के बजाय कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी शिकायतें अदालत में रखने की सलाह दी थी।