सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि उसने नए मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म 6 में किए गए बदलावों को ना मंजूरी दी है और ना खारिज किया है। कोर्ट ने कहा कि इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है और वह इस मामले की जांच करेगा।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह टिप्पणी चुनाव आयोग (ECI) से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान की। यह याचिका सुप्रीम कोर्ट में प्रिया मिश्रा ने दायर की है। कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी करने पर सहमति जताई और मामले को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर संबंधित याचिकाओं के साथ 27 अक्टूबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।
बिहार SIR के फैसले में नए फॉर्म 6 पर विचार नहीं हुआ था
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश ने पिछले सप्ताह चुनाव आयोग के उस दावे को खारिज किया था जिसमें कहा गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने नए फॉर्म 6 को मंजूरी दी है।
इस पर जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने स्पष्ट किया कि नए फॉर्म 6 पर कोर्ट ने अभी कोई फैसला नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में SIR से जुड़े मई 2026 के फैसले के समय नया फॉर्म 6 अस्तित्व में ही नहीं था। इसलिए उस फैसले को नए फॉर्म की मंजूरी या अस्वीकृति नहीं माना जा सकता।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने वकीलों से कहा कि वे अदालत की टिप्पणियों के शब्दों को चुनकर अलग अर्थ ना निकालें। पीठ ने साफ किया कि नए फॉर्म की वैधता पर आगे विचार किया जाएगा।
नए फॉर्म 6 में क्या बदलाव किया गया?
नए घोषणा पत्र के तहत मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने वाले व्यक्ति को यह बताना होता है कि वह या उसके माता-पिता पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान तैयार मतदाता सूची में दर्ज थे या नहीं। दूसरे राज्यों में SIR के दौरान इस्तेमाल किए गए पुराने फॉर्म 6 में यह जानकारी नहीं मांगी जाती थी।
इस बदलाव को लेकर विवाद तब बढ़ा जब खबरें सामने आईं कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों- सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने इस पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 में केंद्र सरकार की ओर से संशोधन किए बिना वैधानिक फॉर्म में इस तरह बदलाव नहीं किया जा सकता।
इसके बाद 26 सितंबर को चुनाव आयोग ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया था कि सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में बिहार SIR से जुड़े फैसले में नए फॉर्म 6 के घोषणा पत्र को बरकरार रखा था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने अब स्पष्ट किया है कि उस फैसले में नए फॉर्म पर विचार ही नहीं हुआ था क्योंकि इसे फैसले के बाद लागू किया गया था।
चुनाव आयोग के फैसलों पर भी उठाए गए सवाल
प्रिया मिश्रा और मध्य प्रदेश के पूर्व कानून मंत्री पीसी शर्मा की ओर से दायर याचिका में चुनाव आयोग के कामकाज और फैसले लेने की प्रक्रिया को चुनौती दी गई है। संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने करीब 10 महीने की अवधि में लगभग 14 फैसले अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि तीन सदस्यों वाले चुनाव आयोग को सामूहिक विचार-विमर्श और तय प्रक्रिया के तहत फैसले लेने चाहिए। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ फैसले और आधिकारिक निर्देश अन्य चुनाव आयुक्तों की जानकारी या मंजूरी के बिना जारी किए गए।
याचिकाकर्ताओं ने इन फैसलों, आदेशों, अधिसूचनाओं और निर्देशों को रद्द करने की मांग की है। इसके साथ ही चुनाव आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 और संबंधित कानूनों के तहत इन फैसलों पर दोबारा विचार करने का निर्देश देने की मांग भी की गई है।
याचिका में चुनाव आयोग से संबंधित रिकॉर्ड, बैठकों के कार्यवृत्त, एजेंडा, मतदान का विवरण, असहमति संबंधी टिप्पणियां और पत्राचार जैसे दस्तावेज पेश करने की मांग भी की गई है।
याचिकाकर्ताओं ने फॉर्म 6 में किए गए बदलावों की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका तर्क है कि मतदाता पंजीकरण से जुड़े वैधानिक फॉर्म में बदलाव तय कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना नहीं किया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट अब इन मुद्दों पर आगे सुनवाई करेगा।
यह भी पढ़ें: ‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’, CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं को क्यों नहीं दिया मिलने का समय, बताई वजह
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा है कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। विपक्षी नेताओं से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने मिलने में असमर्थता जताई। सीजेआई ने कहा कि उन्होंने विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर मुलाकात नहीं करने की वजह बता दी है।
