दिल्ली हाई कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े बड़े षड्यंत्र के मामले में आरोपी छात्र कार्यकर्ता नताशा नरवाल को पढ़ाई के सिलसिले में ब्रिटेन जाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, कोर्ट ने शर्त रखी है कि वह ब्रिटेन में शरण (Asylum) मांगने के लिए आवेदन नहीं करेंगी।

नताशा 2 नवंबर से 1 दिसंबर तक ब्रिटेन में रह सकेंगी। इसके लिए उन्हें 1 लाख रुपये का निजी मुचलका जमा करना होगा और उनके भाई को जमानतदार बनना होगा। नताशा नरवाल ब्रिटेन के लंदन स्थित स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज (SOAS) में 5 से 8 नवंबर तक अपना रिसर्च पेपर प्रस्तुत करेंगी।

इसके बाद उन्हें पीएचडी की पढ़ाई के सिलसिले में वारविक यूनिवर्सिटी में अपने सुपरवाइजर से मिलना है। साथ ही, उन्हें लाइब्रेरी और पुराने दस्तावेजों से जुड़ी सामग्री भी हासिल करनी है। नताशा ने 2023 में इस यूनिवर्सिटी में पीएचडी के लिए दाखिला लिया था और तब से ऑनलाइन पढ़ाई कर रही हैं।

दिल्ली पुलिस ने क्यों किया यात्रा का विरोध?

दिल्ली पुलिस ने नताशा नरवाल की ब्रिटेन यात्रा का विरोध किया था। पुलिस की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने आशंका जताई कि वह ब्रिटेन पहुंचने के बाद राजनीतिक उत्पीड़न का हवाला देकर शरण मांग सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन के सख्त प्रत्यर्पण कानूनों के कारण अगर नताशा भारत नहीं लौटीं, तो उन्हें वापस लाना मुश्किल हो सकता है।

पुलिस ने यह दलील भी दी कि नताशा अपना रिसर्च पेपर ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकती हैं और पीएचडी से जुड़ी दूसरी जरूरतें भी ऑनलाइन पूरी की जा सकती हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को निचली अदालत ने उन्हें ब्रिटेन जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नताशा ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया।

कोर्ट ने क्या कहा?

मामले की सुनवाई जस्टिस अमित बंसल की अदालत में हुई। कोर्ट ने कहा कि नताशा को यह शर्त रखकर ब्रिटेन जाने की अनुमति दी जा सकती है कि वह वहां शरण के लिए आवेदन नहीं करेंगी। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि मुकदमे की सुनवाई में 20 साल तक लग सकते हैं और नताशा की यात्रा पूरी तरह पढ़ाई से जुड़ी है। अदालत ने वारविक यूनिवर्सिटी को एक प्रतिष्ठित संस्थान बताते हुए उनकी शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखा।

नताशा और उनके भाई को देना होगा लिखित वचन

दिल्ली हाई कोर्ट ने नताशा नरवाल को एक महीने के लिए ब्रिटेन जाने की अनुमति देते हुए कुछ शर्तें रखी हैं। इसके तहत नताशा और उनके भाई को लिखित वचन देना होगा कि वह 2 दिसंबर को भारत लौट आएंगी और ब्रिटेन में शरण के लिए आवेदन नहीं करेंगी। इसके अलावा, वह ब्रिटेन में रहते हुए अपने खिलाफ चल रहे मामले के गुण-दोष पर कोई बयान नहीं देंगी।

कोर्ट ने नताशा को अपना वीजा आवेदन भी जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही, अगर उनके खिलाफ कोई लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है, तो ब्रिटेन में रहने की इस अवधि के दौरान उसे निलंबित रखा जाएगा।

2020 के दिल्ली दंगों के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

नताशा नरवाल को फरवरी 2020 में दिल्ली दंगों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया था। वह बड़े षड्यंत्र के मामले में भी आरोपी हैं। इस मामले में उन्हें गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आरोपों का सामना करना पड़ा। करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद 2021 में उन्हें जमानत मिल गई थी।

दिल्ली पुलिस का आरोप है कि दंगों से पहले दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन स्थलों की व्यवस्था की गई थी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 2020 में दिल्ली यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शनों को बढ़ाने की योजना थी। ये पुलिस के आरोप हैं, जिन पर मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत फैसला होना बाकी है।

यह भी पढ़ें: ‘तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ है?’ अभिजीत दीपके के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, मार्च ना निकालने का नोटिस

दिल्ली पुलिस की टीम शुक्रवार को झंडेवालान में उस घर पर पहुंची जहां CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।