मेघालय पुलिस ने गुरुवार को राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में सोनम रघुवंशी को दी गई जमानत पर रोक लगाने की मांग की है। मेघालय पुलिस ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि उसने मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कर दी थी।
मेघालय सरकार की ओर से अदालत में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की वेकेशन बेंच के सामने इस मामले को रखा। मेहता ने मामले में तत्काल सुनवाई किए जाने की मांग की।
तुषार मेहता ने कहा कि अगर जमानत बरकरार रहती है तो सोनम रघुवंशी के फरार होने की आशंका है। मेहता ने कहा कि हम जमानत के आदेश पर रोक चाहते हैं। बेंच ने इस मामले को शुक्रवार को सुनवाई के लिए लिस्ट किया है।
हाई कोर्ट ने बरकरार रखा था जमानत का आदेश
इससे पहले 29 जून को मेघालय हाई कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को शिलांग की निचली अदालत के द्वारा दी गई जमानत को बरकरार रखा था। सोनम पर यह भी आरोप है कि उसने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची।
राजा रघुवंशी का शव दो जून 2025 को गहरी खाई में मिला था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि शादी के बाद सोनम ने हनीमून पर जाने की बात कही। राजा रघुवंशी ने इससे मना किया लेकिन सोनम ने जिद करके टिकट बुक करा लिए और राजा को मेघालय जाने के लिए मनाया।
यह भी पढ़ें- सोनम की रिहाई पर भड़कीं राजा रघुवंशी की मां
राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत को लेकर परिवार ने सवाल उठाए हैं और इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
