केरल हाई कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में पिनाराई विजयन, उनकी बेटी और दामाद के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया। यह मामला वीणा की आईटी कंपनी को अवैध रूप से पैसे दिए जाने के आरोपों से जुड़ा है।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, केरल हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने शुक्रवार को राज्य विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो को निर्देश दिया है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी. वीणा, दामाद मोहम्मद रियास और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करे।
ED ने की थी FIR दर्ज करने की सिफारिश
पिछले महीने ED ने केरल पुलिस को सिफारिश की थी कि वह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजयन, उनकी बेटी वीणा और दामाद रियास सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करे।
ईडी इस मामले की जांच कर रही है कि जब राज्य में सीपीआई(एम) की सरकार थी, तब कोच्चि की कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड’ ने वीणा की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को अवैध रूप से पैसे दिए थे। रियास केरल सरकार में त्री भी रह चुके हैं। वह सीपीआई(एम) के राज्य सचिवालय के सदस्य हैं।
कांग्रेस सरकार ने दिए थे जांच के आदेश
सीधे एफआईआर दर्ज करने के बजाय, केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य की क्राइम ब्रांच को एक शुरुआती जांच करने का आदेश दिया। सरकार का कहना था कि जांच के बाद ही FIR दर्ज करने पर फैसला लिया जाएगा।
इस फैसले को चुनौती देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन के पूर्व अतिरिक्त निजी सचिव केएम शाजहान ने हाई कोर्ट का रुख किया। इस मामले की कानूनी कार्यवाही में ईडी (ED) भी शामिल हो गई। राज्य सरकार सहित सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, जस्टिस ए. बदरुद्दीन ने याचिका को स्वीकार कर लिया और FIR दर्ज करने का आदेश दिया।
ईडी ने अदालत में कहा कि राज्य की क्राइम ब्रांच इस मामले में प्राथमिक जांच नहीं कर सकती और उसकी सिफारिश के आधार पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। हालांकि राज्य सरकार ने कहा कि यह याचिका सुनवाई के योग्य नहीं है और जांच एजेंसी एफआईआर दर्ज करने से पहले शुरुआती जांच कर सकती है।
ED ने क्या आरोप लगाए थे?
ईडी ने आरोप लगाया है कि CMRL ने वीणा की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को आईटी कंसल्टेंसी फीस के नाम पर 2.78 करोड़ रुपये दिए, जबकि कंपनी ने कोई सर्विस नहीं दी थी। आयकर विभाग ने इन संदिग्ध भुगतानों का खुलासा किया था, जो विजयन के मुख्यमंत्री के रूप में पहले कार्यकाल के दौरान किए गए थे।
मई में ईडी ने कोझिकोड जिले में विजयन के परिसरों और स्थानीय सीपीआई(एम) नेताओं से जुड़े आठ ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन के सबूत मिलने का दावा किया गया था।
यह भी पढ़ें: पति को मिली भारत में एंट्री, पत्नी को भेजा वापस, कोर्ट ने कहा- वीजा होने का मतलब प्रवेश का पूर्ण अधिकार नहीं
