बेंगलुरु की एक कोर्ट ने कांग्रेस की निलंबित महासचिव कृपा अल्वा, पावर टीवी के कैमरामैन केवी प्रशांत कुमार और विनोद कुमार को अग्रिम जमानत दे दी है।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, यह केस पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को निशाना बनाकर कथित तौर पर तैयार किए गए फर्जी स्टिंग वीडियो को ऑनलाइन प्रसारित करने से जुड़ा है। एडिशनल सिटी सिविल और सेशंस जज शंकरप्पा निंबन्ना कलकानी ने 2 नवंबर को यह ऑर्डर पास किया।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला सिद्धारमैया की ओर से 6 अक्टूबर को पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अज्ञात लोगों ने उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण आरोपों वाला एक फर्जी वीडियो प्रसारित किया, जिसका मकसद उन्हें ब्लैकमेल करना और उनकी छवि खराब करना था।

वीडियो 26 सितंबर को ऑनलाइन सामने आया था। इसमें कथित तौर पर पावर टीवी के प्रबंध निदेशक राकेश शेट्टी और कृपा अल्वा के बीच एक महिला के साथ बातचीत दिखाई गई थी। महिला ने दावा किया था कि वर्ष 2011 में सिद्धारमैया ने उसके साथ उत्पीड़न किया था। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने कृपा अल्वा को पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए छह साल के लिए निलंबित कर दिया था।

आरोपियों ने अदालत में क्या दलील दी?

कृपा अल्वा के वकील ने अदालत को बताया कि वह 7, 10 और 18 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने पेश हुई थीं और जांच में सहयोग किया था। उन्होंने यह भी दलील दी कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों के मुताबिक अल्वा ने कोई आपत्तिजनक बयान नहीं दिया था।

बचाव पक्ष ने कहा कि कृपा अल्वा का विवादित यूट्यूब चैनल ‘कर्नाटक हनी ट्रैप’ से कोई संबंध नहीं है। वह न तो इस चैनल की मालिक हैं, न निर्माता और न ही प्रशासक।

पावर टीवी के कैमरामैन केवी प्रशांत कुमार के वकील ने कहा कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और पुलिस पहले ही उनके दो मोबाइल फोन जब्त कर चुकी है। उनका कथित अपराधों में कोई हाथ नहीं है। वहीं, विनोद कुमार के वकील ने बताया कि पुलिस ने सर्च वारंट के आधार पर उनके घर की तलाशी ली थी और उन्होंने भी जांच में पूरा सहयोग किया है।

अदालत ने क्या कहा?

अदालत ने अपने अंतरिम आदेश में कहा कि आरोपियों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता की रक्षा करते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन पर सख्त शर्तें लगाई जा सकती हैं। इसके बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी।

जमानत की शर्त के अनुसार, गिरफ्तारी की स्थिति में प्रत्येक आरोपी को 1 लाख रुपये का व्यक्तिगत मुचलका और इतनी ही राशि का एक जमानतदार पेश करना होगा।

किन धाराओं में दर्ज है मामला?

बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में BNS की निम्नलिखित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। धारा 61 – आपराधिक साजिश, धारा 3(5)- संयुक्त आपराधिक दायित्व, धारा 308(6)- जबरन वसूली, धारा 336(4) और 340(2)-जालसाजी से संबंधित प्रावधान। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C (पहचान की चोरी) भी लगाई गई है।

इससे पहले भी 29 अक्टूबर को जनता दल (सेक्युलर) की सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े तीन लोगों को भी इसी मामले में अंतरिम अग्रिम जमानत मिली थी। पावर टीवी के प्रबंध निदेशक राकेश शेट्टी को भी इससे पहले अंतरिम अग्रिम जमानत दी जा चुकी है।

‘निर्मला सप्रे की विधायकी पर दो महीने में करें फैसला’, सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को दिया निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना सीट से कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के कथित दलबदल मामले में राज्य विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को दो महीने के भीतर फैसला करने का निर्देश दिया है। पढ़ें पूरी खबर।