केरल हाई कोर्ट ने सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में आरोपी बनाए गए एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। जज पर आरोप है कि उनकी मर्सिडीज-बेंज कार से हुए हादसे में 55 वर्षीय स्कूटर सवार की जान चली गई।

हालांकि, जज ने अदालत में दावा किया कि उनका 17 वर्षीय बेटा उनकी जानकारी के बिना घर से कार लेकर निकला था। हाई कोर्ट ने मामले की जांच जारी रखने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना रविवार तड़के कोच्चि में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे द्वारा चलाई जा रही मर्सिडीज-बेंज कार की चपेट में आने से 55 वर्षीय जयबालकृष्णन की मौत हो गई। वह स्कूटर से जा रहे थे।

हादसे के बाद पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 181 व 183 के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, जज को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के तहत आरोपी बनाया गया है। यह प्रावधान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से जुड़े अपराधों और वाहन मालिक की जिम्मेदारी से संबंधित है।

जज ने अदालत में क्या दलील दी?

एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज ने अग्रिम जमानत के लिए केरल हाई कोर्ट का रुख किया था। उनकी ओर से एडवोकेट जॉन सेबेस्टियन राल्फ ने दलील दी कि जज को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा घर से कार लेकर निकल गया है।

याचिका के मुताबिक, जज ने बताया कि वह उस समय सो रहे थे। रात करीब 2:14 बजे उनके बेटे का फोन आया, जिसमें उसने कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी। इसके बाद ही उन्हें पता चला कि उनका बेटा बिना बताए कार लेकर गया था। जज की याचिका में यह भी कहा गया कि वह पहले ही पुलिस के सामने पेश हो चुके हैं और उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है।

हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर क्यों लगाई रोक?

जस्टिस कौसर एडप्पागथ की बेंच ने जज की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस को फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि मामले की जांच जरूरी है और आरोपी को जांच अधिकारी के सामने पेश होना होगा।

हाई कोर्ट ने जज को गुरुवार दोपहर 1 बजे जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया। साथ ही साफ तौर पर कहा कि पूछताछ कानून और सुप्रीम कोर्ट के नियमों के मुताबिक ही होनी चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर को निर्धारित की गई है।

अदालत ने कहा कि सात साल तक की सजा वाले मामलों में सीधे गिरफ्तारी का नियम नहीं, बल्कि विशेष परिस्थिति होना चाहिए। संबंधित प्रावधानों के तहत अधिकतम सजा तीन साल तक है।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन जब्त कर लिया गया है। जज के परिसर की तलाशी भी ली गई और उनके डिजिटल उपकरणों को भी जब्त किया गया है। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि जज डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज कैडर के न्यायिक अधिकारी हैं।

पीड़ित परिवार ने जताई नाराजगी

हाई कोर्ट के आदेश के बाद मृतक जयबालकृष्णन की बेटी भद्रा कीर्ति ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मीडिया से कहा कि उनके परिवार को न्याय नहीं मिला है। उनका आरोप था कि जज गिरफ्तारी से बचने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को अदालत पर पूरा भरोसा है और वे आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार करेंगे। पीड़ित परिवार पहले से ही जज को निलंबित करने की मांग कर रहा है। गौरतलब है कि संबंधित जज मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल की अध्यक्षता करते हैं।

नाबालिग बेटे को मिली जमानत रद्द कराने की कोशिश

पुलिस ने इस मामले में एक और कानूनी कदम उठाया है। उसने जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड की ओर से 17 वर्षीय आरोपी को दी गई जमानत रद्द कराने के लिए एर्नाकुलम जिला अदालत का रुख किया है। हादसे के अगले दिन सोमवार को जज को भी मामले में आरोपी बनाया गया था। इसके बाद मामले को लेकर सार्वजनिक दबाव बढ़ा और गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के हस्तक्षेप की भी खबर सामने आई। फिलहाल, हाई कोर्ट ने जज की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है, लेकिन मामले की जांच जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: ‘नियमों का उल्लंघन मजाक उड़ाने जैसा…’, पटाखों के इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट की दिल्ली सरकार को फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को कड़ी फटकार लगाई है। यह फटकार त्योहारों के दौरान पटाखों के इस्तेमाल को नियंत्रित करने को लेकर अदालत के द्वारा दिए गए निर्देशों को लागू करने में फेल रहने के लिए लगाई गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।