सुप्रीम कोर्ट ने सभी ट्रेन यात्रियों को बीमा सुरक्षा देने का आदेश दिया है। भारतीय रेलवे को निर्देश दिया है कि 27 अक्टूबर से काउंटर पर खरीदे जाने वाले टिकटों पर भी इंश्योरेंस की सुविधा दी जाए। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि इस आदेश को लागू करने में कोई भी चूक होने पर रेलवे बोर्ड को सीधे जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश 6 अक्टूबर को जून 2023 में हुए ओडिशा ट्रेन हादसे से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। याचिका में हादसे की जांच के लिए एक आयोग बनाने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता ने हादसे के लिए रेलवे की ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लागू नहीं होने को जिम्मेदार ठहराया था। याचिका में सभी ट्रेनों में इस प्रणाली को जल्द लागू करने का निर्देश देने की मांग भी की गई थी।
मामले की सुनवाई कर रही जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े दूसरे मुद्दों पर भी ध्यान दिया। इनमें रेलवे के फुट ओवरब्रिज, पटरियों के आसपास बाड़ लगाने और काउंटर से खरीदे जाने वाले टिकटों पर बीमा की सुविधा न होने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
‘जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नहीं’
पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने रेलवे बजट में यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए आवंटन पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने उम्मीद जताई थी कि इस दिशा में और काम किया जाएगा।
11 मई को केंद्र सरकार ने कोर्ट को भरोसा दिया था कि ऑफलाइन यानी काउंटर से खरीदे जाने वाले टिकटों पर भी बीमा देने का फैसला लिया जा चुका है और इसे लागू करने के तरीके तय किए जा रहे हैं।
पीठ ने यह भी कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली का विस्तार करने, फुट ओवरब्रिज बनाने और रेलवे पटरियों के आसपास बाड़ लगाने के काम को प्राथमिकता देने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। कोर्ट के पहले के आदेशों के बाद इन कामों पर कितना ध्यान दिया गया, इसकी जानकारी भी नहीं दी गई।
कोर्ट ने रेलवे को निर्देश दिया कि वह दो महीने के भीतर इन तीनों मुद्दों पर किए गए विशेष प्रयासों की जानकारी दे। साथ ही, इन परियोजनाओं के लिए बजट और वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था का ब्योरा भी पेश करे। कोर्ट ने रेलवे से यह भी कहा कि वह जमीनी स्तर पर हुए वास्तविक काम की जानकारी रिकॉर्ड पर रखे।
6 अक्टूबर को मामले की दोबारा सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने रेल मंत्रालय के अधिकारियों के रवैये पर ‘बेहद निराशा और नाराजगी’ जताई। कोर्ट ने कहा कि यह आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला है।
पीठ ने कहा, ”रेलवे इस कोर्ट के सामने लगातार कहता रहा है कि इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। लेकिन ऐसा लगता है कि ये आश्वासन ज्यादातर कागजों तक ही सीमित रहे हैं और जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। आम लोगों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तय किए गए क्षेत्रों में बजट का पूरा इस्तेमाल भी नहीं किया गया है।”
सख्त रुख अपनाते हुए पीठ ने शुरुआत में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होकर सवालों के जवाब देने का निर्देश दिया। कोर्ट ने चेतावनी दी कि अगर उसे लगा कि रेलवे जमीनी स्तर पर काम किए बिना केवल आश्वासन दे रहा है तो वह इस मामले को गंभीरता से लेगा।
पीठ ने कहा, ”हम इस बात को लेकर खास तौर पर चिंतित हैं कि बजट में प्रावधान किए जाने के बावजूद सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी जरूरतों को भी पर्याप्त रूप से पूरा नहीं किया गया है। बजट में तय की गई राशि का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल नहीं हुआ है।”
केंद्र ने मांगा दो हफ्ते का समय
केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी ने कोर्ट से एक आखिरी मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह हलफनामा दाखिल कर पिछले एक साल में जमीनी स्तर पर किए गए कामों की स्पष्ट जानकारी देंगे। साथ ही, खासकर पटरियों के आसपास बाड़ लगाने के काम में तय लक्ष्य हासिल नहीं कर पाने के कारण भी बताएंगे।
कोर्ट ने उनकी मांग स्वीकार कर ली और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन व सदस्यों को तलब करने के अपने आदेश को फिलहाल रोक दिया।
27 अक्टूबर से काउंटर टिकटों पर भी बीमा अनिवार्य
बीमा के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसने अधिकारियों को उन आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों के लिए बीमा की व्यवस्था तैयार करने का पर्याप्त समय दिया है जो अक्सर रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर से टिकट खरीदते हैं।
पीठ ने कहा कि इस मामले में भी कोई प्रगति नहीं हुई है। इसलिए निर्देश दिया जाता है कि 27 अक्टूबर 2026 से सभी रेलवे स्टेशनों पर काउंटर से बेचे जाने वाले टिकटों पर भी ऑनलाइन खरीदे गए टिकटों की तरह बीमा की सुविधा अनिवार्य रूप से दी जाए।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस आदेश को लागू करना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर रेलवे बोर्ड को सीधे जिम्मेदार ठहराया जाएगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी।
