हैदराबाद की एक उपभोक्ता आयोग ने हेयर और स्किन ट्रीटमेंट के मामले में एक क्लिनिक को सेवा में कमी का दोषी पाया है। आयोग ने क्लिनिक को ग्राहक के 55,999 रुपये लौटाने, मानसिक परेशानी के लिए 1 लाख रुपये मुआवजा देने और मुकदमे के खर्च के तौर पर 10,000 रुपये चुकाने का आदेश दिया है।

उपभोक्ता आयोग ने कहा कि बालों और त्वचा से जुड़े इलाज का असर किसी व्यक्ति के आत्मविश्वास, सामाजिक मेलजोल और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में इलाज के दौरान ग्राहक की हालत बिगड़ने और सेवा में कमी पाए जाने पर क्लिनिक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर क्लिनिक पहुंचा था शख्स

यह मामला सितंबर 2023 का है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने इंस्टाग्राम पर एक हेयर और स्किन केयर क्लिनिक का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में बालों के इलाज और डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा दिलाने से जुड़ी सेवाओं का प्रचार किया गया था। इसके बाद उसने ऑनलाइन पूछताछ फॉर्म भरा, जिसके बाद क्लिनिक की ओर से उसे फोन आया।

क्लिनिक में परामर्श के बाद उसे बालों की ग्रोथ बढ़ाने, डैंड्रफ का इलाज करने, आंखों के नीचे की त्वचा के लिए पील ट्रीटमेंट और हाइड्राफेशियल कराने की सलाह दी गई। इन सभी प्रक्रियाओं के पैकेज के लिए उससे 56,999 रुपये मांगे गए, जिसका उसने भुगतान कर दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने सितंबर 2023 से सितंबर 2024 के बीच तय किए गए सेशन लिए। हर बार क्लिनिक आने-जाने के लिए उसे करीब 32 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती थी। इसके बावजूद उसके बालों और त्वचा की हालत में सुधार होने के बजाय समस्या बढ़ने लगी।

इलाज के बाद बढ़ने लगे बाल, त्वचा में भी हुई परेशानी

शख्स का आरोप था कि इलाज के दौरान उसके बाल ज्यादा झड़ने लगे और त्वचा में तेज जलन होने लगी। चेहरे की हालत भी पहले से खराब हो गई। उसने इन समस्याओं के बारे में डॉक्टर को बताया, जिसके बाद उसे बेहतर नतीजों के लिए हाई-इंटेंसिटी केमिकल पीलिंग के चार अतिरिक्त सेशन कराने की सलाह दी गई।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान उसे असहनीय दर्द हुआ और त्वचा में गंभीर जलन के साथ उसकी हालत और बिगड़ गई। बालों का झड़ना भी बढ़ गया। उसने बताया कि जब वह दोबारा क्लिनिक पहुंचा, तो उससे आगे के इलाज के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे गए।

हालांकि, उसे बेहतर नतीजों का भरोसा नहीं दिया गया। इसके बाद उसने और पैसे देने से इनकार कर दिया। शख्स ने कई बार क्लिनिक जाकर अपनी समस्या का समाधान करने और पैसे वापस मांगने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिकायत का निपटारा नहीं हुआ। आखिरकार उसने उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया।

क्लिनिक ने नहीं दिया जवाब, आयोग ने सुनाया फैसला

मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष एम. राम गोपाल रेड्डी और सदस्यों डी. श्रीदेवी तथा जे. श्यामला की पीठ ने की। आयोग ने 9 अक्टूबर को अपना आदेश सुनाया। आयोग ने पाया कि क्लिनिक की ओर से लिखित जवाब और सबूतों से जुड़ा हलफनामा जमा नहीं किया गया। इसके बाद आयोग ने उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की सुनवाई आगे बढ़ाई।

आयोग ने कहा कि यह मामला केवल ग्राहक की उम्मीद के मुताबिक सुंदरता से जुड़ा नतीजा नहीं मिलने का नहीं है। सबूतों से पता चलता है कि इलाज कराने के बाद शिकायतकर्ता के बालों और चेहरे की हालत बिगड़ी थी। आयोग के मुताबिक, जब कोई क्लिनिक पैसे लेकर बालों या त्वचा का विशेष इलाज करने की जिम्मेदारी लेता है, तो उससे उचित सावधानी, विशेषज्ञता और पेशेवर मानकों के अनुसार सेवा देने की उम्मीद की जाती है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि क्लिनिक केवल यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता कि हर व्यक्ति पर इलाज का असर अलग-अलग होता है। अगर सबूतों से पता चलता है कि इलाज करने के तरीके के कारण ग्राहक की हालत बिगड़ी है, तो इसे सेवा में कमी माना जा सकता है।

क्लिनिक को कुल 1.66 लाख रुपये देने का आदेश

आयोग ने मामले में क्लिनिक को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाया। आदेश के अनुसार, क्लिनिक को तीन तरह से भुगतान करना होगा। इलाज के लिए दी गई रकम वापस करने के लिए 55,999 रुपये, मानसिक परेशानी और असुविधा के मुआवजे के तौर पर 1 लाख रुपये और मुकदमे के खर्च के लिए 10,000 रुपये। यानी क्लिनिक को कुल 1,65,999 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया गया है।

हेयर और स्किन ट्रीटमेंट कराने वालों के लिए क्या है सीख?

यह मामला बताता है कि बालों और त्वचा के इलाज के लिए किसी क्लिनिक को पैसे देने से पहले उसकी सेवाओं, इलाज की प्रक्रिया और उससे जुड़ी शर्तों के बारे में जानकारी लेना जरूरी है। इलाज के दौरान परेशानी होने पर डॉक्टर को इसकी जानकारी दें और भुगतान की रसीद, इलाज से जुड़े दस्तावेज तथा बातचीत का रिकॉर्ड संभालकर रखें।

अगर क्लिनिक आपकी शिकायत का समाधान नहीं करता, तो आप उपभोक्ता शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के नंबर 1915 पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: ‘2000 करोड़ का हुआ नुकसान’ विरोध-प्रदर्शन के चलते कारोबार को भारी नुकसान, व्यापारियों ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को वकीलों और व्यापारियों के संगठनों की याचिकाओं पर जल्द सुनवाई करने की मंजूरी दे दी। इन याचिकाओं में मांग की गई है कि विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगहों पर नियमों और व्यवस्था को लेकर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू किया जाए, ताकि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों और कारोबारियों को होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।