Zubeen Garg Death Case: असम के मशहूर जुबीन गर्ग की कथित हत्या मामले में आरोपी अमृतप्रवा महंता को गुवाहाटी हाई कोर्ट ने मंगलवार को जमानत दे दी है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि जांच और मुकदमे के दौरान जमा किए गए सबूत से आरोपी के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला नहीं बनता।

बार एंड बेंच के मुताबिक, कोर्ट ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी करते हुए कहा कि सबूतों के अभाव के बावजूद अमृतप्रवा महंता को हिरासत में रखना घोर मजाक होगा।

जमानत से इनकार करना न्याय का मजाक- हाईकोर्ट

हाई कोर्ट के जस्टिस प्रांजल दास ने कहा, “A-4 अमृतप्रवा महंता से जुड़े अब तक रिकॉर्ड में मिले सबूतों को देखते हुए उनकी जमानत से इनकार करना न्याय का मजाक होगा, खासकर तब जब करीब एक साल से विचारधीन हिरासत में हैं।”

19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में बोट पर पार्टी के दौरान हुई एक घटना में जुबीन गर्ग की मृत्यु हो गई थी। हत्या के आरोप में शिकायतें मिलने के बाद, असम पुलिस के आपराधिक जांच विभाग ने मामला दर्ज किया और अंतत: 7 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।

अमृतप्रवा महंता पर जुबीन गर्ग की हत्या की साजिश में शामिल होने पर आरोप लगाया गया था, जिसमें उसने जुबीन गर्ग की मेडिकल कंडीशन, (मिर्गी और दौरे आते थे) के बारे में जानते हुए भी उन्हें शराब दी गई थी।

गवाहों ने आरोप की पुष्टि नहीं की

हालांकि कोर्ट ने पाया कि जांच के दौरान 250 गवाहों में से किसी ने यह नहीं कहा कि अमृतप्रवा ने जुबीन को शराब परोसी, पिलाई या जबरन पिलाई। आगे यह भी कहा गया कि मुकदमे के दौरान 124 गवाहों के बयानों से आरोपों की पुष्टि भी नहीं हुई।

कोर्ट को ऐसा कोई भी सबूत नहीं मिला जिससे यह संकेत मिले कि अमृतप्रवा ने जुबीन की सिंगापुर यात्रा का आयोजन किया था, बोट पार्टी की व्यवस्था या उन्हें लाइफ जैकेट के बिना तैरने के लिए उकसाया था। जस्टिस प्रांजल दास ने टिप्पणी की, “जांच और अब तक के मुकदमे की गवाही से पीड़ित की हत्या की साजिश में ए4 के शामिल होने का प्रथम दृष्टया मामला साबित नहीं होता है।”

लोगों की भावना के बजाय सबूतों के आधार पर फैसला दें- जस्टिस प्रांजल

जस्टिस प्रांजल दास की बेंच ने इस बात पर जोर दिया कि अदालतों को लोगों की भावना के बजाय सबूतों के आधार पर फैसला देना चाहिए। जस्टिस दास ने कहा, “अदालत को समाज की न्याय की भावना के प्रति अलर्ट रहना चाहिए, लेकिन वह उसकी गुलाम नहीं हो सकती।”

अमृतप्रवा के करीब एक साल के कारावास, क्रिमिनल बैकग्राउंट न होने और महिलाओं के लिए जमानत से संबंधित वैधानिक प्रावधानों के मद्देनजर कोर्ट ने उन्हें दो जमानतियों के साथ 50 हजार रुपये के बॉन्ड पर जमानत दे दी।

साथ ही मुकदमे में सहयोग करने और गवाहों को प्रभावित न करने और बिना अनुमति के विदेश यात्रा न करने का भी निर्देश दिया गया।

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम ऐड देखकर कराया हेयर और स्किन ट्रीटमेंट, ग्राहक की बिगड़ी हालत, अब क्लिनिक को देने होंगे 1.66 लाख रुपये

हैदराबाद की एक उपभोक्ता आयोग ने हेयर और स्किन ट्रीटमेंट के मामले में एक क्लिनिक को सेवा में कमी का दोषी पाया है। आयोग ने क्लिनिक को ग्राहक के 55,999 रुपये लौटाने, मानसिक परेशानी के लिए 1 लाख रुपये मुआवजा देने और मुकदमे के खर्च के तौर पर 10,000 रुपये चुकाने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें