गुजरात की एक अदालत ने हाल ही में मनुस्मृति और ऋग्वेद समेत हिंदू धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए तीन लोगों को गोहत्या के लिए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने कहा कि यदि गोहत्या करने वालों को कानून के अनुसार सजा नहीं दी गई, तो एक समय ऐसा आ सकता है जब धरती से गायें विलुप्त हो जाएंगी।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, गांधीनगर जिले के कलोल स्थित तृतीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय की न्यायाधीश ब्रिजेशकुमारी रमेश्वरसिंह राजपूत ने 26 अक्टूबर को यह फैसला सुनाया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि जिन आरोपियों ने गोहत्या की, उन्हें कानून के अनुसार सजा देना जरूरी है। अगर ऐसे लोगों को सजा नहीं दी गई, तो समय के साथ धरती से गौमाता का अस्तित्व समाप्त हो सकता है।

अदालत ने संस्कृत श्लोकों का भी किया उल्लेख

फैसले में अदालत ने संस्कृत के कुछ श्लोकों का उल्लेख किया। इनमें गाय को पूरे संसार की माता और सभी को सुख देने वाली बताया गया है।

एक श्लोक का हिंदी अर्थ है इस तरह है- गायें पूरे संसार की माता हैं और सभी को सुख प्रदान करती हैं। गायों की रक्षा करना धार्मिक कर्तव्य है और न्याय सत्य की रक्षा करता है। जहां गायों की हत्या होती है, वहां धर्म की हानि होती है। अपराध साबित होने पर कानून के अनुसार सजा दी जानी चाहिए। जीवों की रक्षा करना पुण्य का काम है और न्याय का पालन करना सबसे बड़ा कर्तव्य है।

अदालत ने एक अन्य संस्कृत श्लोक का भी उल्लेख किया, जिसमें गाय को सभी देवताओं की माता और यज्ञ का आधार बताया गया है। इस श्लोक का अर्थ है कि हे गाय माता, आप सभी देवताओं की माता हैं। आप सभी यज्ञों का आधार हैं और सभी तीर्थों में सबसे पवित्र हैं। मैं आपको हमेशा प्रणाम करता हूं।

पुलिस छापेमारी में 277 किलो गोमांस बरामद होने का आरोप

यह मामला 22 अगस्त 2024 का है। पुलिस ने गुजरात के जामला गांव में एक मकान पर छापा मारा था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर गैरकानूनी तरीके से गायों का वध किया था और गोमांस बेचने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से करीब 277 किलोग्राम गोमांस बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 55,400 रुपये बताई गई थी। इसके अलावा पुलिस ने मौके से चाकू, कुल्हाड़ी, तराजू, रस्सियां और वाहन भी जब्त किए थे। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 3,61,540 रुपये आंकी गई थी।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि आरोपियों ने गोहत्या हत्या करने के बाद उनके मुंह, पेट, पैर और खाल को काटकर अलग कर दिया था। वे गायों से करीब 277 किलो मांस निकालकर उसे बेचने की तैयारी कर रहे थे।

तीन आरोपियों को उम्रकैद और जुर्माना

अदालत ने तीन आरोपियों वसीम, मोहम्मद रफीक और अशफाक उर्फ सलमान को गुजरात पशु संरक्षण अधिनियम के तहत उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके साथ ही तीनों पर 2-2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

अदालत ने अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत भी तीनों को 10-10 साल के कठोर कारावास और 1-1 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। यानी सजाओं की अवधि को जोड़कर अलग-अलग भुगतना नहीं होगा।

दो आरोपियों को किया बरी

इस मामले में अदालत ने दो अन्य आरोपियों गुलाम मोइन मुस्ताक अहमद इस्माइल कुरैशी और विट्ठल उर्फ भूपत सेनमा को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। वहीं, पहले आरोपी लालाभाई मणिलाल सेनमा की सुनवाई के दौरान ही मौत हो चुकी थी। अदालत ने कुछ अन्य अपराधों के लिए अलग से सजा नहीं सुनाई, क्योंकि मुख्य अपराधों के लिए सजा पहले ही तय कर दी गई थी।

कॉकरोच जनता पार्टी से 50 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग, दिल्ली HC बोला- सुप्रीम कोर्ट जाएं

दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को एक वकील से कहा कि वह अपनी उस याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएं, जिसमें कॉकरोच जनता पार्टी को राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के कथित असुविधा और व्यवधान पहुंचाने के लिए अंतरिम मुआवजे के तौर पर 50 करोड़ रुपये जमा करने का निर्देश देने की मांग की गई थी। पढ़ें पूरी खबर।