गुजरात हाईकोर्ट ने कहा है कि पुलिस की हिरासत से गायब हुए सोने की कीमत राज्य सरकार को जौहरी को चुकानी होगी। कारोबारी प्रफुल्ल सोनी को आपराधिक मामले में बरी किए जाने के बाद अदालत ने उनका जब्त सोना लौटाने का आदेश दिया था, लेकिन पुलिस ने सोना गायब होने की बात कही।
गुजरात के कच्छ जिले के गांधीधाम के एक कारोबारी के लिए आपराधिक मामले में बरी होना कानूनी लड़ाई का अंत नहीं बन सका। मामला खत्म होने के बाद अब वह पुलिस की हिरासत से गायब हुए अपने सोने को वापस पाने के लिए अदालत के चक्कर लगा रहे हैं। इस मामले में गुजरात हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जब्त सोना वापस नहीं मिलने पर उसकी कीमत की भरपाई राज्य सरकार को करनी होगी।
हाईकोर्ट की जस्टिस एनएस संजय गौड़ा और जस्टिस जेएल ओडेदरा की खंडपीठ ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान कहा कि पुलिस को शिकायतकर्ता से जब्त किए गए सोने की कीमत की भरपाई करनी होगी। हालांकि, अदालत ने अभी यह तय नहीं किया है कि कारोबारी को कितनी रकम दी जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने जब्त किया था सोना
यह मामला गांधीधाम के कारोबारी प्रफुल्ल सोनी से जुड़ा है। याचिका के मुताबिक, एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसने साल 2012-13 में अपने सोने के आभूषण और करीब 70 हजार रुपये मूल्य की चांदी की वस्तुएं सोनी को सौंपी थीं, लेकिन मांगने पर उन्हें वापस नहीं किया गया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रफुल्ल सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406, 420, 506(2) और 114 समेत अन्य प्रावधान शामिल थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सोनी से कुछ सोने की छड़ें जब्त की थीं।
आमतौर पर जब्त किए गए सामान को अदालत में जमा कराया जाता है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने ट्रायल कोर्ट से सोने की छड़ें पुलिस स्टेशन में रखने की अनुमति मांगी थी।
2025 में बरी हुए कारोबारी, कोर्ट ने सोना लौटाने का दिया आदेश
मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता महिला और कारोबारी के बीच समझौता हो गया। महिला ने सोनी से साढ़े तीन लाख रुपये लेकर विवाद को पूर्ण और अंतिम निपटारे के रूप में स्वीकार कर लिया।
इसके बाद गांधीधाम के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने अगस्त 2025 में प्रफुल्ल सोनी को आपराधिक मामले में बरी कर दिया। अदालत ने निर्देश दिया कि पुलिस द्वारा जब्त किया गया सोना जब्ती रसीद (मुद्दामाल रसीद) के अनुसार उन्हें वापस किया जाए। अगले दिन संबंधित पुलिस निरीक्षक को इस संबंध में सूचना भी भेजी गई।
हालांकि, अदालत के आदेश के बावजूद सोना कारोबारी को नहीं मिला। पुलिस ने बाद में हलफनामा दाखिल कर बताया कि पुलिस स्टेशन में तलाशी के दौरान जब्त किए गए आभूषणों का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने मांगी माफी, कारोबारी ने किया विरोध
सोना वापस नहीं मिलने पर प्रफुल्ल सोनी ने गुजरात हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की। याचिका में गांधीधाम ए-डिवीजन पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
सुनवाई के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी ने बिना शर्त माफी मांगते हुए अवमानना की कार्यवाही समाप्त करने का अनुरोध किया। हालांकि, कारोबारी ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि केवल माफी मांग लेने से अदालत के आदेश का पालन करने की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती।
हाईकोर्ट ने भी इस बात पर ध्यान दिया कि आपराधिक मामला समाप्त होने के बाद सोना लौटाने का स्पष्ट आदेश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस उसे वापस नहीं कर सकी।
सोने की कीमत चुकाने पर क्या बोला हाईकोर्ट?
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सोना आपराधिक कार्यवाही के सिलसिले में पुलिस ने जब्त किया था। जब कारोबारी को मामले में बरी कर दिया गया और अदालत ने सोना लौटाने का निर्देश दिया, तो आदेश का पालन किया जाना चाहिए था।
अदालत ने कहा कि जब्त सोना वापस नहीं किए जाने और उसके गायब होने की बात सामने आने के बाद पुलिस को उसकी कीमत की भरपाई करनी होगी।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने यह भी नोट किया कि प्रफुल्ल सोनी ने एक अतिरिक्त हलफनामा दाखिल किया है, जिसमें सोने की बाजार कीमत और राज्य सरकार से मिलने वाली संभावित राशि का विवरण दिया गया है।
वहीं, सहायक सरकारी वकील ने राज्य सरकार से निर्देश प्राप्त करने के लिए अदालत से समय मांगा। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को तय की गई।
फिलहाल, अदालत ने कारोबारी को मिलने वाली अंतिम प्रतिपूर्ति राशि निर्धारित नहीं की है। यानी सोने की कीमत कितनी होगी और राज्य सरकार को कितनी रकम चुकानी पड़ेगी, इसका फैसला अगली सुनवाई में होना बाकी है।
यह भी पढ़ें: ‘नागरिकता साबित करने के लिए देश में लगातार रहना जरूरी’, पिता की गवाही भी नहीं आई काम, कोर्ट ने खारिज की सिटीजनशिप की याचिका
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने असम के एक व्यक्ति को विदेशी घोषित करने के फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल के आदेश को बरकरार रखा है। अदालत ने कहा कि नागरिकता साबित करने के लिए देश में लगातार निवास का रिकॉर्ड महत्वपूर्ण है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
