मशहूर रम ब्रांड ‘ओल्ड मॉन्क’ की बिक्री पर लगी रोक का मामला बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंच गया है। कंपनी ‘मोहन रॉकी स्प्रिंगवाटर प्राइवेट लिमिटेड’ ने सोमवार को अदालत में दावा किया कि बिक्री पर रोक के कारण महाराष्ट्र सरकार के आबकारी विभाग को करीब 350 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। वहीं, कंपनी को अपने ठाणे जिले की यूनिट से बिक्री प्रभावित होने के कारण 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा है।

यह मामला फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें ओल्ड मॉन्क की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। कंपनी इस आदेश को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दे रही है।

हाई कोर्ट में क्या बोली कंपनी?

मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की खंडपीठ के सामने कंपनी की ओर से सीनियर एडवोकेट वेंकटेश धोंड पेश हुए। उन्होंने अदालत को बताया कि ठाणे जिले की यूनिट से ओल्ड मॉन्क की बिक्री पर रोक लगने के कारण कंपनी को 500 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

कंपनी के वकील ने यह भी कहा कि इस रोक से महाराष्ट्र के आबकारी विभाग को करीब 350 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। उन्होंने दलील दी कि महाराष्ट्र में कंपनी की दूसरी यूनिट से इसी फॉर्मूले वाली रम की बिक्री जारी है, जबकि ठाणे की यूनिट पर रोक लगी हुई है।

FSSAI ने क्यों लगाई Old Monk की बिक्री पर रोक?

विवाद ओल्ड मॉन्क के उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले फ्लेवर और उनकी लेबलिंग को लेकर है। FSSAI का कहना है कि कुछ स्पिरिट में बाहर से रम का फ्लेवर मिलाकर उन्हें सामान्य उत्पाद नामों के तहत बेचा जा रहा है। अथॉरिटी के मुताबिक, कृत्रिम या प्राकृतिक पदार्थों के समान तैयार किए गए रम फ्लेवर को मिलाने से उत्पाद की वास्तविक संरचना को लेकर उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं।

FSSAI का तर्क है कि ऐसे उत्पादों को सही तरीके से लेबल करना जरूरी है। उन्हें केवल ‘रम’ बताने के बजाय ‘फ्लेवर्ड प्रोडक्ट’ या ‘रम फ्लेवर वाली स्पिरिट’ के रूप में दर्शाया जाना चाहिए।

अथॉरिटी ने उत्पादों के लेबल पर लिखे कुछ विवरणों, जैसे ‘7 इयर्स ओल्ड ब्लेंडेड’ और ‘वेरी ओल्ड वेटेड’, पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि ऐसे विवरण उपभोक्ताओं को उत्पाद की उम्र और प्रकृति के बारे में गलत जानकारी दे सकते हैं।

कंपनी ने लेबल बदलने की बात कही, लेकिन नहीं बनी सहमति

कंपनी ने अदालत में दलील दी कि नियमों के तहत स्वीकृत पदार्थ मिलाकर न्यूट्रल स्पिरिट तैयार करने की अनुमति है। उसने यह भी कहा कि दूसरी कंपनियां भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाती हैं, लेकिन उनके उत्पादों पर ऐसी रोक नहीं लगाई गई है।

मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने कहा कि अगर कंपनी लेबल में बदलाव कर उत्पाद को ‘रम’ के बजाय ‘रम जैसा’ बताने पर सहमत होती है तो अधिकारियों की ओर से बिक्री की अनुमति दी जा सकती है।

इससे पहले कंपनी ने विवाद खत्म करने के लिए संशोधित लेबल का मसौदा जमा करने पर सहमति जताई थी। इन लेबल में उत्पाद की उम्र से जुड़े विवादित विवरण हटाने और ‘ऐडेड फ्लेवर’ यानी अतिरिक्त फ्लेवर मिलाए जाने की जानकारी प्रमुखता से देने का प्रस्ताव था। हालांकि, FSSAI ने संशोधित लेबल को मंजूरी नहीं दी। इसके बाद कंपनी ने अदालत से मामले की पूरी सुनवाई करने की मांग की।

23 अक्टूबर को फिर होगी सुनवाई

बॉम्बे हाई कोर्ट इससे पहले बिक्री पर रोक के खिलाफ तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार कर चुका है। अब कंपनी ने इस मामले में अपनी दलीलें रखी हैं और विवाद का फैसला गुण-दोष के आधार पर करने की मांग की है। अदालत में मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को होगी। फिलहाल ओल्ड मॉन्क की बिक्री से जुड़े विवाद में अंतिम फैसला आना बाकी है।

यह भी पढें: ‘क्या आप अदालत को हल्के में ले रहे हैं?’ सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और FSSAI को दिया अल्टीमेटम; जानें पूरा मामला

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैक्ड खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी वाला लेबल लगाने के नियम को लागू करे। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और एफएसएसएआई के रुख पर कड़ी नाराजगी जताई और पूछा कि क्या अधिकारी कॉरपोरेट घरानों के दबाव में थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।