झारखंड हाईकोर्ट ने हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे ग्रामीण को बड़ी राहत देते हुए उसे बरी कर दिया है। अदालत ने सुनवाई के दौरान आरोपी का बयान अंग्रेजी में दर्ज किए जाने पर गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि आरोपी पढ़ा-लिखा नहीं था और इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि उसे उसकी मातृभाषा में सवाल समझाए गए थे। अदालत के मुताबिक, यह चूक निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन है।

हाईकोर्ट ने यह भी पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ हत्या का आरोप संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। मामले में जमीन विवाद का जिक्र करते हुए अदालत ने आशंका जताई कि संभव है कि आरोपी को फंसाने के लिए एक दुर्घटना को हत्या का रूप दे दिया गया हो।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला फरवरी 2009 का है, जब झारखंड के रांची में एक कुएं में डूबने से परमेश्वरी देवी की मौत हो गई थी। आरोप था कि ग्रामीण चमरा उरांव ने उन्हें कुएं में धकेलकर पानी के भीतर दबाए रखा, जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने 25 अप्रैल 2018 को चमरा उरांव को हत्या का दोषी ठहराया था। इसके बाद 27 अप्रैल 2018 को उसे उम्रकैद की सजा और 20,000 रुपये जुर्माने का आदेश दिया गया।

इस फैसले के खिलाफ चमरा उरांव ने झारखंड हाईकोर्ट में अपील की थी। एक अक्टूबर को जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की डिवीजन बेंच ने उसकी अपील स्वीकार करते हुए निचली अदालत के फैसले को रद्द कर दिया।

अंग्रेजी में दर्ज बयान पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल

हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 313 के तहत दर्ज आरोपी के बयान की प्रक्रिया की जांच की। इस प्रावधान के तहत आरोपी को उसके खिलाफ पेश किए गए सबूतों और परिस्थितियों पर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है।

अदालत ने पाया कि चमरा उरांव का पूरा बयान अंग्रेजी में दर्ज किया गया था। उसने बयान पर बाएं अंगूठे का निशान लगाया था, जबकि वह पढ़ा-लिखा नहीं था। रिकॉर्ड में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला कि उससे उसकी मातृभाषा में सवाल पूछे गए हों या सवाल-जवाब का अनुवाद करके उसे समझाया गया हो।

अदालत ने कहा कि जो व्यक्ति अंग्रेजी पढ़ना, लिखना या समझना नहीं जानता, उससे उस भाषा में सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए। यदि भाषा को लेकर संवाद की समस्या हो, तो दुभाषिए की व्यवस्था की जानी चाहिए।

डिवीजन बेंच ने माना कि आरोपी का बयान दर्ज करने में बरती गई इस लापरवाही ने निष्पक्ष सुनवाई की प्रक्रिया को गंभीर रूप से प्रभावित किया। अदालत के अनुसार, बयान दर्ज करने की प्रक्रिया महज फॉर्मेलिटी बनकर रह गई थी।

गवाहों के बयानों में विरोधाभास, मेडिकल रिपोर्ट में भी नहीं मिले चोट के निशान

हाईकोर्ट ने अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए सबूतों का भी मूल्यांकन किया। अभियोजन का आरोप था कि चमरा उरांव परमेश्वरी देवी को पकड़कर कुएं में कूद गया था और उन्हें जबरन पानी के भीतर दबाकर उनकी हत्या कर दी थी।

हालांकि, अदालत को गवाहों के बयानों में विरोधाभास मिले। इनमें मृतका के पति जत्रू उरांव की गवाही भी शामिल थी। अदालत ने यह भी गौर किया कि कुछ गवाहों ने मृतका के शरीर पर चोट लगने की बात कही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई आंतरिक या बाहरी चोट दर्ज नहीं थी।

अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में बुरी तरह विफल रहा। जमीन विवाद को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने यह संभावना भी जताई कि आरोपी को फंसाने के लिए किसी दुर्घटना को हत्या का रंग दिया गया हो सकता है।

लंबे समय बाद दोबारा सुनवाई कराना उचित नहीं

हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी के बयान को गलत तरीके से दर्ज किए जाने से उसे गंभीर नुकसान पहुंचा। मामले में लंबा समय बीत जाने के कारण अदालत ने इसे दोबारा सुनवाई के लिए ट्रायल कोर्ट में भेजना सही नहीं माना।

डिवीजन बेंच ने साफ किया कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत बयान दर्ज करने में हुई गंभीर प्रक्रियात्मक गलती भी आरोपी को बरी करने का आधार बन सकती है।

अदालत ने निचली अदालत के दोषसिद्धि और सजा संबंधी दोनों आदेश रद्द कर दिए और चमरा उरांव को रिहा करने का निर्देश दिया। इस फैसले में हाईकोर्ट ने निष्पक्ष सुनवाई, आरोपी को आरोपों का जवाब देने का वास्तविक अवसर देने और अभियोजन पक्ष द्वारा आरोपों को संदेह से परे साबित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें: ‘बिना बताए कार ले गया था बेटा’, जज के नाबालिग बेटे ने मर्सिडीज से कुचलकर ली शख्स की जान, हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

केरल हाई कोर्ट ने सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में आरोपी बनाए गए एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। जज पर आरोप है कि उनकी मर्सिडीज-बेंज कार से हुए हादसे में 55 वर्षीय स्कूटर सवार की जान चली गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।