सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में स्थानीय निकायों के लिए 50 वार्ड में हुए चुनाव रद्द कर दिए हैं। अदालत की ओर से नियुक्त जांच आयोग ने पाया कि नामांकन के दौरान बड़े पैमाने पर रुकावटें डाली गईं। कई उम्मीदवारों के नामांकन पत्र छीन लिए गए, फाड़ दिए गए या नष्ट कर दिए गए। कुछ उम्मीदवारों के साथ मारपीट की गई, उन्हें हिरासत में लिया गया या धमकाया गया।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने इन 50 वार्ड में नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है। इनमें पटियाला जिले के 28 और मोगा के 22 वार्ड शामिल हैं।
‘चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हुईं’
पीठ ने कहा कि आयोग ने अपनी जांच में पाया कि इन 50 वार्ड के चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हुईं और इसलिए इनके चुनाव रद्द किए जाने चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने आयोग की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए संबंधित 50 वार्ड में दोबारा चुनाव कराने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि दोबारा चुनाव की पूरी प्रक्रिया छह सप्ताह के भीतर पूरी की जाए।
28 सितंबर को दिए गए इस आदेश को बुधवार को सार्वजनिक किया गया। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि राज्य सरकार को आयोग की सिफारिशों को स्वीकार करने पर कोई आपत्ति नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि दोबारा होने वाले चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाने चाहिए। इसके लिए अदालत ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को एक सप्ताह के भीतर निगरानी समिति बनाने का निर्देश दिया है। इस समिति में हाई कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को शामिल किया जाएगा। समिति दोबारा चुनाव की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी।
यह भी पढ़ें: ‘सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही से मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाना मुश्किल हो जाएगा’, SIR पर क्या बोले CM उमर अब्दुल्ला?
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही के कारण विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से आगे नाम हटाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण की कवायद के जरिए चुनावों में छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है। उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट मतदाता सूची से नाम हटाना मुश्किल बनाएगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
