दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही को 200 करोड़ रुपये की रंगदारी से जुड़े मामले में नए सिरे से समन जारी किया है। कोर्ट ने उन्हें 6 नवंबर को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया है। यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है।
सोमवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि नोरा फतेही को समन भेजा गया था लेकिन उनके पेश होने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। इस बीच अभिनेत्री के वकील ने उनकी व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग करते हुए आवेदन दाखिल किया।
इस पर अदालत ने वकील को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि नोरा इस मामले में गवाह हैं और उन्हें अदालत में मौजूद रहना चाहिए था। अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा, ”उनका व्यवहार ठीक नहीं है। अदालत को हल्के में न लें।” इसके बाद कोर्ट ने उन्हें दोबारा समन जारी कर 6 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया।
क्या है 200 करोड़ रुपये की रंगदारी का मामला?
यह मामला सुकेश चंद्रशेखर पर दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान धोखाधड़ी और रंगदारी वसूलने के आरोपों से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर 2020-21 के दौरान अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये वसूले थे। अदिति सिंह, पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी हैं।
आरोप है कि सुकेश ने उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए थे। इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने की है। पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत चार्जशीट भी दाखिल की है।
मामले में गवाह हैं नोरा फतेही
जांच के दौरान नोरा फतेही से सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल के साथ कथित संबंधों को लेकर पूछताछ की गई थी। अभिनेत्री ने जांचकर्ताओं को बताया था कि सुकेश से उनकी बातचीत उसकी पत्नी के माध्यम से हुई थी।
दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर भी उनसे सवाल किए गए थे। उनका बयान आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया था। बाद में उन्हें मामले की पूरक चार्जशीट में अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया गया।
अब अदालत में उनके बयान दर्ज होने के लिए 6 नवंबर की तारीख तय की गई है।
