सेलिब्रिटी मैनेजर रहीं दिशा सालियान की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को FIR दर्ज करने और मामले की गहन जांच करने का आदेश दिया है।
दिशा सालियान 8 जून 2020 को मृत पाई गई थीं। इसके कुछ ही दिनों बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे।
दिशा के पिता और याचिकाकर्ता सतीश सालियान की ओर से पेश वकील निलेश ओझा ने भरोसा जताया कि इस मामले में न्याय मिलेगा।
अदालत ने क्या कहा?
जस्टिस सारंग कोटवाल और रणजीत राजा भोंसले की बेंच ने कहा कि CBI को FIR दर्ज करनी होगी और मृतका के पिता सतीश सालियान का बयान भी दर्ज करना होगा। हालांकि, जांच के दौरान किसी व्यक्ति के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने तक उसे आरोपी नहीं माना जाएगा।
अदालत ने मुंबई पुलिस को मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड तुरंत CBI को सौंपने का आदेश दिया। बेंंच ने कहा, ”अगर जांच में यह सामने आता है कि कोई मामला नहीं बनता है तो CBI संबंधित अदालत के सामने उचित समरी रिपोर्ट दाखिल करेगी।”
अदालत ने कहा कि सतीश सालियान को सीबीआई की रिपोर्ट को चुनौती देने की पूरी स्वतंत्रता होगी।
6 साल पहले हुई थी दिशा की मौत
आपको याद दिला दें कि दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी।
जांच के बाद पुलिस ने दावा किया था कि दिशा सालियान की मौत आत्महत्या का मामला है। हालांकि उनके पिता ने पिछले साल हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप किया गया और इसके बाद हत्या की गई थी।
सतीश सालियान के वकील निलेश ओझा ने मामले में पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए थे। सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की CBI जांच कराने और शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी।
अपनी याचिका में उन्होंने दावा किया कि जून 2020 में उनकी बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिशा के साथ दुष्कर्म और हत्या की गई और बाद में कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए राजनीतिक स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की गई।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने किया दिशा सालियान के पिता को सपोर्ट
बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून, 2020 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था, लेकिन उनके फैंस उन्हें आज भी बहुत याद करते हैं। एक्टर की डेथ से लगभग एक हफ्ते पहले उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की भी डेथ हुई थी। अब वह हत्या थी या आत्महत्या यह तो अभी तक साफ नहीं हो पाया है, लेकिन अब दिशा के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की है।
