दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित भड़काऊ भाषणों के मामले में नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया है। इन दंगों में करीब 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस विवेक चौधरी और जस्टिस मनोज जैन की खंडपीठ ने उन याचिकाओं के एक समूह को खारिज कर दिया, जिनमें नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के खिलाफ 2019 में जामिया मिलिया इस्लामिया में हुए कथित पुलिस अत्याचारों की विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा जांच की मांग की गई थी।

यह आदेश उन याचिकाओं के एक समूह पर पारित किया गया था जिनमें सीएए और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिए गए भाषणों के लिए राजनेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। कहा गया था कि इनके कथित भाषणों की वजह से उत्तर पूर्वी दिल्ली में दंगे भड़के और अंततः 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।

शेख मुजतबा फारूक द्वारा दायर याचिकाओं में से एक में अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा जैसे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी।

लॉयर्स वॉइस द्वारा दायर एक अन्य याचिका में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनीष सिसोदिया, असदुद्दीन ओवैसी सहित कई विपक्षी नेताओं और साथ ही एक सेवानिवृत्त हाई कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की गई थी।

इसके अलावा, बृंदा करात और जमीयत उलेमा-ए-हिंद समेत अन्य याचिकाकर्ताओं ने दिल्ली दंगों में पुलिस की भूमिका की जांच के लिए कोर्ट की निगरानी में SIT जांच की मांग की थी।

एक अन्य याचिका में CAA विरोधी प्रदर्शनों को लेकर NIA जांच की मांग की गई थी। इसमें कथित अंतरराष्ट्रीय साजिश और विदेशी फंडिंग के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा हाईकोर्ट ने 2019 में जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पुलिस कार्रवाई को लेकर SIT जांच की मांग करने वाली याचिकाओं को भी खारिज कर दिया।

केंद्रीय सचिवालय लाइब्रेरी (CSL) मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, 3 हफ्ते में मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने देश की 135 साल पुरानी लाइब्रेरी को सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत जगह नहीं मिलने के मामले में केंद्र सरकार को नोटिस भेजा है और 3 हफ्ते के भीतर उस नोटिस का जवाब देने को कहा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह कार्रवाई की है। इस मामले में अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी। देश की सर्वोच्च अदालत ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था जिस पर सोमवार को सुनवाई हुई और कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर।