दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी विदेशी नागरिक के पास वैध वीजा होने मात्र से उसे भारत में प्रवेश का पूर्ण और बिना शर्त अधिकार नहीं मिल जाता। कोर्ट ने कहा कि किसी विदेशी नागरिक को भारत में प्रवेश देने का फैसला राज्य के संप्रभु अधिकार के तहत आता है।

जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने एक महिला की याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। महिला ने कोर्ट से यह बताने की मांग की थी कि वैध बिजनेस वीजा होने के बावजूद उसे भारत में प्रवेश से क्यों रोका गया।

एयरपोर्ट पर रोका गया, उसी दिन वापस भेजा

याचिकाकर्ता 25 मार्च 2026 को अपने पति के साथ एक ही फ्लाइट से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची थी। उसके पति के पास भी इसी कैटेगरी का वीजा था और उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति दे दी गई। हालांकि, महिला को इमिग्रेशन अधिकारियों ने रोक दिया और उसी दिन तुर्कमेनिस्तान वापस भेज दिया।

महिला का आरोप था कि अधिकारियों ने उसे भारत में प्रवेश से रोकने की कोई वजह नहीं बताई। उसने यह भी सवाल उठाया कि जब उसके पति को उसी तरह के वीजा पर भारत में प्रवेश दिया गया तो उसके साथ अलग व्यवहार क्यों किया गया। महिला ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन बताया।

राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था का दिया हवाला

केंद्र और संबंधित अधिकारियों ने हाई कोर्ट में महिला की याचिका का विरोध किया। अधिकारियों ने कहा कि वैध वीजा होने का मतलब भारत में प्रवेश का पूर्ण अधिकार नहीं है। महिला के खिलाफ कुछ प्रतिकूल इनपुट मिले थे और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सार्वजनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उसे भारत में प्रवेश नहीं देने का फैसला लिया गया।

कोर्ट को बताया गया कि महिला ने साल 2025 में 47 बार भारत की यात्रा की थी। इनमें से ज्यादातर यात्राएं एक से तीन दिन की थीं। उसने बिजनेस और मेडिकल, दोनों तरह के वीजा पर भारत की यात्रा की थी।

महिला के जवाब से संतुष्ट नहीं थे अधिकारी

अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट पर महिला से उसकी भारत यात्रा के उद्देश्य, गतिविधियों और कारोबारी संबंधों को लेकर सवाल किए गए थे। अधिकारियों को उसके जवाब संतोषजनक नहीं लगे। इसके बाद उसे भारत में प्रवेश नहीं देने का फैसला लिया गया।

कोर्ट ने मामले से जुड़ी सामग्री को सीलबंद लिफाफे में भी देखा। अदालत ने महिला के माता-पिता और पति से जुड़ी जानकारी में कुछ विसंगतियां पाईं। कोर्ट ने यह भी नोट किया कि उसके पास बिजनेस कार्ड या भारत आने का निमंत्रण पत्र नहीं था। वह अपने देश में किए जाने वाले कारोबार की भी पर्याप्त जानकारी नहीं दे सकी।

बिजनेस वीजा, लेकिन खुद को बताया ‘हाउसवाइफ’

अदालत ने यह भी गौर किया कि महिला ने बिजनेस वीजा लिया था, लेकिन खुद को ‘हाउसवाइफ’ बताया था। इसके अलावा, उसके द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर भी वैध नहीं पाया गया।

विदेशी नागरिक का प्रवेश संप्रभु अधिकार का मामला

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि किसी विदेशी नागरिक का भारत में प्रवेश राज्य के खिलाफ लागू किए जा सकने वाले अधिकार का विषय नहीं है। यह संप्रभु अधिकार के तहत लिया जाने वाला फैसला है।

कोर्ट ने कहा कि न्यायिक समीक्षा के दौरान अदालत सक्षम प्राधिकारी के फैसले की जगह अपना आकलन नहीं रख सकती। खासतौर पर तब, जब विदेशी नागरिक को प्रवेश देने या रोकने का फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े गोपनीय इनपुट के आधार पर लिया गया हो।

अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी विदेशी नागरिक को भारत में प्रवेश का कोई स्वाभाविक या कानूनी रूप से लागू किया जा सकने वाला अधिकार नहीं है। ऐसे में महिला की याचिका को खारिज कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली कोर्ट से मिली जमानत, कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक से मारपीट से जुड़ा है केस

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दलित छात्र-कार्यकर्ता के पिता के साथ हुई कथित मारपीट और विवाद के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।