दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता साहिब सिंह की याचिका पर दिल्ली पुलिस और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया। साहिब सिंह का आरोप है कि पिछले महीने सड़क निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने उन्हें थप्पड़ मारा था।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, साहिब सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पुलिस सुरक्षा और घटना की स्वतंत्र जांच की मांग की है। मामले की सुनवाई जस्टिस सचिन दत्ता ने की। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई नवंबर में होगी।

वहीं, प्रतिवादियों की ओर से पेश वकील ने याचिका की पोषणीयता (Maintainability) पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह याचिका सुनवाई योग्य नहीं है।

साहिब सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर मंत्री प्रवेश वर्मा पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। सिंह का आरोप है कि 27 सितंबर को पश्चिमी दिल्ली में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने उन्हें थप्पड़ मारा और उनके साथ मारपीट की।

सिंह ने खुद और अपने परिवार के लिए तत्काल सुरक्षा की भी मांग की है। उनका कहना है कि घटना के बाद उन्हें धमकियां और डराने वाले संदेश मिल रहे हैं। याचिका में उन्होंने हाईकोर्ट से एक स्वतंत्र और न्यायिक निगरानी वाली जांच समिति गठित करने का अनुरोध किया है। समिति की अध्यक्षता किसी पूर्व हाईकोर्ट जज से कराने की मांग की गई है। समिति CCTV फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सबूत और पुलिस रिकॉर्ड की जांच करे, यह भी मांग की गई है।

सिंह के मुताबिक, वह विधायक जरनैल सिंह के साथ आउटर रिंग रोड पर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। वहां घटिया सामग्री और निर्माण कार्य में कमियों की शिकायतों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान प्रवेश वर्मा और अन्य लोगों ने कथित तौर पर उनका सामना किया।

सिंह का आरोप है कि उन्हें थप्पड़ मारा गया, गाली दी गई और उनके साथ मारपीट की गई। उनका मोबाइल फोन, जिसमें घटना की रिकॉर्डिंग थी, कथित तौर पर जबरन छीन लिया गया और क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके निजी अंगों पर चोट मारी। सिंह ने विकासपुरी थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) के तहत नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की गई। हालांकि, सिंह का आरोप है कि दर्ज NCR में उनकी ओर से लगाए गए सभी आरोपों को शामिल नहीं किया गया है।

पंजाब में 50 वार्ड के चुनाव रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने छह हफ्ते में दोबारा मतदान का दिया आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में स्थानीय निकायों के लिए 50 वार्ड में हुए चुनाव रद्द कर दिए हैं। अदालत की ओर से नियुक्त जांच आयोग ने पाया कि नामांकन के दौरान बड़े पैमाने पर रुकावटें डाली गईं। कई उम्मीदवारों के नामांकन पत्र छीन लिए गए, फाड़ दिए गए या नष्ट कर दिए गए। कुछ उम्मीदवारों के साथ मारपीट की गई, उन्हें हिरासत में लिया गया या धमकाया गया। पढ़ें पूरी खबर।