Delhi High Court News: दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस अधिकारी मनस्वी वशिष्ठ की ओर से वकीलों को कथित तौर पर दी गई धमकियों पर स्वतः संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। एक वीडियो में वशिष्ठ को वकीलों के खिलाफ टिप्पणी करते हुए देखा गया।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच ने वकीलों से एक औपचारिक याचिका दायर करने को कहा और भरोसा दिलाया कि इस मामले पर गौर किया जाएगा। वकीलों ने कोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ एके-47 के इस्तेमाल और काले कोट वाले गुंडे जैसी टिप्पणियां की गईं।

वकीलों ने आज बेंच से कहा, “आप (कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश) हमारे चीफ हैं। अगर आप स्वतः संज्ञान लेते हैं, तो हमें तसल्ली मिलेगी।” हालांकि, कोर्ट ने वकीलों से कहा, “आप एक औपचारिक याचिका दायर करें। हम इस पर गौर करेंगे। हम इसे सूचीबद्ध करने का आदेश देंगे। इसकी एक प्रति स्टैंडिंग काउंसिल संजय लाओ को दे दें। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम इस पर गौर करेंगे। आप अपना पक्ष रखें, लेकिन साथ ही एक औपचारिक याचिका भी दायर करें।”

विवाद के पीछे क्या थी वजह?

गांधी नगर सब-डिवीजन में तैनात एसीपी वशिष्ठ और शाहदरा पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया था। यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक घटना के बाद की गई, जिसमें एक वकील के सिर पर हाथापाई के दौरान गंभीर चोट लग गई थी।

इस घटना के बाद जिला अदालत के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तबादले के आदेश जारी होने के बाद, 28 अक्टूबर को वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली। 2 नवंबर को तब एक और विवाद खड़ा हो गया, जब एसीपी वशिष्ठ और दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने तबादलों के विरोध में पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अब गृह मंत्रालय ने वशिष्ठ को निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़ें: ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर किया था प्रदर्शन

पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में वकीलों के साथ हुई झड़प के बाद दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को एसीपी वशिष्ठ ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का साथ दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…